मनोहरपुर | मनोहरपुर में गुरुवार को रेलवे ओवरब्रिज निर्माण, रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश महतो ने की, जिसमें मनोहरपुर और आनंदपुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मनोहरपुर रेलवे फाटक L/C गेट नंबर-193A पर जल्द से जल्द रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। इसके लिए रेल मंत्री को ज्ञापन, मंडल रेल प्रबंधक (दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर) के माध्यम से सौंपा जाएगा।

इसके अलावा मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव और ट्रेनों के निर्धारित समय पर संचालन सुनिश्चित करने की मांग को लेकर महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे, कोलकाता को भी ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया।

इन मांगों को आगे बढ़ाने के लिए एक संयोजक दल का गठन किया गया। दल में अश्विनी बाधेल, शशिभूषण महतो, सुशील बारला, राजेश हारलालका, आलोक गुप्ता, निशार अहमद, अशोक महतो, आनादी महतो, सुशांत कुमार नायक, सुशीला टोप्पो और सीमा मुण्डारी को शामिल किया गया। वहीं संरक्षक मंडल में रंजीत यादव, जयप्रकाश महतो, गुरविंदर सिंह भाटिया, अरविंद गुप्ता, सलन महंगा, दर्शन महतो, दिलीप अग्रवाल और दुखू सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में ‘नागरिक सुविधा समिति, मनोहरपुर’ का गठन भी किया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को संगठित तरीके से उठाना और समाधान की दिशा में पहल करना है।
अंत में संयोजक सुशील बारला ने सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

