चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए गौरव का विषय है कि 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर झारखंड का पहला विधानसभा क्षेत्र बनने का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि निर्वाचन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), पर्यवेक्षकों तथा आम नागरिकों के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

4 व्हीलर कार बुक करने के लिए +91 8002626576
इस उपलब्धि पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी ने विधानसभा क्षेत्र के सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन कार्यालय के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र द्वारा राज्य में सबसे पहले शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया जाना जिले की कार्यसंस्कृति, टीम भावना और निर्वाचन कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उपायुक्त ने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिकतम शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।

उन्होंने जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों का भी उत्साहवर्धन करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक स्तर पर गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों एवं जागरूक नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला आगामी चरणों में भी निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपनी परंपरा को कायम रखेगा।

