आनंदपुर | पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने आनंदपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान आनंदपुर साप्ताहिक बाजार, मुख्य बाजार क्षेत्र, छठ घाट, निर्माणाधीन पुल एवं उसके डायवर्सन का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिक सुविधाओं और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साप्ताहिक बाजार के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। जर्जर शेड की स्थिति को देखते हुए उन्होंने उसके स्थान पर नया शेड निर्माण कराने के लिए संबंधित कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाजार में आने वाले दुकानदारों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद उपायुक्त ने आनंदपुर मुख्य बाजार के समीप निर्माणाधीन पुल और उसके लिए बनाए गए डायवर्सन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और वर्तमान व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि निकट भविष्य में छठ महापर्व आयोजित होना है। ऐसे में निर्माणाधीन पुल और डायवर्सन के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने छठ घाट तक श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आनंदपुर मुख्य बाजार की सड़क के सुदृढ़ीकरण और जल निकासी की समस्या के समाधान को लेकर भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के साथ सड़क एवं नाली व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।


