मनोहरपुर : सारंडा अंतर्गत जराइकेला थाना क्षेत्र के छोटा सागजोड़ी नाला में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय जॉनसन कंडुलना के रूप में हुई है, जो ओडिशा के लाठीकठा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीबेरा गांव का निवासी है।
बुधवार को जराइकेला थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी जयदीप लकड़ा ने बताया कि 15 जनवरी को छोटा सागजोड़ी नाला के पास एक 50 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल से मिले खैनी के डब्बे और रोजरी माला के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी जयदीप लकड़ा ने थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका उसकी रिश्तेदार थी। 15 जनवरी को दोनों ने साथ में शराब पी थी। इसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म की नीयत से महिला को नाला के पास झाड़ियों में ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान हुए संघर्ष में महिला के सिर में चोट लगी। विरोध करने पर आरोपी ने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नाला के समीप छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। छापेमारी दल में एसआई भीमाराम बानसिंह, एसआई अरुण कुमार सिंह, एएसआई रघुनाथ बानरा तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

