चाईबासा : सदर प्रखंड के मतकमहातु गांव में बुधवार को एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मतकमहातु एवं कमारहातु के मुंडा धनुर्जय देवगम और बिरसा देवगम ने की। बैठक में आगामी 27 फरवरी को मनाए जाने वाले मागे पर्व से पूर्व देशाउली एवं दिउरी पूजा स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए देशाउली फाउंडेशन के संस्थापक साधु हो बानरा ने कहा कि हो समुदाय के आस्था केंद्र देशाउली-जयरा सहित अन्य पवित्र स्थलों की स्वच्छता केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इन्हें नियमित रूप से साफ-सुथरा रखना आवश्यक है। उन्होंने पवित्र स्थलों की देखरेख, संरक्षण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर सतत प्रयास करने पर बल दिया।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि प्लास्टिक पैकेट, पानी की बोतल एवं कांच की बोतल जैसे कचरे का सही तरीके से निपटान करें और गांव को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक के बाद उपस्थित लोगों ने देशाउली स्थल का निरीक्षण किया तथा उसी दिन उक्त स्थल को गूगल मैप पर पंजीकृत भी किया गया।

बैठक में ग्रामीण मुंडा धनुर्जय देवगम, दिउरी चंद्र मोहन देवगम, कमारहातु के मुंडा बिरसा देवगम, देशाउली फाउंडेशन के कृष्णा देवगम, रामदेव बोईपाई, बोयो गागराई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं बुद्धिजीवी उपस्थित थे।

