देवघर : देवघर–देवीपुर मुख्य सड़क पर नावाडीह रेलवे फाटक के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गोरखपुर से आसनसोल जा रही एक यात्री ट्रेन की टक्कर एक ट्रक से हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जसीडीह से आसनसोल की ओर जा रही ट्रेन जैसे ही नावाडीह रेलवे फाटक के पास पहुंची, उसी समय देवघर से देवीपुर की ओर जा रहा एक ट्रक खुले रेलवे फाटक से रेल लाइन पार करने लगा। इसी दौरान ट्रेन का इंजन ट्रक से टकरा गया।
लोको पायलट ने खतरे को भांपते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क की ओर पलट गया और दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों मोटरसाइकिल सवार घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क और रेल यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेल पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे प्रशासन द्वारा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को रेल लाइन से हटाने का कार्य शुरू किया गया, ताकि जल्द से जल्द परिचालन बहाल किया जा सके।
हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, रेलवे फाटक खुले रहने को लेकर गेटमैन की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लोको पायलट की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

