सरायकेला-खरसावाँ | जन समस्याओं के समाधान और समाज सेवा के उद्देश्य से आदिवासी एकता मंच के बैनर तले ग्रामीण क्षेत्रों में निशुल्क नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में श्री श्रीघुटु पलासबानी बिदु चंदन पुस्तकालय परिसर में निशुल्क नेत्र जाँच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी आँखों की जाँच कराई।

मंच के मुख्य सलाहकार विजय सोय ने बताया कि अब तक यह सेवा मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध थी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे लोगों को ध्यान में रखते हुए, जो आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से शहर जाकर आँखों की जाँच, ऑपरेशन अथवा चश्मा नहीं बनवा पाते हैं, इस अभियान का विस्तार गाँव-गाँव तक किया गया है।

उन्होंने कहा कि आदिवासी एकता मंच का उद्देश्य लोगों के घर के नज़दीक ही निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंदों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके।

शिविर के दौरान जिन लोगों में मोतियाबिंद या अन्य ऑपरेशन योग्य नेत्र रोग पाए गए, उनका ब्रह्मानंद अस्पताल में निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। साथ ही मरीजों के रहने और भोजन की भी निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विजय सोय ने आदिवासी एकता मंच के सभी सक्रिय सदस्यों, सहयोगी साथियों तथा शिविर में अपनी सेवाएँ देने वाले सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविरों का आयोजन लगातार जारी रहेगा।


