चाईबासा | झारखण्ड आंदोलनकारी सिंहभूम के तत्वावधान में आगामी 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को सुबह 11:00 बजे रविन्द्र भवन, चाईबासा में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखण्ड आंदोलन से जुड़े कई वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित आंदोलनकारी शामिल होकर दिवंगत साथियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

झारखण्ड आंदोलनकारी सिंहभूम के केंद्रीय प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने संगठन की बैठक में पारित प्रस्ताव के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि श्रद्धांजलि सभा में आजसू के संस्थापक एवं पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा, मंगल सिंह बोबोंगा, रामचंद्र सहिस, लम्बोदर महतो, सेवानिवृत्त न्यायाधीश रत्नाकर भेंगरा, आजसू के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष प्रभाकर तिर्की, डॉ. देवशरण भगत, ललित महतो सहित झारखण्ड आंदोलन के अनेक वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि सभा केवल दिवंगत झारखण्ड आंदोलनकारियों दामू बानरा, देवेंद्र माझी और के.सी. हेम्बरोम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अलग झारखण्ड राज्य के निर्माण के संघर्ष में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी दिवंगत आंदोलनकारी साथियों को सामूहिक रूप से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

बुधराम लागुरी ने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को झारखण्ड आंदोलन के इतिहास, संघर्ष और बलिदान से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। सभा के दौरान आंदोलनकारियों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके संघर्षों, विचारों और आदर्शों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।

संगठन की ओर से सभी झारखण्ड आंदोलनकारियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने की अपील की गई है, ताकि दिवंगत आंदोलनकारी साथियों को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की जा सके और झारखण्ड आंदोलन की विरासत को सशक्त बनाने में सहभागिता सुनिश्चित हो।

इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता आसमान सुंडी ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बुधराम लागुरी ने किया। बैठक में अजय महतो, बाबू अहमद, सिदेश्वर बानरा, नारायण देवगम, बिनोद कंडेयांग, दामू बानरा (राकेश), सुरेश कालूंडिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

