पूर्वी सिंहभूम | बहरागोड़ा प्रखंड के बरागाड़िया पंचायत अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई स्थित सुवर्णरेखा नदी घाट पर एक संदिग्ध जिंदा बम मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। अब तक बम को निष्क्रिय करने के लिए कोई तकनीकी टीम मौके पर नहीं पहुंची है।

स्थिति की गंभीरता के बावजूद घटनास्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। बम के आसपास घेराबंदी नहीं होने के कारण लोग उसके करीब पहुंच रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। कुछ ग्रामीण इसे खिलौना समझकर उसके साथ सेल्फी भी ले रहे हैं, जो बेहद खतरनाक है।

बहरागोड़ा पुलिस द्वारा लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है और बम से दूर रहने की अपील की गई है, लेकिन इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, मामले की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है। सेना के तकनीकी विशेषज्ञों की टीम के आने के बाद ही बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, यह बम एएन-एम 64 500 बी (अमेरिकन मेड) श्रेणी का हो सकता है, जिसका वजन करीब 227 किलोग्राम बताया जा रहा है और यह अत्यंत खतरनाक स्थिति में है।
बम निरोधक दस्ते के प्रभारी नंदकिशोर सिंह ने बताया कि बम का आकार काफी बड़ा है और इसे सामान्य तरीके से नष्ट करना संभव नहीं है। इसे निष्क्रिय करने के लिए उच्च स्तरीय तकनीक की जरूरत है, जो केवल सेना के पास उपलब्ध है।

