जमशेदपुर | ईस्ट सिंहभूम रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन (ESRFA) के तत्वावधान में रविवार को नामदा बस्ती स्थित टिनप्लेट फुटबॉल ग्राउंड में खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी सिटी लीग का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-15 और अंडर-18 आयु वर्ग की कुल 16 टीमों की 160 बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया। प्रतियोगिता के आयोजन में रग्बी इंडिया और झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन (JARFA) का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।

प्रतियोगिता के दौरान बालिका खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना, जमीनी स्तर पर रग्बी को बढ़ावा देना और जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था।

अंडर-18 वर्ग में तिरिलडीह रग्बी क्वीन प्रथम
अंडर-18 आयु वर्ग में तिरिलडीह रग्बी क्वीन ने प्रथम स्थान हासिल किया। सिधू-कान्हू हाई स्कूल, केडो की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि थंडर रग्बी क्वींस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-15 वर्ग में गितिलता हाई स्कूल विजेता
अंडर-15 आयु वर्ग में गितिलता हाई स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सिम्बायोसिस स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि जीएचएस रग्बी टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

दोनों आयु वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाली अन्य टीमों की खिलाड़ियों को भी उनके प्रयासों और उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।

ईस्ट सिंहभूम रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरी, अधिकारियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन ने जिले के स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में रग्बी खेल का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक बालिकाओं को इस खेल से जोड़ने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


