चक्रधरपुर | चक्रधरपुर प्रखंड के टोकलो थाना क्षेत्र के चितपील गांव में हुई महिला सीमा महतो की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। इस मामले में मृतका के पति सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय रतन मुंडा और 19 वर्षीय मधुसूदन मुंडा के रूप में हुई है। दोनों खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र अंतर्गत गीतिलबेड़ा, टोला कडरुडीह गांव के निवासी हैं। रतन मुंडा मृतका सीमा महतो का पति है।

टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान रतन मुंडा ने स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी शक के कारण उसने अपने दोस्त मधुसूदन मुंडा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

जानकारी के अनुसार, सीमा महतो गुरुवार दोपहर अपने मायके से झरझरा हाट जाने की बात कहकर निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार दोपहर रायको नदी के पास ग्रामीणों ने उसका शव देखा, जिस पर धारदार हथियार के निशान पाए गए।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य संभावित कारणों और किसी अन्य की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

