राजनीति

चाईबासा में GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, विनय ठाकुर के घर छापेमारी

चाईबासा में GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, विनय ठाकुर के घर छापेमारी

चाईबासा : चाईबासा में GST विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के भाई विनय ठाकुर के घर छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार GST की टीम दो गाड़ियों में विनय ठाकुर के आवास पर पहुंची और जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि विनय ठाकुर सत्यम बिल्डर्स कंपनी के मालिक हैं। GST विभाग द्वारा कंपनी से जुड़े टैक्स भुगतान और वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने घर में मौजूद फाइलें, कागजात और अन्य रिकॉर्ड खंगाले।
अचानक हुई इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल GST विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला कर संबंधी अनियमितताओं से जुड़ा है या नहीं। खबर लिखे जाने तक जांच जारी है और छापेमारी कई घंटों तक चलने की संभावना जताई जा रही है।

सरायकेला-खरसावां में मासिक लोक अदालत एवं यूनियन बैंक के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन

सरायकेला-खरसावां में मासिक लोक अदालत एवं यूनियन बैंक के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन

सरायकेला-खरसावां : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरायकेला-खरसावां रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में रविवार 31 जनवरी को मासिक लोक अदालत एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल जज (सीनियर डिवीजन)-सह-सचिव प्रभारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका किस्कू की देखरेख में संपन्न हुआ।
लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय, सरायकेला तथा अनुमंडलीय न्यायालय, चांडिल में किया गया, जहां मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निपटारे के लिए कुल 10 पीठों का गठन किया गया।
समाचार लिखे जाने तक लोक अदालत के माध्यम से 15 लंबित मामलों का निपटारा किया गया, जिससे ₹86,000 की राजस्व प्राप्ति हुई। वहीं, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित 07 मामलों का आपसी सुलह के आधार पर निपटारा किया गया, जिसमें कुल ₹2,78,600 की सेटलमेंट राशि तय हुई। इसके अतिरिक्त आबकारी अधिनियम एवं अन्य मामलों के निपटारे की प्रक्रिया जारी थी।
लोक अदालत में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक प्रतिनिधियों एवं वादकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल से समय, धन एवं न्यायिक संसाधनों की बचत हुई, जिसे लेकर वादकारियों ने संतोष व्यक्त किया और लोक अदालत की उपयोगिता की सराहना की।

सरायकेला इंडोर स्टेडियम में खेल सुविधाओं का निरीक्षण, बैडमिंटन कोर्ट व आधारभूत संरचना सुधार के निर्देश

सरायकेला इंडोर स्टेडियम में खेल सुविधाओं का निरीक्षण, बैडमिंटन कोर्ट व आधारभूत संरचना सुधार के निर्देश

सरायकेला : सरायकेला गेस्ट हाउस कॉलोनी स्थित इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण, मरम्मति एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण गुरुवार को उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत के साथ किया। निरीक्षण के दौरान चेंजिंग रूम, वेटिंग रूम, शौचालय सहित उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।
उपायुक्त ने खेल अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता, मानक के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को इंडोर स्टेडियम में टेबल टेनिस बोर्ड की स्थापना सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया।
इसके अलावा, इंडोर स्टेडियम के समीप स्थित मैदान का मापांकन कर समतलीकरण कराने तथा स्टेडियम परिसर में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर आवश्यक मरम्मति कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही इंडोर भवन के अंदर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई और बेहतर संचालन व्यवस्था के लिए एक होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार एवं संबंधित विभाग के कनीय अभियंता उपस्थित रहे।

नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर बैठक आयोजित

नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर बैठक आयोजित

चाईबासा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री चंदन कुमार की अध्यक्षता में नगर पालिका चुनाव–2026 के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर सभी गठित कोषांगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों से अब तक की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रत्येक कोषांग द्वारा अपने दायित्वों के तहत किए गए कार्यों एवं प्रगति की जानकारी साझा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि नगर पालिका चुनाव–2026 निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में सभी कोषांगों के नोडल, प्रभारी पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का समापन, सरायकेला में ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ का आयोजन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का समापन, सरायकेला में ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ का आयोजन

सरायकेला : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के समापन अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन द्वारा सरायकेला के इंडोर स्टेडियम से बिरसा मुंडा स्टेडियम तक ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएँ तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक से जुड़ा एक संवेदनशील विषय है और सुरक्षित आवागमन केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और यातायात नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नागरिकों का जिम्मेदार और अनुशासित व्यवहार आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, गति सीमा का पालन करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मोटरयान निरीक्षक दिलीप प्रसाद ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।

जगन्नाथपुर में 200 केवीए ट्रांसफार्मर बदला गया, बिजली बहाल

जगन्नाथपुर में 200 केवीए ट्रांसफार्मर बदला गया, बिजली बहाल

चाईबासा : जगन्नाथपुर स्थित राजकीय रस्सैल उच्च विद्यालय (+2) के सामने लगे 200 केवीए ट्रांसफार्मर के खराब होने की सूचना माननीय विधायक श्री सोनाराम सिंकु को दी गई। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद 24 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया 200 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया।

बिजली बहाल होने से मेन मार्केट के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को राहत मिली है। ट्रांसफार्मर बदलने पर बाजार क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दुकानदारों और मार्केट वासियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए माननीय विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है।

चाईबासा, चक्रधरपुर में अपराध का खुला खेल अवैध लॉटरी, ब्राउन शुगर और संगठित गिरोह के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग

चाईबासा, चक्रधरपुर में अपराध का खुला खेल अवैध लॉटरी, ब्राउन शुगर और संगठित गिरोह के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग

चाईबासा : चाईबासा, चक्रधरपुर जिले में अवैध लॉटरी, ब्राउन शुगर और संगठित अपराध का नेटवर्क खुलेआम फल-फूल रहा है। यह अब केवल अंदेशा नहीं, बल्कि खुला अपराध है, जिसकी सूचना ट्विटर के माध्यम से @JharkhandPolice, @ChaibasaPolice और @DC_Chaibasa को औपचारिक रूप से दी जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार इस काले नेटवर्क के मुख्य चेहरे हैं, राकेश जायसवाल, एमडी अल्ताफ, एमडी वसीम और बच्चा बंगाली। इन्हीं के इशारे पर लॉटरी की सप्लाई, नशे का धंधा और अवैध वसूली का संगठित खेल चल रहा है। इसका सीधा असर गरीबों की मेहनत की कमाई, युवाओं के भविष्य और जिले की कानून-व्यवस्था पर पड़ रहा है।
यह स्थिति न केवल प्रशासनिक विफलता को उजागर करती है, बल्कि समाज को नैतिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से भी गहरे संकट में धकेल रही है।
   एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार ने ट्वीट कर इस पूरे अपराध नेटवर्क को उजागर किया है और प्रशासन से मांग की है कि इस गिरोह के विरुद्ध तत्काल, निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में कानून का राज कायम हो सके और माफिया राज का अंत हो। अब सवाल यह है, कानून चलेगा या अपराधियों का राज?

डॉ. विजय सिंह गागराई ने रांची में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

डॉ. विजय सिंह गागराई ने रांची में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

रांची : भारतीय जनता पार्टी (BJP) झारखंड प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनसेवक डॉ. विजय सिंह गागराई ने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर BJP Jharkhand के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री आदित्य साहू जी तथा झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष माननीय श्री बाबूलाल मरांडी जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि यह क्षण उनके जीवन का ऐतिहासिक, प्रेरणादायक एवं संकल्पपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि झारखंड को सुशासन, विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने भाजपा से जुड़ने का निर्णय लिया है।

डॉ. गागराई ने कहा,

“मेरा दृढ़ विश्वास है कि झारखंड का समग्र विकास ही सशक्त भारत की मजबूत नींव है। जनता की सेवा ही मेरा धर्म है और यही मेरा सर्वोच्च कर्तव्य रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि वे झारखंड की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, अपने क्षेत्र चक्रधरपुर सहित पूरे राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।

इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और उनके भाजपा परिवार में शामिल होने पर शुभकामनाएँ दीं।

UGC 2026 नियमों को लेकर देशभर में विवाद, लक्ष्मीनारायण मुंडा ने जताई गहरी आपत्ति

UGC 2026 नियमों को लेकर देशभर में विवाद, लक्ष्मीनारायण मुंडा ने जताई गहरी आपत्ति

रांची : भारत की उच्च शिक्षा व्यवस्था में हाल ही में लागू किए गए UGC (University Grants Commission) के “Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026” को लेकर देशभर में बहस तेज हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मीनारायण मुंडा ने इन नियमों पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे केवल शिक्षा सुधार नहीं, बल्कि भारत की सामाजिक एकता और संप्रभुता के लिए खतरा बताया है।
लक्ष्मीनारायण मुंडा का कहना है कि ये नियम सतही तौर पर जाति-आधारित भेदभाव रोकने का दावा करते हैं, लेकिन वास्तव में यह एकतरफा और विभाजनकारी नीति है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों में भेदभाव की परिभाषा केवल SC, ST और OBC वर्गों तक सीमित रखी गई है, जबकि सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। इससे कैंपस में असंतुलन और तनाव बढ़ने की आशंका है।
UGC 2026 के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में इक्विटी कमेटी, इक्विटी एंबेसडर और हेल्पलाइन गठित करने का प्रावधान किया गया है। हालांकि, आलोचकों का कहना है कि इससे शिक्षा परिसरों में शिकायतों की राजनीति को बढ़ावा मिलेगा और शैक्षणिक माहौल प्रभावित होगा।
गौरतलब है कि इन नियमों को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए। कई छात्र संगठनों ने इसे “कैंपस में अराजकता फैलाने वाला” बताया। 29 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा इन नियमों पर रोक लगाए जाने के बावजूद, राजनीतिक और सामाजिक बहस थमी नहीं है। भाजपा से जुड़े कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे भी सामने आए हैं।
लक्ष्मीनारायण मुंडा ने केंद्र की भाजपा सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ का दावा करने वाली सरकार ने इस तरह के नियम क्यों लागू किए। उन्होंने 2019 से चली आ रही जनहित याचिकाओं का हवाला देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की आड़ में सरकार ने ऐसे प्रावधानों को आगे बढ़ाया, जो समाज को बांटने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि UGC 2026 नियमों को National Education Policy (NEP) 2020, Free Trade Agreement (FTA) और World Economic Forum (WEF) से अलग नहीं देखा जा सकता। उनका दावा है कि भारत-यूरोपीय संघ FTA और विदेशी विश्वविद्यालयों को भारत में कैंपस खोलने की अनुमति से भारतीय शिक्षा व्यवस्था पर वैश्विक नियंत्रण बढ़ेगा।
WEF के साथ स्किल डेवलपमेंट को लेकर हुए समझौतों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारत को “ग्लोबल स्किल हब” बनाने के नाम पर युवाओं को सस्ते श्रम के रूप में तैयार किया जा रहा है। उनका आरोप है कि ‘इक्विटी’ के नाम पर छात्रों को आपस में बांटकर वैश्विक पूंजीवाद के हित साधे जा रहे हैं।
मुंडा ने कहा कि यह नीति न तो वास्तविक समानता लाएगी और न ही रोजगार या विकास। बल्कि इससे भारत की शिक्षा, संस्कृति और संप्रभुता कमजोर होगी। उन्होंने छात्रों, युवाओं और नागरिकों से जागरूक होने और सरकार से जवाब मांगने की अपील की।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश वैश्विक पूंजीवाद की गुलामी की ओर बढ़ रहा है और क्या भारत को एक “वैश्विक कॉलोनी” में बदला जा रहा है। उनके अनुसार अब समय आ गया है कि इस पूरी नीति और इसके पीछे के एजेंडे को सार्वजनिक बहस में लाया जाए।

भरडीहा में खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास रहे मुख्य अतिथि

भरडीहा में खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास रहे मुख्य अतिथि

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला के गोइलकेरा प्रखंड के भरडीहा गांव में प्रगति स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास थे। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
इस दौरान रघुवर दास ने कहा कि गांव-घर में खेलकूद आयोजनों से समाज मजबूत होता है और बच्चों व युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने भरडीहा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में भी भाग लिया और राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना में लाभुक महिलाओं की संख्या में कटौती का जिक्र किया और कहा कि सरकार की नीतियों का असर आगामी चुनावों में देखने को मिलेगा।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी की समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि सरकारी डॉक्टर नियमित रूप से नहीं आते और गंभीर स्थिति में उन्हें करीब 20 किलोमीटर दूर गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष किशोर डागा, जिला मंत्री सुशीला टोप्पो, आजसू केंद्रीय सदस्य बिरसा मुंडा, जिला परिषद सदस्य शिव रतन नायक, केदार नायक सहित कई समिति सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे।