लातेहार | 23वीं सब जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में पूर्वी सिंहभूम जिला टीम ने तीन दिवसीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर है।

इस प्रतियोगिता के आधार पर पूर्वी सिंहभूम की तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों — बबली महतो, तृप्ति मिंज और वैष्णवी गुप्ता — का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान लातेहार जिला के आईटीडीए पदाधिकारी सह प्रवीण गागराई एवं जैगुवार के जिला पदाधिकारी के हाथों खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। टीम के कोच के रूप में रमेश चंद्र सुंडी और संतोष जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लातेहार से पश्चिम बंगाल के हुगली के लिए रवाना हो चुकी हैं। यह प्रतियोगिता 25 फरवरी से 29 फरवरी तक आयोजित की जाएगी।

