कांड्रा : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत डुरांग गांव में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 27 वर्षीय प्रकाश महतो के रूप में हुई है। वह देहरादून में पढ़ाई कर रहा था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था।

परिजनों के अनुसार, प्रकाश शाम को घर आया और अपनी मां के साथ चाय पीने के बाद अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसने फांसी लगा ली। जब उसकी मां ने उसे कमरे में देखा तो घबरा गई और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता आरएमपी डॉक्टर गंगाधर महतो ने बताया कि उन्हें अभी तक आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ मृतक के मोबाइल फोन व अन्य सामानों की जांच की जा रही है।

इस घटना से परिवार में गहरा शोक है और गांव में मातम का माहौल है। परिजनों और दोस्तों का कहना है कि प्रकाश मिलनसार और खुशमिजाज स्वभाव का था, इसलिए उसकी मौत से सभी हैरान हैं।

