मनोहरपुर | पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालक विद्यालय, अनुसूचित जनजाति आवासीय बालक मध्य विद्यालय तथा थलकोबाद कैंप छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों एवं छात्रावासों में उपलब्ध शैक्षणिक, आवासीय तथा आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा में शिक्षक की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को त्रिकोणमिति का पाठ पढ़ाया। साथ ही विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर बच्चों की समझ का आकलन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विषयों की मूल अवधारणाओं को समझने तथा निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।

थलकोबाद कैंप छात्रावास में विद्यार्थियों को स्थानांतरित करने का निर्देश
उपायुक्त ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालक विद्यालय के विद्यार्थियों की आवासीय व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालय के विद्यार्थियों को थलकोबाद कैंप छात्रावास में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि उपलब्ध आवासीय संसाधनों का समुचित उपयोग हो सके और विद्यार्थियों को बेहतर एवं व्यवस्थित छात्रावास सुविधा मिल सके।

4 व्हीलर कार बुक करने के लिए +91 8002626576
उन्होंने विद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया। विद्यालय में सोलर पैनल लगाने तथा किचन निर्माण से संबंधित कार्यों को आवश्यकतानुसार शीघ्र आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश
अनुसूचित जनजाति आवासीय बालक मध्य विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर और छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में लगे हाई मास्ट लाइट के मरम्मतीकरण के साथ आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को विशेषकर शाम और रात के समय पर्याप्त रोशनी मिल सके।

उन्होंने छात्रावास की खिड़कियों में जाली लगाने, बाथरूम की व्यवस्था को सुदृढ़ एवं उपयोग के अनुकूल बनाने तथा कमरों में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पंखे लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा छात्रावास परिसर एवं भवन के रंग-रोगन का कार्य कराने को भी कहा, ताकि विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर वातावरण सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय और छात्रावास केवल रहने की व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यहां अध्ययनरत बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, मनोहरपुर, विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

