चाईबासा | आदिवासी विकास समिति धूमकुडिया द्वारा आयोजित छठे समर कैंप का पुरस्कार वितरण समारोह श्रद्धानंद विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समर कैंप के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता, कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा कक्षा 8 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषयों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नितिन प्रकाश ने बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के महत्व एवं समाज के समग्र उत्थान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों की प्रतिभा को निखारने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में आदिवासी विकास समिति धूमकुडिया के सचिव कृष्णा कच्छप, मुण्डुएदल की शिक्षिका अनीता टोप्पो, श्रद्धानंद बालिका मध्य विद्यालय की शिक्षिका निशा कुमारी, डीएवी विद्यालय की शिक्षिका अन्नू कुजुर, वार्ड पार्षद डोमा मिंज,

वीरेंद्र उरांव, भगवानदास तिर्की, भरत भूषण खलखो, हरीश लकड़ा, संचू तिर्की, कंदरू टोप्पो, रमेश लकड़ा, बबला रजक, गंगा लकड़ा, गौरी शंकर टोप्पो, किशोर लकड़ा, धर्मा तिग्गा, राजेश लकड़ा, संजय तिग्गा, पन्ना कच्छप, राजू तिग्गा सहित समिति के कई सदस्य एवं अभिभावक उपस्थित थे।


