रांची | झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री राहत योजना का स्वागत करते हुए कहा कि यह योजना सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को ‘गोल्डन आवर’ यानी हादसे के एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचने पर डेढ़ लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। उन्होंने इसे त्वरित और सुनिश्चित उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जिससे झारखंड के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

जानकारी के अनुसार, यह योजना 4 मई 2025 को अधिसूचित की गई थी और 13 फरवरी 2026 को औपचारिक रूप से लॉन्च की गई। योजना का संचालन आयुष्मान भारत के टीएमएस 2.0 पोर्टल पर किया जा रहा है। पात्र मामलों में इस योजना को अन्य योजनाओं पर प्राथमिकता दी जाएगी। दुर्घटना से संबंधित थाने द्वारा सत्यापन के बाद इलाज की प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि, दुर्घटना के 24 घंटे बाद अस्पताल में भर्ती होने पर खर्च इस योजना के तहत कवर नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और स्वास्थ्य सचिवों के साथ योजना की समीक्षा की। डॉ. अंसारी ने सुझाव दिया कि इस विषय पर सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों की एक विस्तृत बैठक दिल्ली में आयोजित की जानी चाहिए।
रमजान माह को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने पहले अपनी बात रखने का आग्रह किया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सहमति दी। उन्होंने कहा कि यह योजना समय पर इलाज सुनिश्चित कर कई परिवारों को आर्थिक और मानसिक संकट से बचाने में मदद करेगी।

