चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस नेता अनुप्रिया सोय ने पेश की दावेदारी

चक्रधरपुर : नगर परिषद चक्रधरपुर के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में पूर्व सांसद दिवंगत विजय सिंह सोय की सुपुत्री एवं कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि अनुप्रिया सोय ने अपनी दावेदारी पेश की है।
गुरुवार को उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नाम संबोधित आवेदन प्रपत्र कांग्रेस भवन, चाईबासा में कार्यालय सचिव सुशील दास को सौंपा।
अपने आवेदन में अनुप्रिया सोय ने उल्लेख किया कि वे लंबे समय से कांग्रेस संगठन के विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी के हित में कार्य करती रही हैं। वर्तमान में वे कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़ी हुई हैं और नगर परिषद चक्रधरपुर क्षेत्र के लोगों से लगातार संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर शहर के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से वे चुनावी मैदान में उतर रही हैं। जल, सड़क, नाली, बिजली, सफाई, रोजगार, जरूरतमंदों के अधिकार, स्थानीय मुद्दे एवं महिलाओं के अधिकार उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला सचिव जगदीश सुंडी, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शिवकर बोयपाई, वरीय कांग्रेसी जुम्बल सुंडी, जितेंद्र सिंह, प्रताप पुरती, गणेश किस्कु सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

By maskal.news

You May Also Like