maskal.news

1044 Posts
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सरायकेला सिविल कोर्ट परिसर में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सरायकेला सिविल कोर्ट परिसर में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

सरायकेला : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार तथा रमाशंकर सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार 25 जनवरी को सरायकेला सिविल कोर्ट परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना एवं मतदान के महत्व के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों एवं पैरा लीगल वालंटियर्स ने सामूहिक रूप से मतदान संबंधी शपथ ली।
समारोह में बिरेश कुमार, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, बी.के. पाण्डेय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-I, दीपक मलिक, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-II, लूसी सोसेन टिग्गा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, अनामिका किस्कू, सिविल जज (वरीय वर्ग)-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (प्रभारी), आशीष अग्रवाल, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी-सह-प्रिन्सिपल मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड एवं धृति धैर्य, अपर सिविल जज (कनिष्ठ वर्ग) उपस्थित रहे।
इसके अलावा सिविल कोर्ट, सरायकेला के वर्ग-III एवं वर्ग-IV कर्मचारी तथा पैरा लीगल वालंटियर्स भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए निष्पक्ष एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में मतदान करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी शपथ ग्रहण समारोह एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए निर्भीक होकर अपने मताधिकार के प्रयोग की अपील की गई।
कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र सशक्त और जीवंत बनता है।

चाईबासा में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आयोजित

चाईबासा में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आयोजित

पश्चिमी सिंहभूम : चाईबासा जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन कार्यालय के तत्वावधान में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एकदिवसीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक (आईटीडीए), अपर उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन सुनिश्चित करने तथा बिना किसी प्रलोभन के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रगान के साथ किया गया।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं 5 बीएलओ सुपरवाइजर को अंग वस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा विद्यालय स्तर पर आयोजित निबंध, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा तीन प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड भी सौंपे गए।

गणतंत्र दिवस पर आत्ममंथन आवश्यक: अधिकार हैं, लेकिन आमजन आज भी बुनियादी जरूरतों से वंचित:- धी. रामहरि पेरियार

गणतंत्र दिवस पर आत्ममंथन आवश्यक: अधिकार हैं, लेकिन आमजन आज भी बुनियादी जरूरतों से वंचित:- धी. रामहरि पेरियार

चाईबासा : गणतंत्र दिवस पर देशभर में उत्सव मनाया जा रहा है, लेकिन यह भी जरूरी है कि हम इस मौके पर आत्ममंथन करें कि क्या हम वास्तव में संविधान की भावना के अनुरूप एक न्यायपूर्ण और समान समाज बना पाए हैं।
एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा व विधानसभा प्रत्याशी धी. रामहरि पेरियार ने कहा कि संविधान लागू हुए 75 वर्षों बाद भी देश का बड़ा वर्ग आज तक रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों से कोसों दूर है। सवाल यह है कि जब देश गणतंत्र है, तो जनता आज भी क्यों असमानता, भुखमरी, बेरोजगारी, अन्याय और शोषण का शिकार है?
उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें समानता का अधिकार दिया, लेकिन सामाजिक और आर्थिक असमानता आज भी जमीनी सच्चाई बनी हुई है। शिक्षा का अधिकार होने के बावजूद करोड़ों बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हैं। स्वास्थ्य का अधिकार होने के बावजूद गरीब जनता आज भी महंगे इलाज और कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था से जूझ रही है। रोजगार के अधिकार की बात होती है, लेकिन युवा वर्ग बेरोजगारी और असुरक्षा की आग में जल रहा है।
धी. रामहरि पेरियार ने यह भी कहा कि आज लोकतंत्र का स्वरूप केवल चुनाव और सत्ता तक सीमित होता जा रहा है, जबकि लोकतंत्र का असली अर्थ है, जनता का सम्मान, उनकी जरूरतों की पूर्ति और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना। जब आम नागरिक अपने ही अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हो जाए, तो यह गणतंत्र के उद्देश्य पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
उन्होंने सरकार से अपील की कि वह केवल समारोहों तक सीमित न रहे, बल्कि संविधान की आत्मा को जमीन पर उतारे। नीतियां ऐसी हों जो सिर्फ आंकड़ों में नहीं, बल्कि जनता की जिंदगी में बदलाव लाएं। गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर और युवा, सभी को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिले, यही सच्चा गणतंत्र होगा।
गणतंत्र दिवस केवल झंडा फहराने का दिन नहीं है, बल्कि यह दिन हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या हम वास्तव में एक न्यायपूर्ण, समान और मानवीय समाज की ओर बढ़ रहे हैं? अगर नहीं, तो यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम सवाल उठाएं, संघर्ष करें और संविधान में निहित मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व, को वास्तविक जीवन में स्थापित करें।
असली गणतंत्र तभी होगा जब
संविधान सिर्फ किताब में नहीं,
बल्कि हर नागरिक की थाली, स्कूल, अस्पताल, रोजगार और सम्मान में उतरे।

चाईबासा में फोटोग्राफरों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच, वेस्ट सिंहभूम की टीम विजयी

चाईबासा में फोटोग्राफरों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच, वेस्ट सिंहभूम की टीम विजयी

चाईबासा : दो जिलों के फोटोग्राफरों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से चाईबासा स्पोर्ट्स ग्राउंड में फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर (PAJ) एवं वेस्ट सिंहभूम फोटोग्राफर एसोसिएशन (WSPA) के बीच एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस रोमांचक मुकाबले में वेस्ट सिंहभूम फोटोग्राफर एसोसिएशन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर वेस्ट सिंहभूम फोटोग्राफर एसोसिएशन ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर की टीम ने 12 ओवरों में 131 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट सिंहभूम की टीम ने सधी हुई रणनीति के तहत 11 ओवरों में 5 विकेट खोकर 132 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री रमेश खिरवार (लड्डू) उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए PAJ की ओर से सच्चिदानंद सिंह उर्फ तन्नू को ‘बेस्ट प्लेयर’ का पुरस्कार दिया गया, जिन्होंने 24 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। वहीं WSPA की ओर से सिकंदर गोप को उनकी प्रभावशाली गेंदबाजी के लिए ‘बेस्ट प्लेयर’ चुना गया।
वेस्ट सिंहभूम फोटोग्राफर एसोसिएशन की टीम का नेतृत्व संजय मुखी ने किया। टीम में करुणाकरण उदयन, शेख तबरेज, शादाब आलम, रोहित मुंडा, देवरथ सिंह, मकरध्वज महतो, गौरव बैग, सिकंदर गोप, बनारस गोप, विशाल तांती, जितेंद्र कुमार, मनीष बंदिया, सुमंत ठाकुर सहित अन्य खिलाड़ी शामिल थे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संरक्षक विश्वजीत भद्र, कोषाध्यक्ष दिलीप महतो, सह-कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद प्रजापति, सहसचिव तरुण दास, कार्यकारी सदस्य सुदर्शन तमसोय एवं सदस्य रोहित तांती, भानु और प्रकाश मुखी की अहम भूमिका रही।
दोनों टीमों ने खेल भावना के साथ सहभागिता निभाई और आयोजन को सफल बनाया। उल्लेखनीय है कि दोनों ही टीमें झारखंड फोटोग्राफी एसोसिएशन सेंट्रल की सदस्य हैं।

गोइलकेरा के रायम गांव में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन

गोइलकेरा के रायम गांव में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन

गोइलकेरा : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर गोइलकेरा प्रखंड के सुदूर रायम गांव में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन नव युवक संघ रायम द्वारा किया गया था। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं।

कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ सांसद का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि जीवन में खेलों का महत्वपूर्ण स्थान है। गांवों में ऐसे आयोजन से स्वस्थ मनोरंजन के साथ-साथ आपसी सहयोग और सौहार्द की भावना मजबूत होती है।

प्रतियोगिता में सीनियर साइकिल रेस, बच्चों की दौड़, रस्सी कूद, मेंढक रेस और महिलाओं की बॉल पासिंग सहित कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सांसद के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए।

इससे पूर्व सांसद जोबा माझी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में जिला परिषद सदस्य शिवरतन नायक, मुखिया सिकंदर जोंकों, झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, वार्ड सदस्य हेलन मुंडारी, जेना बरजो, दानियल बरजो, रामनाथ बरजो, कांडे सिल्ली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

कुचाई में कुपोषित बच्चों के लिए ‘शिशु शक्ति’ पोषण योजना का शुभारंभ

कुचाई में कुपोषित बच्चों के लिए ‘शिशु शक्ति’ पोषण योजना का शुभारंभ

सरायकेला_खरसावां : कुचाई प्रखंड विकास सह अंचल कार्यालय सभागार में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ‘शिशु शक्ति’ संवर्धित टेक होम राशन (ए.टी.एच.आर.) वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की। इसका उद्देश्य सैम (गंभीर तीव्र कुपोषण) एवं मैम (मध्यम तीव्र कुपोषण) श्रेणी के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बच्चों, विशेषकर बालिकाओं का स्वास्थ्य सामाजिक विकास की नींव है। उन्होंने बताया कि जिले में नियमित टेक होम राशन (टी.एच.आर.) के साथ अब ऑगमेंटेड टेक होम राशन (ए.टी.एच.आर.) योजना शुरू की गई है, जिससे कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त एवं संतुलित पोषण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उपायुक्त ने विभागीय पदाधिकारियों, सीडीपीओ एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों की सही पहचान कर समय पर राशन वितरण और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के पोषण, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी सेविकाएँ, सहायिकाएँ, माताएँ एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

राउरकेला विमान हादसा: क्षतिग्रस्त विमान के अवशेष जांच के लिए भुवनेश्वर भेजे गए

राउरकेला विमान हादसा: क्षतिग्रस्त विमान के अवशेष जांच के लिए भुवनेश्वर भेजे गए

उड़ीसा : राउरकेला के जोल्डा अंचल में 10 जनवरी को दुर्घटनाग्रस्त हुए इंडिया वन एयर के विमान के क्षतिग्रस्त अवशेषों को आज एक बड़े ट्रेलर के माध्यम से राज्य की राजधानी भुवनेश्वर भेज दिया गया। हादसे के करीब दो सप्ताह बाद यह कार्रवाई की गई। विमान को आगे की तकनीकी जांच के लिए भुवनेश्वर ले जाया गया है, जहां से उसके इंजन को विस्तृत परीक्षण के लिए कनाडा भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि 10 जनवरी को हुए इस विमान हादसे के समय विमान में दो पायलटों सहित कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए राउरकेला स्थित जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
राहत की बात यह है कि दुर्घटना में घायल दोनों पायलट अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं अन्य घायलों की हालत में भी लगातार सुधार बताया जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं। विमान के मलबे और इंजन की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

एसपी मुकेश लुणायत ने आदित्यपुर, आरआईटी व गम्हरिया थाना का किया औचक निरीक्षण

एसपी मुकेश लुणायत ने आदित्यपुर, आरआईटी व गम्हरिया थाना का किया औचक निरीक्षण

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने शनिवार को आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित थाना के पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों, वारंट, इश्तेहार और कुर्की के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

सरायकेला में गणतंत्र दिवस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास सम्पन्न

सरायकेला में गणतंत्र दिवस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास सम्पन्न

सरायकेला : बिरसा मुंडा स्टेडियम में शनिवार, 24 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मुख्य परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत उपस्थित रहे।
पूर्वाभ्यास में नौ टुकड़ियों ने भाग लिया, जिनमें केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल 134वीं बटालियन, सशस्त्र सीमा बल रांची, जिला पुलिस बल (पुरुष और महिला), गृह रक्षक, सेंट जेवियर्स स्कूल गम्हरिया, जवाहर नवोदय विद्यालय सिजुलता, सेंट फ्रांसिस स्कूल सरायकेला और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर शामिल थे। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और राजनगर की छात्राओं ने बैंड पार्टी के रूप में परेड में भाग लिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी टुकड़ियों का उत्साहवर्धन किया और जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है जब हमारा संविधान अंगीकृत हुआ। उन्होंने जनता से अपील की कि परेड और अन्य कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में देखें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन और राष्ट्रभक्ति भावना के साथ परेड में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


सारंडा में घायल हाथी का रेस्क्यू अभियान जारी

सारंडा में घायल हाथी का रेस्क्यू अभियान जारी

कोल्हान : पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में पिछले दो दिनों से एक जंगली दांतैल हाथी घायल अवस्था में विचरण कर रहा था। हाथी के बाएं पैर में गंभीर जख्म था, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी।
वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेष रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस अभियान में वनतारा की विशेषज्ञ टीम और मनोहरपुर तथा चाईबासा से आए पशु चिकित्सक शामिल हैं। डॉक्टरों द्वारा लगातार दवाइयां दी जा रही हैं, ताकि हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू में लाकर उसका इलाज किया जा सके।
कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को ट्रेंकुलाइज कर नियंत्रण में लिया गया। सुरक्षा के लिए उसके चारों ओर तारों से घेरा बनाकर उसे बेहोश किया गया और घायल पैर के जख्म का इलाज शुरू किया गया। हाथी की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है।
मौके पर सारंडा डीएफओ, रेंजर, कोएना रेंजर और समता वन क्षेत्र के अधिकारी मौजूद हैं। इसके अलावा किरीबुरू, मनोहरपुर और गुवा से आई वन विभाग की टीमें भी रेस्क्यू और इलाज कार्य में जुटी हैं। वन विभाग का कहना है कि हाथी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इलाज के बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा जाएगा।