सरायकेला–खरसावाँ | भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को प्रखंड कार्यालय सभागार, सरायकेला में किया गया।

उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रशिक्षण 8 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण में विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी-सह-चार्ज जनगणना पदाधिकारी तथा नामित फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे है।

कार्यक्रम में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एमडी तासिकुर रहमान और अविनाश ठाकुर द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण एवं गणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है और उनके प्रश्नों का समाधान भी किया जा रहा है, ताकि कार्य को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तर के फील्ड ट्रेनर्स को भी प्रशिक्षित किया गया। ये प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रखंड एवं नगर क्षेत्रों के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

