चक्रधरपुर | सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर निश्चितपुर स्कूल के समीप सोमवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से घंटी आधारित शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निश्चितपुर निवासी 23 वर्षीय वंदना महतो एसएस +2 हाई स्कूल, सोनुआ में पढ़ाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल शिक्षिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सोनुआ पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल शिक्षिका का हालचाल लेने के साथ मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है तथा पूरे मामले की जांच कर रही है।

इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर चिंता जताई। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर नियमित जांच अभियान चलाने, गति सीमा का सख्ती से पालन कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।


