जिला

गुवा पुलिस ने डकैती कांड में हथियार के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार

गुवा पुलिस ने डकैती कांड में हथियार के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा (बड़ाजामदा ओपी) पुलिस ने डकैती कांड में संलिप्त एक आरोपी को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 19 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
गौरतलब है कि अक्टूबर माह में बड़ाजामदा निवासी अनिल चौरसिया के घर डकैती की घटना हुई थी, जिसमें करीब 2.5 लाख रुपये नकद, लगभग 90 हजार रुपये का सोने का ब्रेसलेट और करीब 80 हजार रुपये की सोने की चेन लूट ली गई थी। इस मामले में गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना कांड संख्या 45/25, दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को मामला दर्ज किया गया था। पूर्व में इस कांड में शामिल पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जेल में बंद अभियुक्त दीपक महतो का भतीजा करण महतो, डकैती में प्रयुक्त हथियार और गोली लेकर बड़ाजामदा आ रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने बड़ाजामदा बस स्टैंड से करण कुमार महतो को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण कुमार महतो (उम्र लगभग 24 वर्ष), पिता राजकुमार महतो, निवासी वर्मा माइंस रघुवर नगर, थाना वर्मा माइंस, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। पुलिस ने जप्ती सूची तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूर्व सांसद स्व. लक्ष्मण गिलुवा की जयंती पर श्रद्धांजलि व सेवा कार्यक्रम, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

पूर्व सांसद स्व. लक्ष्मण गिलुवा की जयंती पर श्रद्धांजलि व सेवा कार्यक्रम, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

चक्रधरपुर : भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा के आवास पर शुक्रवार को पूर्व सांसद स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुवा की जयंती कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयंती कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।

निर्णय के अनुसार शनिवार को सुबह 11 बजे मालती गिलुवा के आवास पर स्व. लक्ष्मण गिलुवा को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद अनुमंडल अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण किया जाएगा। वहीं शाम को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के समीप जननायक समिति के तत्वावधान में गरीबों और बेसहारा लोगों के लिए रात्रि भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।

बैठक में अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ललित गिलुवा, जिला मंत्री सुरेश साव, पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रेम प्रधान, अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष दीपक पासवान, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष विमला प्रसाद, दीपक सिंह, गोरखनाथ बोदरा (डारे बोदरा), पंडित महतो, शिवलाल रवानी, कृतिवास प्रधान, मनोज महतो, बागुन कराई सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।

इटिहासा पंचायत में स्वर्गीय बागुराम केराई स्मारक फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, प्रियांशु एफसी बनी विजेता

इटिहासा पंचायत में स्वर्गीय बागुराम केराई स्मारक फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, प्रियांशु एफसी बनी विजेता

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड के इटिहासा पंचायत अंतर्गत करनडीपा डुईकासाई में आयोजित स्वर्गीय बागुराम केराई स्मारक तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोहपूर्वक किया गया। फाइनल सह पुरस्कार वितरण समारोह में विधायक सुखराम उरांव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गोपीनाथपुर पंचायत की मुखिया सेलाय मुंडा, पंचायत समिति सदस्य संजीत मोदी व मथुरा गागराई, अमर बोदरा तथा डब्लू हेम्ब्रम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। फाइनल मुकाबला प्रियांशु एफसी और नित्य एफसी नित्या के बीच खेला गया, जिसमें प्रियांशु एफसी ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। नित्य एफसी नित्या उपविजेता रही, जबकि तीसरा स्थान राजीव गांधी एफसी लौजोड़ा की टीम को मिला। प्रतियोगिता में कुल 48 टीमों ने भाग लिया।

समापन अवसर पर विधायक सुखराम उरांव ने विजेता टीम को 30 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये और तृतीय विजेता टीम को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है और ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय केराई, सचिव डब्लू हेम्ब्रम, कोषाध्यक्ष मोजेन सामड सहित समिति के अन्य सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

पश्चिमी सिंहभूम में 130 शिक्षकों की सेवा संपुष्टि को लेकर कैंप आयोजित

पश्चिमी सिंहभूम में 130 शिक्षकों की सेवा संपुष्टि को लेकर कैंप आयोजित

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार ने जानकारी दी कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कुल 130 शिक्षक/शिक्षिकाओं की सेवा संपुष्टि का निर्णय लिया गया है। इसके लिए मूल सेवा पुस्तिका अद्यतन कर एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक संबंधित शिक्षकों की सेवा पुस्तिका कार्यालय को प्राप्त नहीं हुई है।

जिला शिक्षा अधीक्षक ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिन शिक्षक/शिक्षिकाओं ने अब तक सेवा संपुष्टि के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, वे दिनांक 20 दिसंबर 2025 (शनिवार) को दोपहर 1:00 बजे समाहरणालय स्थित जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कैंप में दस्तावेज जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी-सह-निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर सूची में शामिल शिक्षक/शिक्षिकाओं की सेवा संपुष्टि प्रक्रिया पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

कांग्रेस का मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम जारी, कोल्हान में साक्षात्कार आयोजित

कांग्रेस का मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम जारी, कोल्हान में साक्षात्कार आयोजित

चाईबासा : कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम मीडिया टैलेंट हंट के तहत सामान्य कार्यकर्ताओं को भी राष्ट्रीय स्तर का प्रवक्ता बनने का अवसर दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में इंटरव्यू के आधार पर विभिन्न स्तरों पर प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए कांग्रेस ने क्यूआर कोड के माध्यम से गूगल फॉर्म और ऑफलाइन फॉर्म भरने की व्यवस्था की थी, जिसकी अंतिम तिथि 10 दिसंबर थी।

इसी क्रम में गुरुवार को कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र से प्रवक्ता पद के लिए आवेदन करने वाले प्रतिभागियों का साक्षात्कार तिलक पुस्तकालय में आयोजित किया गया। साक्षात्कार मीडिया टैलेंट हंट कोल्हान प्रमंडल के समन्वयक अख्तर अली, ज्यूरी सदस्य उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, जेबा खान और शरीफ इब्राहिम द्वारा लिया गया। साक्षात्कार देने वालों में पश्चिमी सिंहभूम के पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय, सक्रिय सदस्य सेमसोन सुंडी और फिरोज अशरफ शामिल थे।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि इसी प्रक्रिया के माध्यम से सभी स्तर के प्रवक्ताओं का चयन किया जाएगा। जिन प्रतिभागियों में पार्टी के इतिहास, विचारधारा की समझ और तर्क के साथ डिबेट करने की क्षमता होगी, उन्हें ही प्रवक्ता बनाया जाएगा। कार्यक्रम को पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से संचालित किया जा रहा है।

कांग्रेस का उद्देश्य नए और प्रतिभाशाली लोगों को आगे लाकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। पार्टी ने पश्चिमी सिंहभूम सहित अन्य जिलों के योग्य और समर्पित युवाओं से इस प्रक्रिया में जुड़ने की अपील की है।

इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के चेयरमैन अशोक चौधरी, प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, संजय सिंह आजाद, ब्रजेन्द्र तिवारी, फिरोज खान, राकेश साहू सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

पश्चिमी सिंहभूम भाजपा में जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर रायशुमारी आयोजित

पश्चिमी सिंहभूम भाजपा में जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर रायशुमारी आयोजित

चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर रायशुमारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वर्तमान जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने किया। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

रायशुमारी कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुवर गागराई, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, गीता बालमुचू सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व जिला अध्यक्ष, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी और पूर्व मंडल पदाधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। प्रदेश संगठन की ओर से अशोक शर्मा चुनाव प्रभारी के रूप में, जबकि मनोज सिंह और जयलंदर कुमार पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।

संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए जिले को दो खंडों में बांटकर रायशुमारी कराई गई। एक खंड में चक्रधरपुर और मनोहरपुर क्षेत्र शामिल रहे, जबकि दूसरे खंड में जगन्नाथपुर, मझगांव और चाईबासा सदर क्षेत्र के लिए रायशुमारी की गई।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक अपने विचार रखे। रायशुमारी शांतिपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रायशुमारी के आधार पर जल्द ही प्रदेश भाजपा द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिला के नए जिला अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

आगामी चुनावों को लेकर पश्चिमी सिंहभूम में झामुमो करेगी बीएलए-2 सदस्यों को सशक्त और प्रशिक्षित

आगामी चुनावों को लेकर पश्चिमी सिंहभूम में झामुमो करेगी बीएलए-2 सदस्यों को सशक्त और प्रशिक्षित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा नियुक्त बीएलए-2 सदस्यों को सशक्त और प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि आगामी चुनावों में वोटिंग से जुड़ी गड़बड़ियों को रोका जा सके। यह बात झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कही। वे बीएलए-2 की नियुक्ति को लेकर आयोजित सदर प्रखंड और चाईबासा नगर समिति की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे।

श्री देवगम ने कहा कि झामुमो बीएलए-2 की नियुक्ति को लेकर गंभीर है। पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए बीएलओ को सहयोग करेंगे। इसके लिए सभी बीएलए-2 सदस्यों को झामुमो द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बैठक में बीएलए-2 की नियुक्ति, संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान और सदस्यता रसीद जमा करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक को जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला कोषाध्यक्ष सह केंद्रीय सदस्य सुभाष बनर्जी, जिला उपाध्यक्ष इकबाल अहमद, सदर प्रखंड अध्यक्ष सतीश सुंडी और चाईबासा नगर समिति अध्यक्ष राहुल तिवारी ने भी संबोधित किया।

यह संयुक्त बैठक सदर चाईबासा प्रखंड और चाईबासा नगर समिति की ओर से सतीश सुंडी और राहुल तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कैसर परवेज, विश्वनाथ बाड़ा, मन्नाराम कुदादा, राजू ठाकुर, कुंवर प्रताप सिंह, रवि रजक, राजू गोप, निकेश नायक, शिकुद्दीन, बागुन मछुआ, जयदर बोईपाई, छोटे लाल महतो, इम्तियाज अहमद, गोपाल कुजूर सहित जिला समिति के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

चाईबासा सदर अस्पताल परिसर में अवैध दुकानों के निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर धी. रामहरि पेरियार ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा सदर अस्पताल परिसर में अवैध दुकानों के निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर धी. रामहरि पेरियार ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा : भ्रष्टाचार मुक्त भारत के बैनर तले भ्रष्टाचार एवं अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार संघर्षरत संगठन एंटी करप्शन ऑफ इंडिया ने सदर अस्पताल चाईबासा परिसर में हो रहे अवैध निर्माण, अतिक्रमण एवं नियमविरुद्ध दुकानों के विस्तार को लेकर प्रशासन का ध्यान गंभीरता से आकृष्ट किया है।
       संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार ने अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), चाईबासा को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि सदर अस्पताल के पूर्वी एवं पश्चिमी छोर पर स्ववित्त योजनान्तर्गत आवंटित दुकानों में की गई व्यापक अनियमितताओं की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
    धी. पेरियार ने बताया कि असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा द्वारा निर्गत विज्ञापन संख्या–1519, दिनांक 20.07.2023 के तहत स्ववित्त योजना में दुकानों का आवंटन निर्धारित मानक आकार (8×10 फीट) के अनुरूप किया गया था।
किन्तु जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल विपरीत है। कुल 94 आवंटित दुकानों में से अधिकांश दुकानों ने निर्धारित सीमा का खुलेआम उल्लंघन करते हुए अवैध विस्तार कर लिया है। इतना ही नहीं, कई दुकानों का निर्माण बिना किसी वैधानिक स्वीकृति, नक्शा पास या प्रशासनिक अनुमति के किया गया है, जो स्पष्ट रूप से अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आता है।
    उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल जैसा संवेदनशील एवं जनहित से जुड़ा सार्वजनिक संस्थान, जहां प्रतिदिन सैकड़ों मरीज, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इलाज के लिए आते हैं, वहां इस प्रकार का अतिक्रमण न केवल प्रशासनिक नियमों की खुली अवहेलना है, बल्कि यह मरीजों की सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और अस्पताल की मूल कार्यप्रणाली के साथ सीधा खिलवाड़ है।
    धी. पेरियार ने सवाल उठाया कि क्या बिना प्रशासनिक संरक्षण के इतना बड़ा अवैध निर्माण संभव है?
     जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी निगरानी और नियंत्रण की थी, वे अब तक मौन क्यों हैं?
  क्या यह पूरा मामला संगठित भ्रष्टाचार और मिलीभगत का परिणाम नहीं है?
  उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो यह मामला उच्च स्तरीय जांच एजेंसियों, मानवाधिकार आयोग एवं न्यायालय तक ले जाया जाएगा। एंटी करप्शन ऑफ इंडिया अवैध अतिक्रमण, भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्ति की लूट को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।

संगठन ने मांग की है कि

1. सभी अवैध रूप से विस्तारित व निर्मित दुकानों को तत्काल चिन्हित कर ध्वस्त किया जाए।

2. संबंधित अधिकारियों एवं लाभार्थियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

3. अस्पताल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कर मरीजों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
यह लड़ाई केवल दुकानों की नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य, अधिकार और कानून के राज की है।

सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने एनएच-320 डी के चौड़ीकरण की मांग उठाई

सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने एनएच-320 डी के चौड़ीकरण की मांग उठाई

चक्रधरपुर : सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एनएच-320 डी के चक्रधरपुर से राउरकेला तक चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग को लेकर मंत्री को पत्र सौंपा।

सांसद ने बताया कि करीब 106 किलोमीटर लंबी यह सड़क झारखंड के चक्रधरपुर को ओडिशा के राउरकेला से जोड़ती है और एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है। वर्तमान में सड़क कई स्थानों पर संकीर्ण है और तीखे मोड़ों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

उन्होंने कहा कि सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्रों में अक्सर घंटों जाम लगता है, जिससे आम लोगों और भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। सांसद ने जनहित और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए एनएच-320 डी का प्राथमिकता के आधार पर चौड़ीकरण कराने की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर में यातायात सुगम बनाने के लिए फ्लाईओवर या बाईपास निर्माण को मंजूरी देने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि परियोजना पूरी होने से टाटानगर और राउरकेला जैसे प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और बीजू एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव के बाद पूरे जनजातीय क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

पोटका महिला चौकीदार हत्या मामला: थाना प्रभारी हटाए गए, विभागीय जांच के आदेश

पोटका महिला चौकीदार हत्या मामला: थाना प्रभारी हटाए गए, विभागीय जांच के आदेश

जमशेदपुर : पोटका थाना में तैनात महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मामले में थाना प्रभारी का नाम सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने तत्काल प्रभाव से पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू को पद से हटा दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। उनकी जगह एसआई सन्नी टोप्पो को पोटका थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

यह कार्रवाई ज्योतिका के प्रेमी गणेश मांझी के वायरल वीडियो के बाद की गई है। वीडियो में गणेश ने पोटका थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी ने की आत्महत्या

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गणेश मांझी ने चाकू से ज्योतिका हेंब्रम का गला काटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने स्वयं आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से पहले गणेश ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसे बाद में वायरल कर दिया गया।

अवैध संबंध का लगाया आरोप

वायरल वीडियो में गणेश मांझी ने दावा किया था कि उसे 14 दिसंबर को यह जानकारी मिली थी कि उसकी प्रेमिका ज्योतिका हेंब्रम का पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू के साथ अवैध संबंध है। इसी संदेह, जलन और मानसिक तनाव में आकर उसने यह कदम उठाने की बात कही थी।

आरोपों से थाना प्रभारी का इनकार

वहीं, पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू ने गणेश द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। हालांकि, मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी ने उन्हें पद से हटा दिया है।

परिजनों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

दोनों मृतकों के परिजनों ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसएसपी की त्वरित कार्रवाई से यह उम्मीद जताई जा रही है कि मामले की जांच पारदर्शी तरीके से की जाएगी।