सरायकेला | समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं, जिन्हें उपायुक्त ने गंभीरता से सुना।

जनता दरबार में भूमि विवाद, पारिवारिक लाभ में देरी, खरसावां के पतपत में कृषि भूमि पर जबरन कब्जा, चांडिल अनुमंडल में पेसा नियमावली 2025 के तहत ग्राम प्रधानों को ग्राम सभा अध्यक्ष के रूप में अधिसूचित करने की मांग, गम्हरिया में अवैध शराब बिक्री पर रोक, आदित्यपुर में निजी स्कूलों द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूली, धान अधिप्राप्ति में छूटे किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण, तथा राशन, पेंशन, पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को जल्द जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव है, उन्हें तुरंत निपटाया जाए और बाकी मामलों में शीघ्र जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

