Blog

सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता

सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता

सरायकेला : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत की उपस्थिति में समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता की।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड के प्रेस नोट संख्या 187 (दिनांक 27 जनवरी 2026) के अनुसार जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 कराया जाएगा। निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और संबंधित व्यक्तियों को इसका अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। बिना अनुमति सभा, जुलूस या लाउडस्पीकर के उपयोग पर कार्रवाई की जाएगी। आचार संहिता या निर्वाचन नियमों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने नगर निकाय क्षेत्रों के मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कहा कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त निर्वाचन कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अति-संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। अवैध शराब, नकद वितरण और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक के लिए विशेष टीम और फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक और नफरत फैलाने वाली सामग्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। लाइसेंसी हथियार धारकों को निर्धारित समय सीमा में अपने हथियार संबंधित थाना में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
मतदान केंद्रों का विवरण
आदित्यपुर नगर निगम: 35 वार्ड, 136 मतदान केंद्र
कपाली नगर परिषद: 21 वार्ड, 31 मतदान केंद्र
सरायकेला नगर पंचायत: 11 वार्ड, 13 मतदान केंद्र
मतदाताओं का विवरण
आदित्यपुर नगर निगम: कुल 1,39,889 मतदाता
कपाली नगर परिषद: कुल 33,766 मतदाता
सरायकेला नगर पंचायत: कुल 10,762 मतदाता
निर्वाचन कार्यक्रम
निर्वाचन की सूचना प्रकाशन: 28 जनवरी 2026
नाम निर्देशन पत्र दाखिल: 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा: 5 फरवरी 2026
अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि: 6 फरवरी 2026
निर्वाचन प्रतीक आवंटन: 7 फरवरी 2026
मतदान: 23 फरवरी 2026 (सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक)
मतगणना: 27 फरवरी 2026 (सुबह 8 बजे से)
निर्वाचन से संबंधित अद्यतन जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर उपलब्ध रहेगी।
प्रेस वार्ता में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में कोषांगों के साथ समीक्षा बैठक

नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में कोषांगों के साथ समीक्षा बैठक

चाईबासा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री चंदन कुमार की अध्यक्षता में नगर पालिका चुनाव–2026 के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर सभी गठित कोषांगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों से अब तक की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कोषांगों द्वारा अपने-अपने दायित्वों के तहत किए गए कार्यों और प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि नगर पालिका चुनाव–2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।

बैठक में सभी कोषांगों के नोडल, प्रभारी पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

जराईकेला के ग्राम समता में पुलिस–कम्युनिटी कार्यक्रम, ग्रामीणों से संवाद और सहायता सामग्री का वितरण

जराईकेला के ग्राम समता में पुलिस–कम्युनिटी कार्यक्रम, ग्रामीणों से संवाद और सहायता सामग्री का वितरण

चाईबासा : नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से चाईबासा जिला पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में आज जराईकेला थाना अंतर्गत ग्राम समता में एक विशेष पुलिस–कम्युनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ठंड से बचाव के लिए ग्रामीणों के बीच कंबल, चादर और मच्छरदानी का वितरण किया गया। वहीं बच्चों को पढ़ाई की सामग्री और फुटबॉल देकर शिक्षा व खेल को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा में लौटने पर सरकार सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराती है।

इस कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर मनोज रजक, प्रेम बैठा, भीमराव बासिंग, ग्राम मुंडा नोदो सुरीन, इसराइल गोदसोरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे मौजूद थे। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में मनरेगा व आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक

उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में मनरेगा व आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक

चाईबासा : उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा एवं विभिन्न आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं से जुड़े विभिन्न मानकों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बंदगांव, झींकपानी, आनंदपुर, मनोहरपुर, गोइलकेरा और गुदड़ी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा के तकनीकी सहायक (सहायक अभियंता) तथा आवास योजना के प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
उप विकास आयुक्त ने मनरेगा अंतर्गत श्रमिकों के ई-केवाईसी, सोशल ऑडिट के बाद की गई कार्रवाई, लंबित योजनाओं की पूर्णता, मानव दिवस सृजन, प्रति ग्राम न्यूनतम पांच योजनाओं के क्रियान्वयन तथा श्रमिकों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही दीदी बाड़ी योजना, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, बिरसा सिंचाई कूप, अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास और प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत लंबित आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिन योजनाओं में कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, उन्हें भौतिक रूप से पूरा कराया जाए या फिर व्यय की गई राशि की नियमानुसार वसूली सुनिश्चित की जाए।
वहीं अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर झींकपानी, टोंटो, मझगांव, सोनुवा, कुमारडूंगी और नुआमुंडी के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।

कराइकेला सड़क हादसे में मारे गए चार युवकों का अंतिम संस्कार, गांवों में पसरा मातम

कराइकेला सड़क हादसे में मारे गए चार युवकों का अंतिम संस्कार, गांवों में पसरा मातम

खरसावां : कराइकेला (चक्रधरपुर) थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों में से तीन की पहचान कुचाई प्रखंड के सेलाइडीह गांव निवासी रवि बिरुली (19), आकाश गोप (19) और अर्जुन टुडू (20) के रूप में हुई है। चौथे मृतक की पहचान खूंटपानी प्रखंड के आंकलकुटी गांव निवासी आकाश कुदादा के रूप में हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार रात जब तीनों युवकों के शव गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मंगलवार सुबह सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रवि, आकाश और अर्जुन अपने दोस्त आकाश कुदादा के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया था कि वे कहां जा रहे हैं। सोमवार दोपहर हादसे में चारों की मौत की सूचना मिलते ही परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
रवि बिरुली एक सप्ताह पहले ही पिता बना था। उसकी पत्नी फूलकुमारी नवजात बेटी को गोद में लिए पति का शव देखकर बेसुध हो गई। रवि मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
आकाश गोप अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था और मजदूरी कर पिता की मदद करता था। वहीं अर्जुन टुडू बाहर राज्य में काम करता था और मकर पर्व मनाने घर आया था। माता-पिता के निधन के बाद वही अपने परिवार का एकमात्र सहारा था।
हादसे में मृत चौथा युवक आकाश कुदादा तमिलनाडु में मजदूरी करता था और मकर पर्व के अवसर पर घर लौटा था। उसने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी। बेटे की मौत से उसके पिता बबलू कुदादा और परिजन गहरे सदमे में हैं।
इधर, कोल्हान क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। ओवरस्पीड, हेलमेट न पहनना, ट्रिपल राइडिंग, नशे में वाहन चलाना और युवाओं में स्टंट की प्रवृत्ति दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है। प्रशासन के प्रयासों के बावजूद यातायात नियमों की अनदेखी लगातार जानलेवा साबित हो रही है।

नगर निकाय चुनाव 2026: चाईबासा नगर परिषद से भाजपा टिकट के लिए रोहित दास ने किया आवेदन

नगर निकाय चुनाव 2026: चाईबासा नगर परिषद से भाजपा टिकट के लिए रोहित दास ने किया आवेदन

चाईबासा : झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बनने की इच्छा जताते हुए युवा कार्यकर्ता एवं कॉमर्स कॉलेज के पूर्व छात्र नेता रोहित दास ने भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू को अपना आवेदन सौंपा।
इस मौके पर रोहित दास ने कहा कि वे लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हैं और यदि उन्हें अवसर मिलता है तो वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि रोहित दास अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में नगर मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय स्वयंसेवक हैं।

चक्रधरपुर में VB-GRAMG के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला, पूर्व सांसद गीता कोड़ा हुईं शामिल

चक्रधरपुर में VB-GRAMG के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला, पूर्व सांसद गीता कोड़ा हुईं शामिल

पश्चिम सिंहभूम : चक्रधरपुर में विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन की गारंटी (ग्रामीण) VB-GRAMG के तहत एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा शामिल हुईं। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व मंत्री श्री सुदर्शन भगत उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्री दीपक पासवान, शशिभूषण सामड, गुरुचरण नायक, अशोक षाडंगी, सुरेश साव, मालती गिलुवा, तीरथ जामुदा, अनिमा मिंज, डारे बोदरा, बहनु तिर्की, अनूप दूबे, सुशांत कुमार मंडल, दुर्योधन प्रधान, सरना बोयपाई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

जनहित पर हमला, लोकतंत्र शर्मसार गांधी मैदान पर दीवारें क्यों?: धी रामहरि पेरियार

जनहित पर हमला, लोकतंत्र शर्मसार गांधी मैदान पर दीवारें क्यों?: धी रामहरि पेरियार

चाईबासा : एंटी करप्शन ऑफ इंडिया, के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी रामहरि पेरियार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट के माध्यम से जिला उपायुक्त चाईबासा का ध्यान शहर की ऐतिहासिक धरोहर गांधी मैदान में हो रहे अवैध एवं मनमाने निर्माण कार्य की ओर आकृष्ट कराया है और इस पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
        धी. रामहरि पेरियार ने अपने पोस्ट में कहा कि गांधी मैदान में बिना किसी सार्वजनिक मांग, जनसुनवाई, नगरवासियों की सहमति अथवा वैधानिक स्वीकृति के ऊँची दीवारों की घेराबंदी एवं अन्य स्थायी निर्माण कराए जा रहे हैं, जिससे मैदान की चौहद्दी प्रभावित हो रही है और यह धीरे-धीरे आम जनता, बच्चों, बुजुर्गों एवं खिलाड़ियों के उपयोग से छीना जा रहा है।
    उन्होंने कहा कि करीब 35 वर्ष पूर्व गांधी मैदान बच्चों के खेल, मनोरंजन और शारीरिक विकास का प्रमुख केंद्र था, जहाँ झूले, व्यायाम उपकरण और खेल सामग्री उपलब्ध थी। एक सुनियोजित साजिश के तहत इन सुविधाओं को पहले हटाया गया और अब मैदान को संकीर्ण कर सार्वजनिक उपयोग से बाहर करने की तैयारी की जा रही है। इससे आसपास रहने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
    धी. रामहरि पेरियार ने यह भी कहा कि वर्तमान में नगर परिषद चुनाव चल रहे हैं, लेकिन गांधी मैदान जैसे गंभीर जनहित के मुद्दे पर कोई भी प्रत्याशी खुलकर सामने नहीं आ रहा है, जो जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाता है। उन्होंने कहा कि जनता की संपत्ति पर हो रहे इस अतिक्रमण के खिलाफ राजनीतिक चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांधी मैदान में चल रहे सभी निर्माण कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
         पूरे मामले की निष्पक्ष, उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराई जाए। मैदान की मूल स्थिति बहाल कर इसे पुनः बच्चों, खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों के लिए सुरक्षित और खुला सार्वजनिक स्थल बनाया जाए। पूर्व में हटाए गए झूले, व्यायाम उपकरण एवं खेल सुविधाओं को पुनः स्थापित किया जाए। भविष्य में सार्वजनिक संपत्तियों से संबंधित किसी भी निर्णय से पहले जनसुनवाई एवं पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
एंटी करप्शन ऑफ इंडिया ने स्पष्ट किया कि गांधी मैदान किसी व्यक्ति, संस्था या प्रशासन की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि चाईबासा की जनता की साझा विरासत है। इस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, सीमांकन या अवैध निर्माण जनता के अधिकारों का खुला उल्लंघन है, जिसे संगठन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। संस्था ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन का रूप लेगा और कानूनी व जनआंदोलन दोनों स्तरों पर संघर्ष किया जाएगा।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का भयंकर विमान हादसे में निधन

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का भयंकर विमान हादसे में निधन

मुम्बई : महाराष्ट्र के बारामती (पुणे जिला) में 28 जनवरी 2026 की सुबह एक चार्टर्ड Learjet 45 विमान (VT-SSK) लैंडिंग के दौरान क्रैश-लैंड हुआ, जिससे विमान में सवार अजित पवार सहित सभी लोग की मौत हो गई है। विमान मुंबई से बारामती के लिए जा रहा था। हादसा सुबह लगभग 8:48 बजे हुआ जब विमान रनवे के समीप क्रैश-लैंड करते ही आग में जल गया।
इस दुर्घटना में अजित पवार के अलावा उनके पर्सनल सिक्योरिटी अधिकारी, अन्य सहयोगी और विमान के दो क्रू सदस्यों सहित कुल 5 लोग मारे गए। विमान में सवार किसी भी व्यक्ति के बचने की सूचना नहीं है, और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
अजित पवार महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ और प्रभावशाली राजनीति नेता थे, जिन्होंने राज्य प्रशासन और चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस हादसे की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक नेता शोक व्यक्त कर रहे हैं और पूरे महाराष्ट्र में भारी क्षोभ का माहौल है।
यह जानकारी विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय समाचार स्रोतों पर आधारित है।

पश्चिमी सिंहभूम में दंतैल हाथी का शव बरामद, दांत काटे जाने से तस्करी की आशंका

पश्चिमी सिंहभूम में दंतैल हाथी का शव बरामद, दांत काटे जाने से तस्करी की आशंका

पश्चिमी सिंहभूम : टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत सागरकट्टा–रेमरा जंगल में एक दंतैल जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। वन विभाग ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में हाथी की हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तस्करों ने हाथी का एक कीमती दांत काटकर अपने साथ ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही चाईबासा वन प्रमंडल के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की।
वन विभाग द्वारा तस्करी में संलिप्त गिरोह की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते कुछ हफ्तों में पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथियों के हमलों में 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस कारण क्षेत्र के ग्रामीणों में पहले से ही दहशत का माहौल बना हुआ है, और हाथी की संदिग्ध मौत की यह घटना चिंता को और बढ़ा रही है।