उपायुक्त ने विद्यालय का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों को पढ़ाया गणित का पाठ

मनोहरपुर | पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने गुरुवार को मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान एसएसआईपी प्लस टू उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मौके पर मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उपायुक्त का शिक्षक के रूप में एक अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर गणित का पाठ पढ़ाया और उनसे विभिन्न प्रश्न पूछकर उनकी विषयगत समझ को परखा।

उपायुक्त ने कठिन गणितीय विषयों को सरल तरीके से समझाते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन छह कमरों वाले भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

Contact no :- +91 8553588326


विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा और परिसर के बेहतर विकास को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने उपलब्ध विकास मद से साइकिल स्टैंड का निर्माण कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा विद्यालय परिसर में हैंडवॉश यूनिट, पेवर ब्लॉक और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार के साथ-साथ परिसर की स्वच्छता, पेयजल, स्वच्छता सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। इसलिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

By maskal.news

You May Also Like