Blog

प्रखंड संसाधन केंद्र में शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित

प्रखंड संसाधन केंद्र में शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित

मनोहरपुर : प्रखंड संसाधन केंद्र में मंगलवार को सभी विद्यालयों के शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में बीपीओ संतोष गुप्ता एवं बीआरपी यशवंत नारायण कटियार ने शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना के तहत कक्षा 8 से 12 तक की छात्राओं की संख्या एवं पोर्टल पर अपलोड से संबंधित प्रतिवेदन देने, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति अंतर्गत ई-कल्याण पोर्टल पर पंजीकरण व सत्यापन कर हार्ड कॉपी जमा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्कूल किट का उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करने, एसएमसी के पुनर्गठन, ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर सूची संधारण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित लोकेशन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

गोष्ठी में प्रयास कार्यक्रम, जे गुरुजी ऐप, पीटीएम लिंक भरने सहित अन्य शैक्षणिक विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में शिल्पा विश्वकर्मा, ऋषि प्रसाद गुप्ता, गौतम महतो, अमरेश विश्वकर्मा सहित कई शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे।

पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों की आवाजाही, वन विभाग सतर्क

पश्चिमी सिंहभूम में हाथियों की आवाजाही, वन विभाग सतर्क

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग द्वारा राजांका, चालगी, हेसासुरनिया, सुंदीसुरनिया, निमडीह, डालकी, बांदीजारी, डुंडुचू और सांकुचिया क्षेत्रों में हाथी भगाओ दल के साथ लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में बीती रात डालकी गांव में एक जंगली हाथी ने एक घर को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) तुरंत मौके पर पहुंच गई और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया। टीम की सतर्कता से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और अन्य घरों को भी नुकसान नहीं पहुंच सका।

बताया गया कि जंगली हाथी रातभर गांव के पास मंडराता रहा, लेकिन वन विभाग की टीम पूरी रात मौके पर डटी रही और हालात पर नजर बनाए रखी। इस अभियान में वनरक्षक शनिचर हांसदा, मनीष सोय, सूरज मुंडा सहित क्यूआरटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

वन विभाग की तत्परता और लगातार निगरानी के कारण किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क और जागरूक भी किया गया, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल नहीं बना।

एसजे डीएवी के विद्यार्थियों ने गणित एवं शतरंज प्रतियोगिताओं में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

एसजे डीएवी के विद्यार्थियों ने गणित एवं शतरंज प्रतियोगिताओं में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

चाईबासा : 33वीं पद्मावती रुंगटा अंतर-विद्यालय गणित प्रतियोगिता तथा स्वर्गीय बैजनाथ मूंदड़ा की स्मृति में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में एसजे डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।

गणित प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं के हर्ष कुमार यादव ने जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा दसवीं के आयुष मिट ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा नौवीं के रजनीश रंजन एवं कक्षा आठवीं के तेजस राज ने अपनी-अपनी कक्षाओं में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा सातवीं के तेजस गुप्ता, आरव अग्रवाल एवं जय दत्तानी भी विद्यालय टॉपर रहे।

शतरंज प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं के कुश मूंदड़ा ने ओवरऑल चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दयराज कुमार को तृतीय तथा समृद्धि प्रिया को चौथा स्थान मिला। अंडर-15 वर्ग में आदित्य शाह एवं पेरिस मुंडा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-11 वर्ग में अद्रिजा डे प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि छोटे बच्चों के वर्ग में सनाया सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया।

विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओ.पी. मिश्रा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों की प्रतिभा को निखारने में सहायक होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

चक्रधरपुर में 29वां ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट 28 जनवरी से

चक्रधरपुर में 29वां ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट 28 जनवरी से

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेलवे क्षेत्र स्थित सेरसा इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में 29वें ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 जनवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 10 फरवरी को खेला जाएगा। लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस आयोजन को लेकर शहर में खासा उत्साह है।

मंगलवार को चक्रधरपुर रेलवे मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस वर्ष यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट अपने 50वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। कोरोना काल के कारण करीब सात वर्षों के बाद इसका पुनः आयोजन किया जा रहा है।

टूर्नामेंट में देशभर की कुल 14 टीमें भाग लेंगी, जिनमें टाटा मोटर्स, सेल बोकारो, पैरलैस कोलकाता, अल्फा मुंबई, गढ़वाल, रेलवे खड़गपुर, रेलवे चक्रधरपुर और रेलवे पोड़ाहाट सहित अन्य टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता टीम को 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

दर्शकों की सुविधा के लिए गैलरी और वीआईपी सीटों की व्यवस्था की गई है। लीग मैचों में गैलरी का टिकट 50 रुपये और वीआईपी सीट का 100 रुपये रखा गया है। सेमीफाइनल में गैलरी के लिए 70 रुपये और वीआईपी के लिए 150 रुपये, जबकि फाइनल मैच में गैलरी का टिकट 100 रुपये और वीआईपी सीट का 200 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मैदान के बाहर स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सेरसा प्रबंधन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्टेडियम के मैदान का मेंटेनेंस कार्य जारी है और मैदान तक पहुंचने वाले मार्ग की मरम्मत भी कराई जा रही है। आयोजन के माध्यम से चक्रधरपुर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल का साक्षी बनेगा।

चांडिल में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

चांडिल में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

सरायकेला-खरसावां : उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को चांडिल थाना क्षेत्र के मौजा चिल्गु और करनीडीह में अवैध पत्थर उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में क्षेत्रीय प्रदूषण पदाधिकारी, अंचलाधिकारी चांडिल तथा चांडिल थाना पुलिस के सहयोग से की गई।

निरीक्षण के दौरान मौजा चिल्गु में एक अवैध पत्थर खदान और उसके आसपास संचालित छह अवैध क्रशर इकाइयां पाई गईं। इन खदानों और क्रशर इकाइयों में अवैध रूप से उत्खनित और भंडारित पत्थर को जप्त कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में संबंधित भूमि स्वामियों और संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही प्रदूषण विभाग द्वारा भी संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इसके अलावा क्षेत्र में स्थित पांच ईंट भट्टों का भी निरीक्षण किया गया, जिनमें से तीन संचालित और दो बंद पाए गए। संचालित ईंट भट्टों से खनन विभाग द्वारा नियमानुसार जुर्माना वसूला गया, जबकि प्रदूषण विभाग ने उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, संपत्ति की जप्ती और दंडात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

समाहरणालय में जिला स्तरीय जीवनांक प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

समाहरणालय में जिला स्तरीय जीवनांक प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक दिवसीय जिला स्तरीय जीवनांक (जन्म–मृत्यु) प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त, अपर उपायुक्त एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यशाला में राज्य एवं जिला स्तरीय प्रशिक्षकों ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, पंजीकरण प्रक्रिया, निर्धारित समय-सीमा, लाभ तथा व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं शंकाओं का नियमों के अनुरूप समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में जारी होने वाले सभी जन्म प्रमाण पत्रों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले में संचालित सभी अपंजीकृत शासकीय एवं निजी अस्पतालों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि निजी अस्पतालों से संबंधित जन्म–मृत्यु आंकड़ों का नियमित, सत्यापित एवं अद्यतन संधारण, प्रमाण पत्र निर्गमन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना तथा प्रखंड एवं क्षेत्र स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान करना ही इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

जगन्नाथपुर में बालू माफियाओं का आतंक, कई मौतों के बावजूद कार्रवाई नहीं

जगन्नाथपुर में बालू माफियाओं का आतंक, कई मौतों के बावजूद कार्रवाई नहीं

जगन्नाथपुर : झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा के उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी मंजीत कोड़ा ने प्रेस बयान जारी कर कहा है कि जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों बालू माफियाओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। अवैध बालू कारोबार के कारण अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रभावशाली पहुंच और दबंगई के चलते इनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि 19 जनवरी 2026 को मुंडूई निवासी गोवर्धन सरदार के साथ चार–पांच युवकों ने जाति सूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। घायल गोवर्धन सरदार ने प्राथमिक उपचार के बाद जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बताया गया कि मुंडूई नदी के पास उनकी रैयती जमीन है, जहां बरसात के दौरान बालू जमा हो गया था। वे अपने खेत से अवैध बालू उठाव का विरोध कर रहे थे।
मंजीत कोड़ा ने कहा कि इससे पहले 6 नवंबर 2025 को मुंडूई गांव निवासी दीपक प्रधान की अवैध बालू लदे ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। दीपक भी अपनी जमीन से ट्रैक्टर गुजरने और अवैध बालू लोडिंग का विरोध कर रहे थे। वहीं 29 दिसंबर 2025 को नदी से बालू लादकर ले जा रहे एक ट्रैक्टर के पलटने से एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई, लेकिन प्रभावशाली लोगों के दबाव में घटना स्थल को ओडिशा का बताकर मामला दबा दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी बालू लोडिंग के दौरान हुई एक मौत को बीमारी बताकर छिपा दिया गया था। मंजीत कोड़ा ने कहा कि इन सभी मामलों में अब तक प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसके विरोध में जल्द ही जन आंदोलन किया जाएगा।

डीएमएफटी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लंबित योजनाओं पर सख्ती और अवशेष राशि लौटाने के निर्देश

डीएमएफटी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लंबित योजनाओं पर सख्ती और अवशेष राशि लौटाने के निर्देश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से संचालित आधारभूत संरचना निर्माण योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, निदेशक-लेखा प्रशासन सह स्वनियोजन सुनीला खलको सहित विभिन्न कार्यकारी विभागों के कार्यपालक एवं सहायक अभियंता मौजूद थे।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि डीएमएफटी मद से अब तक लगभग 1712 करोड़ रुपये विभिन्न विभागों को जारी किए गए हैं, जिनमें से 1387 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं 1273 करोड़ रुपये के उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुके हैं। शेष लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र को तीन दिनों के भीतर जमा करने का निर्देश सभी संबंधित विभागों को दिया गया।
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि विभिन्न विभागों के खातों में डीएमएफटी मद की करीब 295 करोड़ रुपये की राशि अवशेष पड़ी है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन खातों में एक वर्ष से अधिक समय से राशि पड़ी है, उसका मूल्यांकन कर एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार राशि वापस की जाए।
पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं और डीएमएफटी पीएमयू टीम को सभी योजनाओं की वर्तमान स्थिति, संचालन एवं संधारण तथा भुगतान से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 में आवंटित योजनाओं की टेंडर प्रक्रिया, एग्रीमेंट और भौतिक प्रगति की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2023-24 तक स्वीकृत योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 तक स्वीकृत जिन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है और वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृत जिन योजनाओं में अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है, उन्हें रद्द करने का प्रस्ताव लाया जाए।
इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में नई योजनाओं का आवंटन उन्हीं विभागों को किया जाएगा, जिनकी पूर्व योजनाओं में संतोषजनक प्रगति रही है। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया।

चाईबासा में कांग्रेस की जिला राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक, नगर निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तय

चाईबासा में कांग्रेस की जिला राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक, नगर निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तय

चाईबासा : नगर निकाय चुनाव को लेकर चाईबासा और चक्रधरपुर की तैयारियों पर चर्चा हेतु मंगलवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेस की जिला राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रंजन बोयपाई ने की। इसमें जिला पर्यवेक्षक सह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में नेताओं ने अपने-अपने सुझाव रखे और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर गंभीर मंथन किया गया। नेताओं ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस बार नगर निकाय चुनाव पूरी गंभीरता के साथ लड़ेगी और कांग्रेस आलाकमान के निर्देशानुसार हर स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सके।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस नगर परिषद चाईबासा और चक्रधरपुर में अध्यक्ष पद सहित सभी वार्डों पर मजबूत दावेदारी पेश करेगी। इसके लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार 23 जनवरी 2026 की शाम पांच बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदनों पर समिति द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का चयन प्रदेश स्तर से किया जाएगा, जबकि वार्ड पार्षद प्रत्याशियों का चयन समिति द्वारा किया जाएगा। संगठन के निर्णय के विरुद्ध चुनाव लड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का अवसर है। कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों के साथ खड़ी रही है और इस चुनाव में भी विकास, पारदर्शिता और जनहित को केंद्र में रखकर मैदान में उतरेगी। जिला अध्यक्ष रंजन बोयपाई ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए चुनावी तैयारियों में जुट जाने की अपील की।

बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष रंजन बोयपाई की माता के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

चक्रधरपुर में ‘सप्तशक्ति संगम’ का भव्य आयोजन

चक्रधरपुर में ‘सप्तशक्ति संगम’ का भव्य आयोजन

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर स्थित पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पंप रोड में मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की योजना के तहत विद्या विकास समिति के तत्वावधान में सप्तशक्ति संगम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूजा गुप्ता (पी.जे. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा) तथा विशिष्ट अतिथि प्रियंका महाजन, सुनीता दीघार, प्रिया शर्मा और विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की उपाध्यक्ष दमयंती नाग द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

आचार्या मीना कुमारी ने अतिथियों का परिचय कराया। प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए प्रियंका महाजन ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और कहा कि भारतीय नारी देवी की प्रतिमूर्ति है। उन्होंने सप्तशक्तियों की व्याख्या करते हुए बताया कि नारी लक्ष्मी, दुर्गा और काली के रूप में समाज के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विशिष्ट अतिथि पूजा गुप्ता ने संयुक्त परिवार की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह संस्कारों की पाठशाला होती है, जहाँ बच्चों को नैतिकता, सामाजिकता और जीवन मूल्यों की शिक्षा मिलती है। उन्होंने नारी में निहित सप्त गुण—कीर्ति, श्री, धन, वाणी, स्मृति, धैर्य और क्षमा—के जागरण से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की बात कही।

सुनीता दीघार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय नारी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की चेतना है। उन्होंने देश के विकास में महिलाओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित माताओं ने अपने अनुभव साझा किए और ऐसे आयोजनों की सराहना की। आचार्या शांति देवी द्वारा प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन माताओं को सम्मानित किया गया, जिनके बच्चों ने पढ़ाई के साथ अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। दीदीजी द्वारा सप्तशक्ति गीत की प्रस्तुति भी दी गई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं की सहभागिता रही। प्रधानाचार्य आनंद चंद्र प्रधान की उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संचालन मीना कुमारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन जय श्री दास ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की दीदीजी बहनों का सराहनीय योगदान रहा।