सरायकेला | समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने क्रमवार सभी आवेदकों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित मामलों पर आवश्यक निर्देश दिए।

जनता दरबार में मुख्य रूप से झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने, खरसावां अंचल में पंजी-2 की ऑनलाइन प्रविष्टि दर्ज नहीं होने, हाउसिंग बोर्ड द्वारा लीज पर दी गई भूमि पर अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा करने, राइट टू एजुकेशन (RTE) के तहत सरायकेला स्थित निजी विद्यालय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बच्ची का नामांकन कराने, सीतारामपुर 30 MLD वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े उपभोक्ताओं को नल-जल कनेक्शन उपलब्ध कराने एवं नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

इसके अलावा आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व आदित्यपुर-कांडरा-सरायकेला मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, छऊ कला केंद्र के संचालन, प्रशिक्षण, संसाधन उपलब्ध कराने, पद सृजन एवं भवन मरम्मत/नवीन संरचना निर्माण, नगर पंचायत क्षेत्र के बंद एवं अनुपयोगी विद्यालय भवनों के सत्यापन कर सार्वजनिक उपयोग सुनिश्चित करने, जर्जर भवनों को ध्वस्त कराने, नगर पंचायत क्षेत्र में सुचारू पेयजलापूर्ति बहाल करने तथा चांडील प्रखंड के ग्राम/टोला सलवानी में विद्युत सेवा सहित अन्य आधारभूत योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े आवेदन भी जनता दरबार में रखे गए।

जनता दरबार के दौरान प्राप्त आवेदनों में से कई मामलों का त्वरित निष्पादन मौके पर ही किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

