maskal.news

1034 Posts
सरायकेला-खरसावां में “Protect Today, Secure Tomorrow” अभियान के तहत पर्यावरणीय विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला-खरसावां में “Protect Today, Secure Tomorrow” अभियान के तहत पर्यावरणीय विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित

नालसा : नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) सरायकेला-खरसावां रमाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में सोमवार को जिले में “Protect Today, Secure Tomorrow” शीर्षक से पैन-इंडिया पर्यावरणीय विधिक साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण पहल के तहत जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कानूनी अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था।
इस पहल का मुख्य कार्यक्रम अर्का जैन विश्वविद्यालय, गम्हरिया में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिलीप कुमार शॉ, मुख्य एलएडीसी सरायकेला-खरसावां एवं विधि संकाय के अधिष्ठाता, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, विधि संकाय के छात्र तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिलीप कुमार शॉ ने NALSA, नई दिल्ली की कॉन्सेप्ट नोट एवं इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय विधिक साक्षरता न केवल वर्तमान समय की आवश्यकता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक संरक्षण तभी संभव है जब समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरणीय कानूनों और उनके पालन की जानकारी हो।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। छात्रों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम को प्रभावी बनाया गया। इस पहल से सामुदायिक स्तर पर जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा मिला, जिससे भविष्य की पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में समाज अधिक सक्षम होगा।

पश्चिमी सिंहभूम में हाथी का कहर, महिला की मौत

पश्चिमी सिंहभूम में हाथी का कहर, महिला की मौत

पश्चिमी सिंहभूम : गोईलकेरा थाना क्षेत्र में हाथी का आतंक लगातार जारी है। बिला पंचायत अंतर्गत बिला गांव के वनग्राम मिस्त्रीबेड़ा में रविवार देर रात एक दंतैल हाथी ने 50 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला। मृतका की पहचान जोंगा लागुरी (50), पति चंद्र मोहन लागुरी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बीते कई दिनों से यह दंतैल हाथी बिला गांव और आसपास के इलाकों में घूम रहा था। रविवार रात हाथी के गांव के पास पहुंचते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घर छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान जोंगा लागुरी हाथी की चपेट में आ गई। हाथी ने महिला को पकड़कर पैरों से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है और पिछले पांच दिनों में अब तक छह लोगों की जान ले चुका है, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग हाथी को आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रहा है और ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में घर से बाहर न निकलने तथा हाथी दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

झारखंड में बढ़ती ठंड के बीच स्कूलों में अवकाश

झारखंड में बढ़ती ठंड के बीच स्कूलों में अवकाश

रांची : झारखंड में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों को बंद करने का बड़ा फैसला लिया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के आदेश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त और अल्पसंख्यक विद्यालयों में प्री-नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के लिए अवकाश रहेगा, लेकिन सरकारी स्कूलों के शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्य करेंगे। साथ ही, यदि इस अवधि में किसी स्कूल में पूर्व निर्धारित प्री-बोर्ड परीक्षाएं हैं, तो संबंधित अधिकारी अपने विवेक से उनका संचालन कर सकते हैं।

सरायकेला-खरसावां: फ्रांस की 75 वर्षीय नागरिक जिज़ेल बुसों ईचा में स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक स्थलों से हुई अवगत

सरायकेला-खरसावां: फ्रांस की 75 वर्षीय नागरिक जिज़ेल बुसों ईचा में स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक स्थलों से हुई अवगत

सरायकेला-खरसावां : राजनगर प्रखंड स्थित ईचा गांव में सोमवार को फ्रांस की 75 वर्षीय नागरिक जिज़ेल बुसों का भव्य स्वागत किया गया। उनका स्वागत ईचा राजपरिवार के सदस्यों राजेश्वर सिंहदेव और छऊ गुरु तपन पटनायक ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित कर किया।
श्रीमती बुसों ने ईचा राजमहल (पैलेस) और लगभग 250 वर्ष पुराने श्री रघुनाथ मंदिर का दौरा किया। उन्होंने मंदिर की प्राचीनता और ईचा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का निकट से अवलोकन किया। इसके अलावा, उन्हें ईचा छऊ नृत्य का प्रदर्शन देखने का अवसर भी मिला, जिसने उन्हें बेहद प्रभावित किया।
जिज़ेल बुसों ने ईचा की संस्कृति, इतिहास और मंदिर की प्राचीनता की सराहना की और राजपरिवार के आतिथ्य को अविस्मरणीय अनुभव बताया।
ईचा राजपरिवार के सदस्य राजेश्वर सिंहदेव ने कहा कि विदेशी अतिथि की यह यात्रा ईचा की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने में मदद करेगी। इस दौरान राजेश्वर सिंहदेव, छऊ गुरु तपन पटनायक, बैधनाथ सिंहदेव, जितेश सिंहदेव और मलवीर सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 : सरायकेला–खरसावाँ में सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 : सरायकेला–खरसावाँ में सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी

सरायकेला–खरसावाँ : समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त रीना हंसदा ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर जिले के भ्रमण के लिए रवाना किया। यह रथ आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा।

जिला परिवहन विभाग, सरायकेला–खरसावाँ द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रीना हंसदा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित व्यवहार को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने बताया कि उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पूरे माह जिले में विभिन्न जागरूकता और प्रवर्तन गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं। इसके तहत जागरूकता रथ एवं एलईडी वाहनों से ऑडियो-विजुअल प्रचार, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत कार्यक्रम तथा चित्रकला और रंगोली जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएँ यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, इसलिए नियमों का स्वैच्छिक पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने की अपील की।

कार्यक्रम में सरायकेला विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी निवेदिता नियति, सब-रजिस्ट्रार घासीराम पिंगुआ, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रदीप उरांव, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार एवं रवि प्रसाद सहित अन्य अधिकारी और विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।

डीपीएस के जेपी ऑडिटोरियम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक किशोर कुमार प्रसाद का विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित

डीपीएस के जेपी ऑडिटोरियम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक किशोर कुमार प्रसाद का विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित

चाईबासा : स्थानीय डीपीएस स्थित जेपी ऑडिटोरियम में सोमवार को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक किशोर कुमार प्रसाद का विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी रहीं। इस अवसर पर उन्होंने किशोर कुमार प्रसाद को फूलों का गुलदस्ता और डायरी भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, वे जीवन भर बच्चों को ज्ञान देते रहते हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किशोर प्रसाद के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करना आसान नहीं होता। उन्होंने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका संध्या प्रधान भी मौजूद रहीं। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने किशोर प्रसाद को बुके और उपहार देकर सम्मानित किया।

जमशेदपुर में भारत का पहला हाइड्रोजन इंजन तैयार, टाटा कमिंस ने रचा इतिहास

जमशेदपुर में भारत का पहला हाइड्रोजन इंजन तैयार, टाटा कमिंस ने रचा इतिहास

जमशेदपुर : देश की औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड ने भारत का पहला हाइड्रोजन आधारित आंतरिक दहन इंजन विकसित किया है। यह सफलता टाटा मोटर्स और अमेरिकी इंजन निर्माता कंपनी कमिंस के संयुक्त प्रयास से मिली है, जिसे ऑटोमोबाइल और ग्रीन एनर्जी सेक्टर के लिए अहम माना जा रहा है।
कंपनी ने बी6.7एच (B6.7H) श्रेणी का यह इंजन तैयार किया है, जिसका उत्पादन मार्च 2024 से जमशेदपुर संयंत्र में शुरू हो चुका है। हाइड्रोजन ईंधन पर आधारित यह इंजन पर्यावरण के अनुकूल है और शून्य कार्बन उत्सर्जन वाले वाहनों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
टाटा कमिंस के जमशेदपुर प्लांट में फिलहाल प्रतिदिन 400 से अधिक इंजन बनाए जा रहे हैं। हाइड्रोजन इंजन के उत्पादन से जमशेदपुर एक प्रमुख ऑटोमोबाइल और ग्रीन एनर्जी हब के रूप में उभर रहा है, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कंपनी अधिकारियों का कहना है कि यह तकनीक बसों, ट्रकों और भारी औद्योगिक वाहनों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। यह पहल भारत सरकार के नेट ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन लक्ष्य और हरित ऊर्जा मिशन के अनुरूप है।
जमशेदपुर में बने इस पहले हाइड्रोजन इंजन के साथ टाटा कमिंस ने न केवल तकनीकी क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है, बल्कि भारत को वैश्विक ग्रीन मोबिलिटी के मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है।

सालगाझूड़ी में ग्राम सभा आयोजित, आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए उलगुलान का ऐलान

सालगाझूड़ी में ग्राम सभा आयोजित, आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए उलगुलान का ऐलान

#जमशेदपुर : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के राजस्व ग्राम सालगाझूड़ी में रविवार को प्राथमिक विद्यालय परिसर में ग्राम सभा के माध्यम से मुंडा-मानकी एवं ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदिवासी समाज के लोगों ने झारखंड सरकार पर आदिवासियों के साथ छल-कपट करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने कहा कि भूमि माफियाओं द्वारा गांव में लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है। साथ ही, आदिवासियों के मूल अस्तित्व और पारंपरिक व्यवस्था को कमजोर करने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से दो बार विकास योजनाओं को बाधित करने का प्रयास किया गया। इससे आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है।
बैठक में युवाओं और बुजुर्गों ने पारंपरिक मुंडा-मानकी व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा वर्षों पुरानी देशउली परंपरा के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। बैठक में लगभग 30 गांवों के मुंडा-मानकी, डाकुआ दिउरी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
ग्राम सभा में आगे की रणनीति पर चर्चा करते हुए आदिवासी समाज ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए उलगुलान (आंदोलन) शुरू करने का निर्णय लिया।
इस मौके पर पूर्व प्रशासनिक अधिकारी जयपाल सिरका, दालमा राजा राकेश हेम्ब्रम, पीड़ मानकी संपूर्ण सावैयां, समाजसेवी बिनानंद सिरका, मुंडा नेपा गगराई, रामचंद्र तियु, राम पाड़ेया, गंगाधर बंद्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सरायकेला में जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान का नववर्ष मिलन समारोह आयोजित

सरायकेला में जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान का नववर्ष मिलन समारोह आयोजित

सरायकेला : सरायकेला स्थित जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान के कलाकारों द्वारा नववर्ष के अवसर पर नया साल मिलन समारोह एवं रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इस मौके पर संस्था से जुड़े कलाकारों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और आने वाले वर्ष में सांस्कृतिक गतिविधियों को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

मिलन समारोह के दौरान आगामी मार्च माह में प्रस्तावित ओड़िया नाटक के मंचन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नाटक के विषय, प्रस्तुति शैली, मंच सज्जा और अभ्यास कार्यक्रम पर कलाकारों ने अपने सुझाव रखे। सभी ने मिलकर उत्कृष्ट और प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति देने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम का मार्गदर्शन निर्देशक श्री नीलकंठ सड़ंगी ने किया। इस अवसर पर शशांक कुमार साथुआ, सोनू आचार्य, चंदन साहू, मनबोध दारोघा, टिंकू साहू, बबलू साथुआ, मुकेश साहू, तापस साहू, अशोक साहू, राजेश दारोघा, मनोरंजन दारोघा, किशोर सड़ंगी, तापस मोदक, अगस्ती बारीक, राखोहरी रजक एवं सुमित पति सहित सभी कलाकार उपस्थित रहे।

मानकी मुंडा संघ की आपात बैठक में झारखंड पेसा नियमावली 2025 सर्वसम्मति से खारिज

मानकी मुंडा संघ की आपात बैठक में झारखंड पेसा नियमावली 2025 सर्वसम्मति से खारिज

चाईबासा : मानकी मुंडा रेस्ट हाउस, मंगला हाट, चाईबासा में मानकी मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट केंद्रीय समिति की एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष श्री गणेश पाठ पिंगुआ ने की।
बैठक में पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम, 1996 (पेसा) तथा झारखंड पंचायत राज अधिनियम, 2001 की धारा 131(1) के अंतर्गत बनाए गए झारखंड पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) नियमावली 2025 की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद बैठक में उपस्थित मानकी, मुंडा, डाकुवा एवं रैयतों ने सर्वसम्मति से इस नियमावली को असंवैधानिक बताते हुए खारिज कर दिया।
बैठक में उठाए गए प्रमुख आपत्तियाँ
पेसा अधिनियम 1996 की धारा 5 के अनुसार, अधिनियम लागू होने के एक वर्ष के भीतर नियमावली बननी थी, लेकिन झारखंड सरकार ने लगभग 29 वर्ष बाद नियमावली अधिसूचित की, जो असंवैधानिक है।
पेसा अधिनियम 1996 संसद द्वारा पारित एवं राष्ट्रपति द्वारा अनुमोदित है, जबकि झारखंड पंचायत राज अधिनियम 2001 राज्य कानून है, जिसे अनुसूचित क्षेत्रों पर वरीयता नहीं दी जा सकती।
झारखंड नियमावली 2025 में ग्राम सभा की परिभाषा राज्य अधिनियम 2001 के अनुसार ली गई है, जबकि पेसा अधिनियम 1996 में ग्राम सभा को धारा 4(म)(i) से 4(म)(vii) तक विशेष अधिकार प्राप्त हैं, जिनका उल्लंघन किया गया है।
नियमावली 2025 में लगभग 25 अन्य अधिनियमों व नियमों को शामिल किया गया है, जो संविधान की पाँचवीं अनुसूची के प्रावधानों के विपरीत है।
सरकार से की गई मांग
बैठक में झारखंड सरकार से मांग की गई कि पेसा अधिनियम 1996 की धारा 3, धारा 4(म) एवं धारा 5 के आलोक में अनुसूचित क्षेत्रों में उच्च स्तर पर स्वशासी परिषद तथा निचले स्तर पर ग्राम सभा की स्थापना हेतु नई अधिसूचना जारी की जाए।
बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग
बैठक में कृष्णा सामाड, कामिल केराई, ललित सावयाँ, दलप देवगम, कृष्णा सिंकू, सुशील कुमार सिंकु, बागुन सोय, प्रभु सहाय देवगम, अर्जुन देवगम, सुभाष बारी, नसीम चाचिया, विश्वनाथ सवाइयाँ, हरे कृष्णा महापात्र, चंदन होनहगा (महासचिव) सहित कई मानकी, मुंडा, डाकुवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।