मनोहरपुर | पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार ने मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र मणीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संचालित गतिविधियों, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा पोषण व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों से स्नेहपूर्ण संवाद किया और उनकी पढ़ाई, खेलकूद एवं दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से प्रारंभिक स्तर से जुड़े सरल प्रश्न पूछकर उनकी सीखने की क्षमता एवं गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

उपायुक्त ने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन एवं पोषण आहार की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। केंद्र परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जल मीनार स्थापित करने का निर्देश दिया। वहीं, बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करने और नियमित रूप से हाथ धोने की व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए हैंडवॉश यूनिट के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र भवन की स्थिति का भी अवलोकन किया और आवश्यक मरम्मती एवं सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण के साथ-साथ उनके प्रारंभिक विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं व्यवहार निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। ऐसे में केंद्रों पर बच्चों की सुविधाओं, स्वच्छता, पोषण और आधारभूत संरचना से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रहनी चाहिए।

उन्होंने उपस्थित कर्मियों को आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।


