maskal.news

1035 Posts
कोल्हान विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए बस सेवा की मांग

कोल्हान विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए बस सेवा की मांग

चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय, टाटा कॉलेज, जीसी जैन कमर्स कॉलेज, महिला कॉलेज और आईटीआई कॉलेज सहित अन्य कॉलेजों के छात्रों के लिए सस्ती और नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनीष गोप और कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने गुरुवार को कुलपति की अनुपस्थिति में सहायक वीसी सेल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि प०सिंहभूम जिले के दूरदराज क्षेत्रों से प्रतिदिन लंबे सफर करके छात्र शिक्षा के लिए आते हैं। वर्तमान में सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बस समय पर नहीं मिलने से छात्र महत्वपूर्ण कक्षाओं को मिस कर रहे हैं। निजी वाहनों और टैक्सी का खर्च भी अधिक है और देर शाम कक्षाएं खत्म होने के बाद घर लौटने में सुरक्षा का भी खतरा रहता है।
इसलिए छात्रों ने मुख्य रूटों पर विश्वविद्यालय की नियमित बस सेवा चलाने, स्टूडेंट पास के माध्यम से रियायती किराए की व्यवस्था करने और बसों का समय कक्षाओं के अनुसार निर्धारित करने की मांग की। मौके पर एनएसयूआई के जिला महासचिव आर्य प्रकाश सोय, सदस्य साहिल बिरुली, रूप सिंह बिरुली, हरिहर सावैयां और राजवीर प्रधान भी मौजूद थे।

माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास राय, जिला कोषागर पदाधिकारी अपर्णा सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने परीक्षा से जुड़ी तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में माध्यमिक परीक्षा के लिए 42 परीक्षा केंद्रों पर 11,709 परीक्षार्थी एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 30 परीक्षा केंद्रों पर 9,178 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड द्वारा निर्धारित तिथि, समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विधि-व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, समय पालन, परीक्षार्थियों की सुविधा, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित की जाएं।

टाटा–कांड्रा मार्ग पर सड़क हादसा, तीन लोग घायल

टाटा–कांड्रा मार्ग पर सड़क हादसा, तीन लोग घायल

सरायकेला : टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर गुरुवार को पिंडराबेड़ा के पास एक तेज रफ्तार स्कोडा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे से कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र के निवासी थे और मुड़िया से मानगो की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार कांड्रा की ओर से तेज गति में आ रही थी, तभी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया।
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चाईबासा समाहरणालय परिसर में पलाश दीदी कैफे का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगा रोजगार

चाईबासा समाहरणालय परिसर में पलाश दीदी कैफे का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगा रोजगार

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित समाहरणालय परिसर में सदर चाईबासा प्रखंड के सपना स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित नवअधिष्ठापित पलाश दीदी कैफे का विधिवत उद्घाटन डीडीसी एवं अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। दीदी कैफे के संचालन हेतु समूह को क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के माध्यम से ₹3 लाख का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
समाहरणालय परिसर में दीदी कैफे के शुरू होने से आम नागरिकों एवं कार्यालय कर्मियों को ताजा एवं गर्म भोजन, नाश्ता, चाय और स्नैक्स की सुविधा मिलेगी। डीडीसी की सक्रिय पहल से समाहरणालय में इस कैफे की स्थापना संभव हो सकी। कैफे में जिले के पारंपरिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थ भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार सृजन और स्वयं सहायता समूहों की आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पश्चिमी सिंहभूम में शिक्षा योजनाओं की समीक्षा, छात्रवृत्ति, परीक्षा परिणाम और ई-विद्या वाहिनी पर दिया गया जोर

पश्चिमी सिंहभूम में शिक्षा योजनाओं की समीक्षा, छात्रवृत्ति, परीक्षा परिणाम और ई-विद्या वाहिनी पर दिया गया जोर

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री चंदन कुमार की अध्यक्षता में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) की प्रखंडवार समीक्षा की गई। योजना के तहत कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों को ₹1500, कक्षा 6 से 8 को ₹2500 तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को ₹4500 वार्षिक सहायता दी जा रही है। जिले में अब तक 765 छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ दिया गया है। बताया गया कि जिले के 2064 सरकारी विद्यालयों में लगभग 2 लाख 69 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। साथ ही वर्ष 2025-26 में यूनिफॉर्म वितरण तथा वर्ष 2026-27 में स्कूल बैग वितरण से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई।
अर्द्धवार्षिक परीक्षा 2025-26 की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विषय व विद्यालयवार सूची तैयार करने तथा संबंधित विद्यालयों का निरीक्षण कर उत्तरपुस्तिकाओं के अवलोकन का निर्देश दिया। सभी प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।
ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर छात्रों एवं शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया। लगातार लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों की पहचान कर सेवा संहिता के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों में इको क्लब गठन, विद्यालयों में आधारभूत संरचना जैसे चारदीवारी, शौचालय, पेयजल, छात्रावास एवं पहुंचपथ की उपलब्धता की समीक्षा की गई और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री टोनी प्रेमराज, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार सहित अन्य शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर समाहरणालय सभागार में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर समाहरणालय सभागार में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों, निर्वाचन कर्मियों एवं नागरिकों को मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई गई।
इस अवसर पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं निर्वाचन कार्यक्रम–2025 के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से तीन–तीन बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जिसकी मजबूती प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और जिम्मेदार मतदान पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन लोकतंत्र की पहचान है और इसे बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से जोड़ने का निरंतर प्रयास करें। साथ ही फॉर्म-6 (नया पंजीकरण), फॉर्म-7 (विलोपन) और फॉर्म-8 (संशोधन) से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची का निर्माण समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही संभव है।
कार्यक्रम के अंत में नए मतदाताओं के बीच ईपीआईसी कार्ड का वितरण किया गया तथा समाहरणालय परिसर से गुब्बारे उड़ाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

बलांगीर लोकउत्सव–2026 में सरायकेला शैली छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति, कलाकारों ने लूटी वाहवाही

बलांगीर लोकउत्सव–2026 में सरायकेला शैली छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति, कलाकारों ने लूटी वाहवाही

सरायकेला : राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र, सरायकेला के कलाकारों ने ओड़िशा सरकार द्वारा बलांगीर में आयोजित बलांगीर लोकउत्सव–2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रम में दो दिवसीय सरायकेला शैली छऊ नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। टीम का नेतृत्व कॉर्डिनेटर सुदीप कबी ने किया।
कार्यक्रम के पहले दिन दुर्गा नृत्य तथा दूसरे दिन चंद्रभागा नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित दर्शकों एवं कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन अवसर पर बलांगीर जिला प्रशासन की ओर से सभी कलाकारों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दल में कॉर्डिनेटर सुदीप कबी के साथ संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त गुरु ब्रजेन्द्र पटनायक, गजेंद्र महंती, संतोष कर, प्रफुल्ल नायक, विनोद प्रधान, देव नारायण सिंह, गणेश चंद्र महंती, ठाकुर सरदार, असित पटनायक, गोपाल पटनायक, कुना सामल, मिहिर लाल महतो, आद्यापदो साहू, सुमंत कबी एवं अमन कर शामिल थे।

कोल्हान पोड़ाहाट में मानकी-मुण्डा संघ का पुनर्गठन समारोह सम्पन्न

कोल्हान पोड़ाहाट में मानकी-मुण्डा संघ का पुनर्गठन समारोह सम्पन्न

पोड़ाहाट : कोल्हान पोड़ाहाट (18 अंचल) अंतर्गत मानकी-मुण्डा संघ द्वारा आयोजित पुनर्गठन समारोह में श्री गणेश पाट पिगुवा जी (मानकी) को सर्वसम्मति से एक बार फिर संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। समारोह में सामाजिक नेतृत्व, पारंपरिक व्यवस्था तथा आदिवासी स्वशासन को सशक्त करने पर जोर दिया गया।

श्री पिगुवा लंबे समय से समाज के अधिकार, परंपरा और एकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनके पुनः मनोनयन से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई। इस अवसर पर देशाऊली फाउंडेशन परिवार की ओर से अध्यक्ष श्री गणेश पाट पिगुवा जी सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक, अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश

जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक, अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश

सराइकेला : आज उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के दौरान अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी दी। इस दौरान लौह अयस्क लदा एक ट्रेलर और बालू लदे दो हाईवा जब्त किए गए। सहरबेड़ा नदी घाट से 10 डोंगी नावों को नष्ट किया गया। साथ ही दो प्राथमिकी दर्ज की गईं और लगभग 8,000 घनफीट पत्थर जब्त किया गया। कुल छह वाहनों से ₹1.50 लाख की दंड राशि वसूली गई।

बैठक में बताया गया कि जिले के विभिन्न GR स्थलों पर जब्त लगभग 12 लाख घनफीट अवैध बालू की ई-ऑक्शन के माध्यम से नीलामी की गई, जिससे करीब ₹2.30 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी के दौरान एक अवैध पत्थर खदान, छह अवैध क्रशर इकाइयों और तीन ईंट भट्टों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

उपायुक्त ने जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित औचक निरीक्षण, संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापना, वाहनों की सघन जांच और वैध दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम तत्काल छापेमारी करे और दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।

पश्चिमी सिंहभूम में बाल-संवेदनशील पुलिसिंग पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित

पश्चिमी सिंहभूम में बाल-संवेदनशील पुलिसिंग पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुवार को बाल-संवेदनशील पुलिसिंग, किशोर न्याय अधिनियम, बच्चों की देखभाल व संरक्षण तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम-2006 विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विशेष किशोर पुलिस इकाइयों को सशक्त बनाना तथा बाल संरक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनाना था।

इस कार्यक्रम का आयोजन पश्चिमी सिंहभूम पुलिस विभाग द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से तथा सेंटर फॉर चाइल्ड राइट्स (CCR), नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), रांची के तकनीकी सहयोग से किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न थानों से आए 39 बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी (CWPO) शामिल हुए।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने सभी थानों में बाल मित्र थाना के निर्माण एवं संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यूनिसेफ और CCR, NUSRL के सहयोग से बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों के लिए सात चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका तीसरा चरण आज संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत CCR, NUSRL के अनिरुद्ध सरकार के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद नरेंद्र शर्मा ने पूर्व प्रशिक्षणों की जानकारी साझा की। तकनीकी सत्र में यूनिसेफ के बाल संरक्षण अधिकारी गौरव ने किशोर न्याय अधिनियम-2015 एवं झारखंड किशोर न्याय नियम-2017 के तहत बाल-संवेदनशील पुलिसिंग के सिद्धांतों, बालकों के विरुद्ध अपराधों की पहचान तथा संवेदनशील कार्यवाही की प्रक्रिया पर जानकारी दी। साथ ही CWPO की भूमिका, जिम्मेदारियां, विभिन्न बाल संरक्षण संस्थाओं से समन्वय एवं रिपोर्टिंग प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।

मुख्य सत्रों में बाल विवाह, लैंगिक शोषण एवं विधि से संघर्षरत बच्चों से जुड़े मामलों पर केस स्टडी आधारित अभ्यास कराए गए। इस दौरान प्रतिभागियों की क्षमता आकलन एवं आगे की रणनीति पर समूह चर्चा भी हुई। कार्यक्रम में पीसीआई इंडिया के सलाहकार हिमांशु जेना ने भी भाग लिया और बाल विवाह उन्मूलन जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।