maskal.news

1034 Posts
समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक

समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न आपूर्ति, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, चावल दिवस, सोना–सोबरन धोती–साड़ी योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई-केवाईसी, डीलर टैगिंग/री-टैगिंग, NFSA अंतर्गत खाद्यान्न व नमक वितरण सहित अन्य योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि विभागीय योजनाओं का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न वितरण, शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा तकनीकी या नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर शेष कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, लंबे समय से राशन नहीं उठाने वाले या ई-केवाईसी में सहयोग नहीं करने वाले लाभुकों की स्थलीय जांच कर नियमानुसार नाम विलोपन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।

गम्हरिया एवं आदित्यपुर क्षेत्र में सभी राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन के लिए जिला स्तरीय टीम गठित कर सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में नवपदस्थापित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त कर योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा, जिले के 27 लैम्प्स के माध्यम से हो रही धान अधिप्राप्ति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने धान खरीद में सुधार, किसानों को समय पर भुगतान और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान अधिप्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सरायकेला–खरसावाँ में बस सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश

सरायकेला–खरसावाँ में बस सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश

खरसावाँ : सरायकेला–खरसावाँ जिले में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी ने बस स्वामियों और परिचालकों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। सभी बस ऑपरेटरों को Central Institute of Road Transport (CIRT) द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
निर्देश के अनुसार सभी स्लीपर कोच बसों से ड्राइवर पार्टीशन डोर और स्लीपर बर्थ में लगे स्लाइडर्स हटाना अनिवार्य किया गया है। साथ ही एक माह के भीतर सभी स्लीपर बसों में Fire Detection and Suppression System (FDSS) लगाना होगा। प्रत्येक बस में 10 किलोग्राम क्षमता का अग्निशामक यंत्र रखना भी जरूरी होगा।
अनधिकृत रूप से चेसिस का विस्तार कर बनाई गई बसों को तत्काल परिचालन से बाहर किया जाएगा। बसों का पंजीकरण केवल फॉर्म 22/22A, वैध ले-आउट ड्राइंग और अनुमोदित एजेंसी की स्वीकृति के बाद ही किया जाएगा।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बसों का संचालन CMVR 1989 तथा AIS:052 और AIS:119 के प्रावधानों के अनुसार ही होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित बस स्वामी और परिचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मकर संक्रांति पर रोटी बैंक यूथ क्लब चाईबासा ने जरूरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण

मकर संक्रांति पर रोटी बैंक यूथ क्लब चाईबासा ने जरूरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण

चाईबासा : मकर संक्रांति के अवसर पर ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से रोटी बैंक यूथ क्लब चाईबासा की ओर से गरीबों और असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। यह वितरण बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास किया गया, ताकि जरूरतमंदों को कड़ाके की ठंड से राहत मिल सके।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मयूर होटल के संतोष गुप्ता, फॉर यू क्रिएशन के अनुज सिंहा, ए.के. स्टेशनरी के कोमल कालिंदी, दीपिका देवी और चांदनी देवी का सराहनीय सहयोग रहा। मौके पर समाजसेवी रोहित सिंहा, शुभम सिंह राजपूत, पृथ्वी राज, खुदिया तिर्की, पारस अग्रवाल, अरविंद कालिंदी, अख्तर, जमदार पूर्ति सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

रोटी बैंक यूथ क्लब चाईबासा के सदस्यों ने बताया कि ठंड के इस कठिन समय में किया गया छोटा-सा प्रयास भी जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत बन सकता है। उन्होंने कहा कि मानवता और सेवा भावना से किया गया यह कार्य समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता को मजबूत करता है। उल्लेखनीय है कि रोटी बैंक यूथ क्लब चाईबासा प्रतिदिन रात में गरीबों को एक समय का भोजन भी उपलब्ध कराती है।

पत्रकार एकता मंच कोल्हान ने टुसू पर्व पर जरूरतमंद महिलाओं के बीच किया साड़ी वितरण

पत्रकार एकता मंच कोल्हान ने टुसू पर्व पर जरूरतमंद महिलाओं के बीच किया साड़ी वितरण

जमशेदपुर : पत्रकार एकता मंच कोल्हान द्वारा सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए सोमवार को टुसू पर्व के अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन किताडीह सरना मार्शल क्लब परिसर में किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्टी सह संरक्षक गोविंदा पति ने कहा कि टुसू पर्व झारखंड का प्रमुख लोकपर्व है, जिसे पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। पर्व के दौरान नए वस्त्र पहनने की परंपरा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाएं इससे वंचित न रहें, इसी उद्देश्य से साड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मंच के महासचिव सुनील पांडे, सलाहकार विजय कुमार चंद्रवंशी, वरीय सदस्य शहजादा खान, जिला प्रभारी मनीष ओझा, आईटी सेल प्रभारी गुणाधर गोप सहित शिवरंजन, कामदेव कुमार, दिनेश मुदी और परमबीर पात्रो उपस्थित रहे।
इसके अलावा पश्चिम कीताडीह पंचायत की पंचायत समिति सदस्य द्रोपदी मुंडा, वार्ड सदस्य आशा ईचागट्टू एवं गुड़िया पात्रो, समाजसेवी सरस्वती सामंत, निता सरकार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं मौजूद थीं।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

डुकरी निवासी शिव शंकर बोदरा का कुशालडीह चौक पर नागरिक अभिनंदन

डुकरी निवासी शिव शंकर बोदरा का कुशालडीह चौक पर नागरिक अभिनंदन

चक्रधरपुर : डुकरी निवासी शिव शंकर बोदरा को उनकी कड़ी मेहनत और सफलता के लिए सोमवार को कुशालडीह चौक पर भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। समाजसेवी सह कांग्रेस नेता विजय सिंह सामाड के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शिव शंकर बोदरा को माला पहनाकर, बुके भेंट कर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। विजय सिंह सामाड ने कहा कि शिव शंकर ने अपनी मेहनत से न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

उल्लेखनीय है कि शिव शंकर बोदरा पहले रेलवे ग्रुप-डी में कार्यरत थे। निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने सीजीएल (CGL) परीक्षा में सफलता प्राप्त की। चयन के बाद 30 दिसंबर 2025 को उन्हें नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ और उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (ASO) के पद पर योगदान दिया।

समारोह में उनके मामा सुशील सामाड सहित धर्म सिंह सरदार, रामचंद्र सामाड, अभय सामाड, कृष्णा सामाड, मानकी जर्मन सामाड, सीताराम सामाड, गोमेया सरदार, सविता देवी, नरेंद्र मुंडा, मांगु राम सामाड, हेमंत मुखी, सरोज महाकुड़, प्रदीप साह, धनेश्वर तांती, लखींद्र गोप, सतीश सिजुई, प्रेमलाल सामाड सहित अन्य ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभा की बड़ी उपलब्धि बताया।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत आदित्यपुर के इमली चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत आदित्यपुर के इमली चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गम्हरिया : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत गम्हरिया प्रखंड के आदित्यपुर नगर क्षेत्र स्थित इमली चौक में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरीजा शंकर महतो के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने, लापरवाह ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। साथ ही हिट एंड रन मामलों, गुड समैरिटन कानून और मोटरयान अधिनियम के तहत दंडात्मक प्रावधानों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया।
कार्यक्रम के क्रम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की काउंसलिंग की गई और मौके पर ऑनलाइन चालान भी काटे गए। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन के माध्यम से गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया। अभियान में सड़क सुरक्षा टीम के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

खरसावां में आखान यात्रा पर निःशुल्क सेवा शिविर का आयोजन

खरसावां में आखान यात्रा पर निःशुल्क सेवा शिविर का आयोजन

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां स्थित माता आकर्षिणी देवी शक्तिपीठ में आखान यात्रा के शुभ अवसर पर 15 जनवरी को प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी आदर्श युवा समिति, जगन्नाथपुर की ओर से निःशुल्क चना-गुड़ एवं जल वितरण सह प्राथमिक उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में समिति के संरक्षक विष्णु प्रधान ने बताया कि आखान यात्रा के अवसर पर माता आकर्षिणी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान भक्त श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क चना, गुड़, नारियल एवं शुद्ध पेयजल का वितरण किया जाएगा।
विष्णु प्रधान ने बताया कि आदर्श युवा समिति विगत 27 वर्षों से लगातार माता आकर्षिणी शक्तिपीठ में सेवा शिविर लगाकर भक्तों की सेवा करती आ रही है। समिति के सदस्य अहले सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं को चना-गुड़, जल वितरण के साथ-साथ प्राथमिक उपचार की सुविधा भी प्रदान करते हैं।

20 लोगों की जान लेने वाले हाथी पर नियंत्रण में विफल वन विभाग, जिला प्रशासन के सिस्टम पर गंभीर सवाल:- धी. रामहरि पेरियार

20 लोगों की जान लेने वाले हाथी पर नियंत्रण में विफल वन विभाग, जिला प्रशासन के सिस्टम पर गंभीर सवाल:- धी. रामहरि पेरियार

चाईबासा : पिछले कई दिनों में पश्चिम सिंहभूम जिला के सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों में एक बेकाबू हाथी द्वारा अब तक लगभग 20 निर्दोष लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन वन विभाग और जिला प्रशासन आज तक उस हाथी को काबू में करने में असफल रहा है। यह स्थिति केवल वन्यजीव संकट नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक सिस्टम की गंभीर नाकामी को उजागर करती है।    एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धी. रामहरि पेरियार ने इस पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन के कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब लगातार मौतें हो रही हैं और आम नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर हैं, तब प्रशासन की निष्क्रियता बेहद चिंताजनक और अस्वीकार्य है।
        रामहरि पेरियार ने कहा कि सरकार और वन विभाग के पास संसाधनों, बजट और विशेषज्ञों की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद यदि एक हिंसक हाथी को नियंत्रित नहीं किया जा सका, तो यह स्पष्ट रूप से लापरवाही, कमजोर रणनीति और जिम्मेदारी से बचने की मानसिकता को दर्शाता है। यह सीधे तौर पर जनता की सुरक्षा के अधिकार का उल्लंघन है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात भयावह हैं। लोग रात में सोने से डर रहे हैं, खेती-बाड़ी प्रभावित हो रही है और बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। बावजूद इसके, जिला प्रशासन केवल औपचारिकता निभाता हुआ नजर आ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
             एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश की ओर से मांग की जाती है कि तुरंत विशेषज्ञ हाथी नियंत्रण दल की तैनाती की जाए।
प्रभावित इलाकों में स्थायी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मृतकों के परिजनों को त्वरित और सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए। इस पूरे मामले में प्रशासनिक विफलता की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पेरियार ने स्पष्ट शब्दों में कहा यह सवाल किसी हाथी का नहीं, बल्कि उस सिस्टम का है जो 20 मौतों के बाद भी जवाबदेह नहीं बन पाया।

चक्रधरपुर: पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में राष्ट्रीय युवा दिवस व परीक्षा परिणाम घोषित

चक्रधरपुर: पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में राष्ट्रीय युवा दिवस व परीक्षा परिणाम घोषित

चक्रधरपुर : पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम, पंप रोड शत्रुघ्न नगर चक्रधरपुर में राष्ट्रीय युवा दिवस सह विद्यालय की द्वितीय आंतरिक परीक्षा का परिणाम सभी अभिभावकों की उपस्थिति में घोषित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष दमयंती नाग, सह सचिव बकलेश महतो एवं प्रधानाचार्य आनंद चंद्र प्रधान द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को सही शिक्षा देने के लिए अभिभावकों को उनके साथ समय बिताना चाहिए, ताकि वे मोबाइल के अधिक उपयोग से बच सकें।

सह सचिव बकलेश महतो ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर एक अच्छा इंसान बनने के साथ राष्ट्र के लिए कुछ बड़ा करने का लक्ष्य रखना चाहिए।

प्रधानाचार्य आनंद चंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को केवल कमाई की मशीन न बनाकर राष्ट्रहित में योगदान देने योग्य नागरिक बनाने का आग्रह किया।

आचार्य सौभिक घटक ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद की जीवनी बच्चों के समक्ष प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन मीना कुमारी ने किया। शांति देवी ने विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित सप्त शक्ति संगम (20 जनवरी 2026) की जानकारी देते हुए माताओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जय श्री दास, स्वास्तिक सोय, भारती कुमारी, मीना कुमारी सहित अन्य शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

भारत आदिवासी पार्टी की जिला स्तरीय बैठक में पेसा संशोधन व डीएमएफटी भ्रष्टाचार पर चर्चा, 23 फरवरी को धरना-प्रदर्शन का ऐलान

भारत आदिवासी पार्टी की जिला स्तरीय बैठक में पेसा संशोधन व डीएमएफटी भ्रष्टाचार पर चर्चा, 23 फरवरी को धरना-प्रदर्शन का ऐलान

कोल्हान : भारत आदिवासी पार्टी पश्चिमी सिंहभूम की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक जिलाध्यक्ष सुशील बारला की अध्यक्षता में नंदपुर स्थित बारला निवास पर आयोजित की गई। बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पेसा नियमावली 2025 में संशोधन कर उसे मूल पेसा कानून के अनुरूप बनाया जाए। साथ ही डीएमएफटी (DMFT) मद में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और सरंडा अभयारण्य की अधिसूचना जारी होने से पहले वर्ष 1980 से 2005 के बीच आजीविका के लिए बसे लोगों को वनाधिकार पट्टा देने की मांग की गई।
इन मांगों को लेकर भारत आदिवासी पार्टी द्वारा 23 फरवरी 2026 को प्रखंड मुख्यालय मनोहरपुर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से झारखंड के राज्यपाल एवं भारत के राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में जिला सचिव शांति एल कांडयबुरू, बलदेव जाते, सुनील भेंगरा, दीपक गुड़िया, मोजेस चेरोवा, एडविन बोदरा, मसीह प्रकाश लोमगा सहित मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।