कोल्हान ब्ह रुमुल एवं सांस्कृतिक यात्रा को लेकर आयोजन समिति की बैठक, 15 मार्च को होगा आयोजन

चाईबासा : कोल्हान ब्ह रुमुल आयोजन समिति द्वारा आज 25 जनवरी 2026 को चाईबासा के प्रकृति व्याख्या केंद्र के सामने स्थित खुंटकट्टी मैदान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कोल्हान ब्ह रुमुल एवं सांस्कृतिक यात्रा के सफल आयोजन को लेकर समिति का पुनर्गठन किया गया तथा कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में कोल्हान क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों एवं हो समुदाय के लोगों से एकजुट होकर आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से समिति के पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें संजय सारील देवगम को अध्यक्ष, क्रांति तिरिया को उपाध्यक्ष, रेयांस सामड को सचिव सह मीडिया प्रभारी, साधु हो को कार्यक्रम प्रबंधक सह मीडिया प्रभारी, सत्यजीत सुंडी को कोषाध्यक्ष, विकास उगुरसंडी एवं बुरु हो को सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर, बबलू बानरा को संरक्षक तथा प्रकाश पूरती, सन्नी, संदीप देवगम एवं मधुसूदन बानरा को सलाहकार समिति में शामिल किया गया।
समिति ने निर्णय लिया कि इस वर्ष कोल्हान ब्ह रुमुल एवं सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन 15 मार्च 2026 को किया जाएगा। यह आयोजन आदिवासी हो समाज के प्रमुख एवं पवित्र पर्व ब्ह पर्व के साथ मनाया जाएगा, जो प्रकृति पूजा, फूलों की अर्पणा, सामूहिक नृत्य एवं लोक संस्कृति का प्रतीक है। आयोजन को इस वर्ष और अधिक गरिमामय, परंपरागत एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने का निर्णय लिया गया है।
कोल्हान ब्ह रुमुल एक सामूहिक उत्सव है, जो कोल्हान क्षेत्र के हो आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत, लोकनृत्य, संगीत और सामाजिक एकता को दर्शाता है। आयोजन समिति ने सभी कोल्हानवासियों, हो समाज के लोगों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस सांस्कृतिक यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और आयोजन को सफल बनाएं।

By maskal.news

You May Also Like