#पूर्वीसिंहभूम #चाकुलिया #हाथीकाहमला #जंगलीहाथी #वनविभाग #maskalnew

चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों के हमले में सब्जी विक्रेता गंभीर घायल, झाड़ग्राम रेफर

चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों के हमले में सब्जी विक्रेता गंभीर घायल, झाड़ग्राम रेफर

चाकुलिया/पूर्वी सिंहभूम | जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार देर रात हाथियों के हमले में एक बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर बड़ामारा गांव के पास हुई। घायल की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी नीलकंठ नायक (45) के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीलकंठ नायक सोमवार को चाकुलिया के जोड़ाम हाट में सब्जी बेचने के बाद देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ामारा गांव के समीप सड़क पर उनका सामना हाथियों के एक झुंड से हो गया। अचानक हाथियों को सामने देखकर उन्होंने बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे।

अभी संपर्क करें :- +91 8936090601

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागने के दौरान एक हाथी ने उनका पीछा किया और पास के खेत में घेर लिया। इसके बाद हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हाथी ने उनके सीने पर पैर भी रख दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हालांकि, किसी तरह नीलकंठ नायक वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया। उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।

Book your slot today : +91 7250214782

घटना की सूचना मिलने पर विधायक समीर मोहंती अस्पताल पहुंचे और घायल को इलाज के लिए पहुंचाने में सहयोग किया। वहीं, वन विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लिया और मामले की जानकारी जुटाई।
ग्रामीणों के अनुसार, बड़ामारा गांव के आसपास सात हाथियों का एक झुंड लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण ग्रामीणों को विशेषकर रात के समय आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार हाथी मुख्य सड़क पर भी आ जाते हैं, जिससे दुर्घटना और हमले का खतरा बना रहता है।

Book your slot today : +91 7250214782

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी से खेतों और घरों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं हाथियों के हमलों की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।