सरायकेला नगर पंचायत के समक्ष भाजपा का एकदिवसीय धरना प्रदर्शन

सरायकेला : भाजपा संगठन के प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत बुधवार को सरायकेला नगर पंचायत के समक्ष राज्य सरकार द्वारा निकाय चुनाव में हो रही देरी के विरोध में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने निकाय चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित करने, चुनाव दलीय आधार पर कराने तथा ईवीएम के माध्यम से मतदान कराने की मांग की।

धरना को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजा सिंहदेव ने कहा कि वर्ष 2018 में रघुवर सरकार के कार्यकाल में निकाय चुनाव दलीय आधार पर और ईवीएम के माध्यम से संपन्न कराए गए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि ईवीएम से चुनी गई वर्तमान सरकार अब ईवीएम से चुनाव कराने से क्यों पीछे हट रही है। भाजपा की स्पष्ट मांग है कि निकाय चुनाव ईवीएम से ही कराए जाएं।

सोना राम बोदरा ने बताया कि इस संबंध में महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें सरकार से शीघ्र चुनाव तिथि घोषित करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने और ईवीएम के माध्यम से निष्पक्ष मतदान कराने की मांग की जाएगी।

कार्यक्रम को हरेकृष्ण प्रधान, मीनाक्षी पटनायक, देवाशीष राय, सानंद आचार्य, माइकल महतो और बद्रीनाथ दोरोगा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बद्रीनाथ दोरोगा ने की, संचालन सुमित चौधरी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मुरलीधर प्रधान ने दिया।

धरना प्रदर्शन में जिला मंत्री सूर्या देवी, कबीता दास, रीता दुबे, राजकुमार सिंह, मंडल महामंत्री सुमित चौधरी, मंडल अध्यक्ष मनोज महतो, मुरलीधर प्रधान, बीजु दत्ता, गणेश महांती, पिंकी मोदक, तुषार दुबे, चिरंजीवी महापात्र, परशुराम कबी, आजम्बर मुखी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By maskal.news

You May Also Like