आनंदपुर | पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने आनंदपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक (आवास एवं पंचायत), प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक-विकसित भारत, जनसेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, मानकी-मुंडा प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया।

राशन वितरण में विलंब पर सख्त निर्देश
स्थानीय महिला द्वारा राशन वितरण में विलंब से संबंधित प्राप्त आवेदन के आलोक में उपायुक्त ने संबंधित जन वितरण प्रणाली दुकानदार को दो दिनों के भीतर लंबित राशन का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रखंड के सभी राशन दुकानदारों को निर्धारित तिथि पर शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने तथा किसी भी लाभुक को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने की हिदायत दी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पात्र लाभुकों को समय पर उनका हक मिलना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

आवास योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश
बैठक में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत स्वीकृत एवं निर्मित आवासों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित कर्मियों को स्थल पर जाकर यह जांच करने को कहा कि वास्तविक लाभुकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आवास का लाभ मिल रहा है या नहीं।
इसके अलावा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने, पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, त्रुटियों का निराकरण करने तथा आवश्यक प्रपत्रों की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

जर्जर विद्यालय भवनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने प्रखंड क्षेत्र में स्थित जर्जर एवं अनुपयोगी विद्यालय भवनों का चिन्हांकन कर उनके निस्तारीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसरों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी जर्जर संरचना से सुरक्षा संबंधी जोखिम उत्पन्न नहीं होना चाहिए।
साथ ही मुंडा नियुक्ति की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने तथा संबंधित कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया गया।

प्रखंड कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं जनोपयोगी बनाने पर जोर
उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर में दीदी कैफे का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे कार्यालय आने वाले आमजनों एवं कर्मियों को सुविधा मिलेगी और स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका का अवसर भी प्राप्त होगा।
उन्होंने कार्यालय परिसर में पर्याप्त संख्या में पौधे एवं गमले लगाने तथा परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा एवं आकर्षक बनाने का निर्देश दिया। इसके अलावा क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर आवश्यकतानुसार हाई मास्ट लाइट लगाने के संबंध में भी उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

स्वच्छता एवं पोषण अभियानों को प्रभावी बनाने के निर्देश
बैठक में स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को दोनों अभियानों के उद्देश्यों के अनुरूप जमीनी स्तर पर प्रभावी गतिविधियां संचालित करने, आमजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता, संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ करने को कहा, ताकि सरकार की योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
बैठक के उपरांत उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

