चाईबासा : चाईबासा बस स्टैंड को आधुनिक बस स्टैंड के रूप में विकसित करने की मांग को लेकर आरटीआई एक्टिविस्ट सिरमा देवगम ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त (डीसी) को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बताया है कि चाईबासा बस स्टैंड से चाईबासा नगर परिषद को हर वर्ष लगभग 40 करोड़ रुपये की आय होती है, इसके बावजूद यात्रियों और आम लोगों की सुविधाओं के लिए नगर परिषद द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
श्री देवगम ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने इससे पूर्व 22 नवंबर 2022 को उपायुक्त चाईबासा तथा 24 मार्च 2023 को प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली को भी बस स्टैंड के आधुनिकीकरण की मांग को लेकर पत्र भेजा था। उनके पत्र के आलोक में प्रधानमंत्री कार्यालय ने पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में चाईबासा बस स्टैंड की स्थिति अत्यंत दयनीय है। आधुनिक बस पड़ाव के अभाव में यातायात बाधित रहता है और आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। कई बसों को स्टैंड के बाहर खड़ा करना पड़ता है, जिससे यात्रियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, उचित बस पड़ाव नहीं होने के कारण राजस्व की भी क्षति हो रही है।

