सरायकेला | निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार को सामुदायिक भवन, सरायकेला स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। निरीक्षण के दौरान राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी (वेयरहाउस) देवदास दत्ता भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अभिनव प्रकाश तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, डबल लॉक प्रणाली, प्रवेश-निकास रजिस्टर, सीलों की स्थिति तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन एवं अभिलेखों के संधारण की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता से सीधे जुड़ी हुई है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।

राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता ने भी वेयरहाउस में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों तथा अन्य सुरक्षा संसाधनों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों के अद्यतन संधारण, प्रवेश-निकास गतिविधियों की सतत निगरानी तथा वेयरहाउस प्रबंधन से संबंधित सभी निर्धारित मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा मतदाताओं के विश्वास को और मजबूत करने के लिए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का निरंतर पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।























































