चाईबासा | रविवार देर रात ग्रामीण क्षेत्र से तीन छोटे बच्चे किसी कारणवश रास्ता भटककर चाईबासा पहुँच गए। डरे-सहमे बच्चे बीएसएनएल ऑफिस के पास सड़क किनारे बैठकर रो रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय की नजर उन पर पड़ी।

त्रिशानु राय ने बच्चों से उनके घर और परिजनों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन बच्चे भयभीत होने के कारण कुछ भी स्पष्ट नहीं बता सके। स्थिति को देखते हुए उन्होंने मानवीय संवेदनाओं के आधार पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक कन्हैया पांडेय को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों बच्चों का रेस्क्यू किया और उन्हें बालकुंज, चाईबासा ले जाया गया, जहां फिलहाल उन्हें सुरक्षित रखा गया है। वहां बच्चों की देखभाल के साथ-साथ उनके घर और परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन ने बताया कि परिजनों की पहचान होने के बाद सभी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार के हवाले कर दिया जाएगा। फिलहाल तीनों बच्चों के घर और परिजनों का पता नहीं चल पाया है। मौके पर बालकुंज कर्मी प्रमोद मिश्रा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

