सरायकेला-खरसावां में गणतंत्र दिवस पर विधिक जागरूकता एवं जेल अदालत का आयोजन

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सिविल कोर्ट परिसर तथा मंडलीय कारागार में ध्वजारोहण, जेल अदालत, चिकित्सा जांच एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सिविल कोर्ट परिसर, सरायकेला-खरसावां में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) श्री रामाशंकर सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस दौरान अन्य न्यायिक पदाधिकारी एवं जिला बार एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
इसके पश्चात झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, श्री रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन तथा श्रीमती अनामिका किस्कू, सचिव डीएलएसए (प्रभारी) के पर्यवेक्षण में मंडलीय कारागार, सरायकेला में जेल अदालत-सह-चिकित्सा जांच एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
जेल अदालत में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्रीमती लूसी सोसेन टिग्गा, एसडीजेएम श्री आशीष अग्रवाल, सचिव डीएलएसए, सहायक लोक अभियोजक तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिवक्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसडीजेएम श्री आशीष अग्रवाल ने बंदियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के महत्व एवं नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने बंदियों से संवाद कर उनकी विधिक सहायता से संबंधित जानकारी ली। कार्यक्रम की मेजबानी जेल अधीक्षक द्वारा की गई। इस दौरान जेल में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं एवं स्वच्छता कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बंदियों को सम्मानित किया गया।
जेल अदालत में कुल छह मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से चार बंदियों को रिहा किया गया। इसके बाद न्यायिक पदाधिकारियों ने महिला वार्ड का निरीक्षण किया तथा महिला बंदियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों की सराहना की।
सचिव डीएलएसए श्रीमती अनामिका किस्कू ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही नालसा एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025 के तहत प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
यह आयोजन संविधान के मूल्यों, न्याय एवं सामाजिक सुधार के प्रति न्यायपालिका की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

By maskal.news

You May Also Like