राजखरसावां : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत रेलवे परामर्शदात्री समिति ने राजखरसावां रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और लोकल व मेमू ट्रेनों के नियमित संचालन को लेकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), चक्रधरपुर के समक्ष मांगें रखीं। समिति सदस्य छोटराय किस्कू ने इस संबंध में डीआरएम को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि कोरोना काल के बाद से राजखरसावां स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद है, जिससे राजखरसावां, सीनी, महलीमुरूप और बड़ाबाम्बो सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। समिति ने शालीमार–कुर्ला मुंबई एक्सप्रेस, यशवंत वीकली एक्सप्रेस और आनंद बिहार–पुरी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के ठहराव को पुनः शुरू करने की मांग की है। साथ ही पुरी–बरबिल एक्सप्रेस के विस्तार को चक्रधरपुर तक करने का अनुरोध किया गया है।

इसके अलावा लोकल और मेमू ट्रेनों के समयबद्ध एवं नियमित संचालन पर जोर देते हुए सीकेपी–टाटा मेमू, एनएससीबी–गोमो–सीकेपी, टाटा–बड़बिल, टाटा–बिलासपुर और टाटा–राउरकेला मेमू ट्रेनों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलाने की मांग रखी गई। टाटा–विशाखापट्टनम सुपरफास्ट एक्सप्रेस को नियमित करने और चक्रधरपुर–रांची मेमू ट्रेन शुरू करने की भी मांग शामिल है।

ज्ञापन में यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए राजखरसावां स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 तथा बड़ाबाम्बो स्टेशन पर शौचालय की समुचित व्यवस्था, महलीमुरूप स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज व अंडरब्रिज निर्माण और सरायकेला जिला मुख्यालय को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की मांग भी की गई है।
रेलवे परामर्शदात्री समिति ने उम्मीद जताई है कि मंडल रेल प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

