सरायकेला | सरायकेला स्थित समाहरणालय सभागार में एसआईआर-2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई तथा प्राप्त प्रपत्र-6 के आवेदनों की जानकारी साझा की गई।

Contact us :- 7004820253
बैठक के दौरान आगामी 4 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की संयुक्त बैठक आयोजित करने की अपील की गई। इसका उद्देश्य आपसी समन्वय को बेहतर बनाते हुए एसआईआर प्रक्रिया में तेजी लाना है।

इस दौरान मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का नाम शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और जल्द ही 18 वर्ष के होने वाले युवाओं को चिह्नित कर उनसे प्रपत्र-6 भरवाने में सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई।


