पश्चिम सिंहभूम : मझगांव प्रखंड के बेनीसागर, घोड़ाबंदा, नयागांव, मझगांव पंचायत सहित अन्य हाथी प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों के बीच पटाखा, टॉर्च, चावल, तिरपाल सहित आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया गया।
बताया गया कि बीते 15–20 दिनों से क्षेत्र में हाथियों का आतंक बढ़ा है, जिससे जन-धन की हानि हुई है। हाथी हमले में जान गंवाने वाले परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों को प्रभावित गांवों के आसपास टीम तैनात कर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
प्रशासन ने कहा है कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समस्या के समाधान के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

