राज्य

चक्रधरपुर: भाजपा समर्थित डॉ. विजय सिंह गागराई ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन

चक्रधरपुर: भाजपा समर्थित डॉ. विजय सिंह गागराई ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन

पश्चिम सिंहभूम : चक्रधरपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. विजय सिंह गागराई ने मंगलवार को चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।
नामांकन से पूर्व डॉ. विजय सिंह गागराई ने आदिवासी मित्रमंडल परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात वे अपने समर्थकों के साथ पदयात्रा करते हुए मुख्य सड़क स्थित शहीद भगत सिंह एवं भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचे।
अनुमंडल कार्यालय में डॉ. गागराई ने निर्वाचन पदाधिकारी को अपना नामांकन पत्र सौंपा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक पासवान, डॉ. विजय सिंह गागराई की धर्मपत्नी फूलों जिनको, जिला मंत्री सुरेश साव, राकेश श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष अनूप दुबे, रूपेश साव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सरायकेला-खरसावां में प्रशासन अलर्ट

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सरायकेला-खरसावां में प्रशासन अलर्ट

सरायकेला-खरसावां : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन को लेकर मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में गठित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समाहरणालय भवन में संचालित निर्वाचन, सूचना एवं विज्ञान, व्यय, कार्मिक, परिवहन एवं जन शिकायत कोषांगों के साथ-साथ काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित सामग्री, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांगों की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई। इस क्रम में अभिलेख संधारण, आपसी समन्वय तथा दायित्वों के निर्वहन की स्थिति का अवलोकन करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
समाहरणालय भवन में विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के लिए वार्ड पार्षद, अध्यक्ष एवं महापौर पदों हेतु निर्धारित नामांकन स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। नामांकन कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा, अभ्यर्थियों की सुविधा एवं अभिलेख संधारण की समीक्षा करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
काशी साहू कॉलेज परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर का भी निरीक्षण किया गया, जहां प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम, निर्वाचन सामग्री, सामग्री वितरण वाहनों, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही मतदान कर्मियों की सुविधा, सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त प्रस्तावित मतगणना स्थल की तैयारियों की समीक्षा की गई। मतगणना कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मनोज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मनोज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन

सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मनोज चौधरी ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने उन्हें आधिकारिक समर्थन दिया। इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शिवेंदु महतो सहित कई पार्टी नेता उपस्थित रहे।
नामांकन के समय मनोज चौधरी के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने नारेबाजी कर उनके प्रति समर्थन और एकजुटता दिखाई। झामुमो नेताओं ने मनोज चौधरी को एक मजबूत और जमीनी नेता बताते हुए कहा कि वे नगर पंचायत के विकास को नई दिशा देंगे।
नामांकन के बाद मनोज चौधरी ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे सरायकेला नगर पंचायत में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क, पेयजल और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने झामुमो नेतृत्व और सभी समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
झामुमो जिला अध्यक्ष सुबेंदु महतो ने कहा कि मनोज चौधरी क्षेत्र के लोकप्रिय नेता हैं और पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का भरपूर समर्थन उन्हें मिलेगा।
इस अवसर पर मनोज चौधरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जिला अध्यक्ष शिवेंदु महतो तथा संगठन के सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कार्यक्रम में प्रेम अग्रवाल, झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला मांहती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, मनोरंजन साहू, कृष्णा राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिले में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 100 लीटर से अधिक शराब जब्त, 7 गिरफ्तार

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिले में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 100 लीटर से अधिक शराब जब्त, 7 गिरफ्तार

सरायकेला : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सघन छापामारी एवं रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया। यह अभियान अधीक्षक उत्पाद सरायकेला–खरसावाँ श्री क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में संचालित किया गया।
इसी क्रम में सरायकेला–कांड्रा मार्ग पर रात्रि गश्ती के दौरान मुड़िया ग्राम के समीप एक नीले रंग के Ape डाला टेम्पो (निबंधन संख्या JH05DD 5720) को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से दो बड़े झोलों में कुल 54.705 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में वाहन चालक कृति कुमार साहु एवं उसके सहयोगी संजय कुमार बेहरा को मौके से गिरफ्तार कर वाहन को जब्त किया गया।
इसके अलावा गम्हरिया एवं आदित्यपुर थाना क्षेत्र के नीमडीह, उदयपुर, बास्कोनगर एवं भाटिया बस्ती में भी छापामारी की गई, जहां से 04 अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 20 लीटर अवैध चुलाई शराब एवं 45 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इनमें एक अभियुक्त के पास झारखंड राज्य में अपंजीकृत Kings Gold ब्रांड की 60 बोतल (45 लीटर) विदेशी शराब पाई गई।
भाटिया बस्ती, आदित्यपुर से गिरफ्तार अभियुक्त राजरतन मिश्रा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं वाहन चालक कृति कुमार साहु एवं संजय कुमार बेहरा को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की तैयारियों का डीसी ने किया औचक निरीक्षण

नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की तैयारियों का डीसी ने किया औचक निरीक्षण

सरायकेला : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन को लेकर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कोषांगों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समाहरणालय भवन में संचालित निर्वाचन कोषांग, सूचना एवं विज्ञान कोषांग, व्यय कोषांग, कार्मिक कोषांग एवं जन शिकायत कोषांग की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित सामग्री कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेख संधारण, आपसी समन्वय तथा दायित्वों के निर्वहन की स्थिति का जायजा लिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियों को समय पर एवं निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में समाहरणालय भवन में विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के लिए वार्ड पार्षद, अध्यक्ष एवं महापौर पद के नामांकन स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। नामांकन कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा अभिलेख संधारण की समीक्षा करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर निर्वाचन सामग्री, वाहनों की व्यवस्था, स्ट्रॉन्ग रूम, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। साथ ही मतदान कर्मियों की सुविधा, सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
इसी परिसर में प्रस्तावित मतगणना स्थल का भी निरीक्षण किया गया। मतगणना कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देशाउलि फाउंडेशन का एक दिवसीय कार्यक्रम “मंथन – आपके विचारों का मंच” संपन्न

देशाउलि फाउंडेशन का एक दिवसीय कार्यक्रम “मंथन – आपके विचारों का मंच” संपन्न

चाईबासा (सेरेंगसिया) : देशाउलि फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार, 1 फरवरी 2026 को एक दिवसीय कार्यक्रम “मंथन – आपके विचारों का मंच” (पुनर्मिलन समारोह) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से जुड़े बुद्धिजीवी, पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
पुनर्मिलन समारोह के दौरान प्रतिभागियों ने अपना परिचय देते हुए अपनी वर्तमान सामाजिक स्थिति और परिस्थितियों की जानकारी साझा की। इसके पश्चात सामाजिक विषयों पर आत्मचिंतन एवं मंथन करते हुए सामाजिक समस्याओं, उनके समाधान तथा चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
समारोह में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र के देशाउलि-जयरा एवं अन्य पवित्र दैवीय स्थलों को सुदृढ़ करने के लिए पहले अपने-अपने गांव के दिउरि से संपर्क स्थापित किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि वैश्विक पर्यावरणीय समस्याओं का स्थायी समाधान आदिवासी जीवनशैली में निहित है, जिसे व्यापक स्तर पर जागरूकता के माध्यम से धरातल पर उतारने की आवश्यकता है।
अंत में चार मुख्य बिंदुओं को केंद्र में रखकर निष्कर्ष हेतु विचार-विमर्श किया गया और सामाजिक परिवर्तन के लिए सामूहिक पहल करने का निर्णय लिया गया।
इस कार्यक्रम में झारखंड एवं उड़ीसा के विभिन्न सामाजिक संगठनों में से कोल्हान के मानकी मुण्डा संघ के उपाध्यक्ष काली चरण बिरूआ, मानकी यमुना किशोर बिरूवा, आयुब स्कूल संस्थापक प्रधान बिरूवा, आराध्या सिंकु, गुरु चरण सिंकु, जीवन सिंह लागुरी, ज्यला कोड़ा, डेनिस तिरिया, दुनाराम हेस्सा, दीपक तुबिड, निक्कु कुदादा, पंकज बांकिरा, प्रकाश पुरती, प्रेम सागर देवगम, बेस बुड़ीउली, मदन सिंह, मनोहर कुदादा, राहुल कारवा, राम देव बोयपाई, रमेश बिरूली, रमेश सिंकु, राजेश सिंकु, विपिन हेंब्रम, मुण्डा शत्रुघ्न कुंकल, दिउरि श्याम चरण लागुरी, शिवानी सिंह तिरिया, समियल लागुरी, समीर हेंब्रम, सोनाली हेम्बरोम, सोनू हेस्सा, संजीव बोदरा, सुखमोहन अंगरिया, सुमित सिंह कंडाईत, सुरेश सावैंयां, सुशीला बोदरा, सिदम हेंब्रम, हीरामनी देवगम, अजय सिंकु, आराध्या सिंकु एवं अन्य  सामाजिक शुभचिंतकों ने “मंथन – आपके विचारों का मंच” (पुनर्मिलन समारोह) में हिस्सा लिया।
आयोजन को सफल बनाने में देशाउलि फाउंडेशन से जुड़े मनोज बिरूवा, लादू देवगम, मनोज हेंब्रम, रविन्द्र गिलुआ, निर्मल सिंकु, सपना हो तथा अंतर्राष्ट्रीय फोटोजर्नलिस्ट आशिष बिरूली का विशेष योगदान रहा।

कोल्हान नो एंट्री आंदोलन: शहीद स्मारक में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का आंदोलनकारियों ने किया अभिनंदन

कोल्हान नो एंट्री आंदोलन: शहीद स्मारक में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का आंदोलनकारियों ने किया अभिनंदन

चाईबासा : कोल्हान क्षेत्र में नो एंट्री लागू करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान झारखंड सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक श्री चंपई सोरेन का गीतिलपी स्थित शहीद स्मारक में आंदोलनरत साथियों द्वारा गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर 2025 को नो एंट्री लागू करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे ग्रामीणों और आंदोलनकारियों पर पुलिस प्रशासन द्वारा रात के अंधेरे में लाठीचार्ज, आंसू गैस और रबर की गोलियों का प्रयोग किया गया। इस कार्रवाई में 16 निहत्थे महिला, पुरुष और नाबालिगों को जेल भेज दिया गया, जबकि 74 नामजद और लगभग 500 अज्ञात लोगों पर मामले दर्ज किए गए। यह मामला वर्तमान में चाईबासा न्यायालय में विचाराधीन है।
ऐसे कठिन समय में श्री चंपई सोरेन ने पीड़ित आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का परिचय देते हुए आंदोलनकारियों के समर्थन में मजबूती से खड़े रहने की बात कही।

राजनगर के पाटाकोचा में अवैध महुआ शराब अड्डे पर छापेमारी, 50 लीटर शराब जब्त, 600 किलो जावा महुआ नष्ट

राजनगर के पाटाकोचा में अवैध महुआ शराब अड्डे पर छापेमारी, 50 लीटर शराब जब्त, 600 किलो जावा महुआ नष्ट

राजनगर (सरायकेला-खरसावां) : उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार तथा अधीक्षक उत्पाद सरायकेला क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर दिनांक 02 फरवरी 2026 को राजनगर थाना अंतर्गत पाटाकोचा ग्राम में कैनाल किनारे संचालित अवैध शराब अड्डे पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मौके से 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर विधिवत जब्त किया गया, वहीं लगभग 600 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट किया गया।
अड्डा संचालक के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में महुआ शराब के अवैध निर्माण एवं सेवन के कारण स्थानीय ग्रामीणों में नशाखोरी की प्रवृत्ति बढ़ गई थी। कई लोग अपनी दैनिक मजदूरी व ड्यूटी छोड़कर सुबह से ही शराब का सेवन करते पाए गए, जिससे गांव में पारिवारिक कलह एवं अशांति का माहौल बना रहता था।
महुआ शराब के सेवन से पूर्व में जनहानि की घटनाएं होने की भी सूचना सामने आई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निकाय चुनाव 2026: सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव चुनावी मैदान में

नगर निकाय चुनाव 2026: सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव चुनावी मैदान में

सरायकेला : नगर निकाय चुनाव 2026 की तिथि नजदीक आते ही सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरायकेला के राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वे मंगलवार को विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
सोमवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इसकी जानकारी दी। इस अवसर पर रानी अरुणिमा सिंहदेव, जो सरायकेला नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं, भी उपस्थित थीं।
पत्रकारों से बातचीत में राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव ने कहा कि स्वास्थ्य सहित कुछ अन्य कारणों से उनकी चुनाव लड़ने की कोई इच्छा नहीं थी, लेकिन स्थानीय जनता के भारी आग्रह और स्नेह के कारण उन्होंने अपना निर्णय बदला। उन्होंने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में ही परिवार के सदस्यों ने नामांकन पत्र पहले ही खरीद लिया था।
उन्होंने कहा कि सरायकेला की जनता ही उनका परिवार है। राज परिवार और जनता के बीच वर्षों पुराना और गहरा संबंध रहा है। हमारा अस्तित्व जनता से जुड़ा हुआ है, इसलिए जनता की इच्छा, विश्वास और सम्मान को बनाए रखने के लिए चुनावी मैदान में उतरना आवश्यक हो गया है।

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जलेश कवि ने किया नामांकन, क्षेत्र विकास को बनाया प्राथमिकता

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जलेश कवि ने किया नामांकन, क्षेत्र विकास को बनाया प्राथमिकता

सरायकेला : नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सरायकेला में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को जलेश कवि ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि वे आम जनता की ओर से चुनाव मैदान में उतर रहे हैं और क्षेत्र के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा जनता की आवश्यकताओं की पूर्ति को अपना मुख्य लक्ष्य बनाएंगे।

जलेश कवि ने बताया कि वे 4 फरवरी को अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने सरायकेला के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा राजनीतिक और गैर-राजनीतिक दलों से क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्यों को गति देना, बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना और आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।