पश्चिमी_सिंहभूम | चाईबासा के नीमडीह कल्याणपुर मोहल्ले में बुधवार रात एक युवती पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा गया है।

यह घटना रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, युवती ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही थी। तभी एक सुनसान गली में छिपे युवक ने अचानक उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने युवती के पेट, पीठ, सीना, गर्दन और हाथ पर कई बार चाकू से वार किया, जिससे युवती मौके पर ही गिर गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद ज्यादा खून बहने की वजह से डॉक्टरों ने उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख रही है और लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

