भरडीहा में खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास रहे मुख्य अतिथि

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला के गोइलकेरा प्रखंड के भरडीहा गांव में प्रगति स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास थे। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
इस दौरान रघुवर दास ने कहा कि गांव-घर में खेलकूद आयोजनों से समाज मजबूत होता है और बच्चों व युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने भरडीहा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में भी भाग लिया और राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना में लाभुक महिलाओं की संख्या में कटौती का जिक्र किया और कहा कि सरकार की नीतियों का असर आगामी चुनावों में देखने को मिलेगा।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी की समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि सरकारी डॉक्टर नियमित रूप से नहीं आते और गंभीर स्थिति में उन्हें करीब 20 किलोमीटर दूर गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष किशोर डागा, जिला मंत्री सुशीला टोप्पो, आजसू केंद्रीय सदस्य बिरसा मुंडा, जिला परिषद सदस्य शिव रतन नायक, केदार नायक सहित कई समिति सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे।

By maskal.news

You May Also Like