झारखंड

नगर निकाय चुनाव 2026: सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सुमित चौधरी ने दाखिल किया नामांकन

नगर निकाय चुनाव 2026: सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सुमित चौधरी ने दाखिल किया नामांकन

सरायकेला : नगर निकाय चुनाव 2026 की तिथि नजदीक आते ही सरायकेला क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुमित चौधरी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन से पहले सुमित चौधरी अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में समाहरणालय पहुंचे। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया और कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया।
नामांकन के समय भाजपा नेत्री एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मीनाक्षी पटनायक, नगर अध्यक्ष बीजू दत्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष बद्री दरोगा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

नगर निकाय चुनाव 2026: सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जलेश कवि ने दाखिल किया नामांकन

नगर निकाय चुनाव 2026: सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जलेश कवि ने दाखिल किया नामांकन

सरायकेला : नगर निकाय चुनाव 2026 की तिथि नजदीक आते ही क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जलेश कवि ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य तथा शहरी क्षेत्र के विभिन्न वर्गों से आए बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। जलेश कवि पूर्व में सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वे अपने सरल, अनुशासित और सहयोगी स्वभाव के लिए जाने जाते हैं।
जलेश कवि सरायकेला बार एसोसिएशन के अधिवक्ता हैं और वे पूर्व खिलाड़ी एवं शिक्षाविद भी रह चुके हैं। उनके नामांकन को लेकर क्षेत्र में खासकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला।
नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और जनता की आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरायकेला के नागरिक, युवा, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न दलों का उन्हें सहयोग मिलेगा।

जगन्नाथपुर: सिदिऊबासा टोला में बिजली की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ बैठक

जगन्नाथपुर: सिदिऊबासा टोला में बिजली की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ बैठक

जगन्नाथपुर : आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने ग्रामीणों की शिकायत पर आज उनके साथ एक बैठक कीe। यह बैठक जगन्नाथपुर प्रखंड के ग्राम काटेपाड़ा, टोला बुरूसाई (सिदिऊबासा), पंचायत करंजिया में आयोजित हुई।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि यह गांव जंगल से सटा हुआ है और आज तक सिदिऊबासा टोला में बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि गांव आते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद दोबारा गांव की सुध नहीं लेते। ऐसे में ग्रामीणों को जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया से इस टोला में बिजली बहाल कराने की उम्मीद है।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य ने कहा कि झारखंड राज्य देश को 42 प्रतिशत खनिज संपदा देने के बावजूद आज भी यहां के ग्रामीणों को बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल चुनाव के समय वादे कर जीत तो जाते हैं, लेकिन गरीब जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता। उन्होंने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र, अस्पतालों में डॉक्टर, स्कूलों में शिक्षक और पेयजल जैसी समस्याएं आज भी बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि सिदिऊबासा टोला में मात्र 7 घर और लगभग 40 की आबादी है, जहां तक बिजली पहुंचाने के लिए करीब 1 किलोमीटर दूरी तक कार्य किया जाना है। यदि प्रयासों के बावजूद विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर घेराव और प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में 5 फरवरी 2026 को ग्रामीणों के साथ विद्युत कार्यपालक अभियंता से मुलाकात की जाएगी। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

नगर निकाय चुनाव: वार्ड संख्या 9 से रूपेश बारीक ने पार्षद पद के लिए दाखिल किया नामांकन

नगर निकाय चुनाव: वार्ड संख्या 9 से रूपेश बारीक ने पार्षद पद के लिए दाखिल किया नामांकन

सरायकेला : नगर निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में वार्ड संख्या 9 से वार्ड पार्षद पद के लिए रूपेश बारीक उर्फ रुपु ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान समर्थकों और स्थानीय लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई।

इस अवसर पर रूपेश बारीक ने कहा कि यदि जनता का उन्हें समर्थन मिला तो वे वार्ड के समग्र विकास के लिए ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया। नामांकन के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल बना रहा।

नगर परिषद चुनाव: वार्ड संख्या 1 से रेखा शर्मा जेना ने दाखिल किया नामांकन, समर्थकों में दिखा उत्साह

नगर परिषद चुनाव: वार्ड संख्या 1 से रेखा शर्मा जेना ने दाखिल किया नामांकन, समर्थकों में दिखा उत्साह

चक्रधरपुर : नगर परिषद चुनाव के तहत बुधवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन रहा। इस अवसर पर अनुमंडल कार्यालय में काफी गहमागहमी देखने को मिली। अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

इसी क्रम में नगर परिषद के वार्ड संख्या 1 से पार्षद पद के लिए रेखा शर्मा जेना ने नामांकन किया। वे पूर्व पार्षद दिनेश जेना की पत्नी हैं। नामांकन के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिससे कार्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद दिनेश जेना ने कहा कि वे पहले की तरह आगे भी वार्डवासियों की सेवा में सक्रिय रहेंगे। उन्होंने बताया कि यदि रेखा शर्मा जेना निर्वाचित होती हैं तो वे दोनों मिलकर वार्ड के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ईमानदारी से कार्य करेंगे। नामांकन के दौरान समर्थकों ने नारेबाजी कर प्रत्याशी का उत्साह बढ़ाया।

चाईबासा सदर अस्पताल में 7 फरवरी को कैंसर रोगियों के लिए विशेष ओपीडी

चाईबासा सदर अस्पताल में 7 फरवरी को कैंसर रोगियों के लिए विशेष ओपीडी

चाईबासा : कैंसर रोगियों के लिए एक विशेष ओपीडी क्लिनिक का आयोजन सदर अस्पताल, चाईबासा में 07 फरवरी 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। इस दौरान पीयरलेस हॉस्पिटल, कोलकाता के वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ डॉ. राजीब भट्टाचार्य (MBBS, MD–Radiotherapy, DNB–Medical Oncology) रोगियों को निःशुल्क परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
यह विशेष ओपीडी सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी और इसका संचालन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। कैंसर से पीड़ित मरीजों से समय पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार, यह ऑन्कोलॉजी ओपीडी प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को आयोजित की जाएगी। साथ ही, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के अंतर्गत कैंसर उपचार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पूर्व-पंजीकरण के लिए मरीज 9163583503 या 9702948645 पर संपर्क कर सकते हैं।

तेज रफ्तार सत्या रथ बस ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की हालत नाजुक, चालक फरार

तेज रफ्तार सत्या रथ बस ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की हालत नाजुक, चालक फरार

चाईबासा (बासा टोंटो) : जमशेदपुर से तेज रफ्तार में आ रही सत्या रथ बस (वाहन संख्या JH 05D 7280) ने बासा टोंटो क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में खुंटपानी प्रखंड के रुईडी गांव निवासी रमेश बेसरा और लादुरा तियू घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से चाईबासा की ओर फरार हो गया।

दुर्घटना में रमेश बेसरा को गंभीर चोटें आई हैं। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है और एक हाथ टूट गया है। दोनों घायलों को सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रमेश बेसरा की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। रात करीब 11 बजे 108 एंबुलेंस से उन्हें रांची ले जाया गया।

पीड़ित की गंभीर स्थिति के कारण परिवार गहरे संकट में है। घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हालचाल लिया गया और परिवार को सांत्वना दी गई। साथ ही आश्वासन दिया गया कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस मामले में परिवार के सदस्यों के साथ मुफस्सिल थाना, चाईबासा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

चक्रधरपुर: भाजपा समर्थित डॉ. विजय सिंह गागराई ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन

चक्रधरपुर: भाजपा समर्थित डॉ. विजय सिंह गागराई ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन

पश्चिम सिंहभूम : चक्रधरपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. विजय सिंह गागराई ने मंगलवार को चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।
नामांकन से पूर्व डॉ. विजय सिंह गागराई ने आदिवासी मित्रमंडल परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात वे अपने समर्थकों के साथ पदयात्रा करते हुए मुख्य सड़क स्थित शहीद भगत सिंह एवं भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचे।
अनुमंडल कार्यालय में डॉ. गागराई ने निर्वाचन पदाधिकारी को अपना नामांकन पत्र सौंपा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक पासवान, डॉ. विजय सिंह गागराई की धर्मपत्नी फूलों जिनको, जिला मंत्री सुरेश साव, राकेश श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष अनूप दुबे, रूपेश साव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सरायकेला-खरसावां में प्रशासन अलर्ट

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सरायकेला-खरसावां में प्रशासन अलर्ट

सरायकेला-खरसावां : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन को लेकर मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में गठित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समाहरणालय भवन में संचालित निर्वाचन, सूचना एवं विज्ञान, व्यय, कार्मिक, परिवहन एवं जन शिकायत कोषांगों के साथ-साथ काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित सामग्री, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांगों की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई। इस क्रम में अभिलेख संधारण, आपसी समन्वय तथा दायित्वों के निर्वहन की स्थिति का अवलोकन करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
समाहरणालय भवन में विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के लिए वार्ड पार्षद, अध्यक्ष एवं महापौर पदों हेतु निर्धारित नामांकन स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। नामांकन कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा, अभ्यर्थियों की सुविधा एवं अभिलेख संधारण की समीक्षा करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
काशी साहू कॉलेज परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर का भी निरीक्षण किया गया, जहां प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम, निर्वाचन सामग्री, सामग्री वितरण वाहनों, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही मतदान कर्मियों की सुविधा, सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त प्रस्तावित मतगणना स्थल की तैयारियों की समीक्षा की गई। मतगणना कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मनोज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मनोज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन

सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मनोज चौधरी ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने उन्हें आधिकारिक समर्थन दिया। इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शिवेंदु महतो सहित कई पार्टी नेता उपस्थित रहे।
नामांकन के समय मनोज चौधरी के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने नारेबाजी कर उनके प्रति समर्थन और एकजुटता दिखाई। झामुमो नेताओं ने मनोज चौधरी को एक मजबूत और जमीनी नेता बताते हुए कहा कि वे नगर पंचायत के विकास को नई दिशा देंगे।
नामांकन के बाद मनोज चौधरी ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे सरायकेला नगर पंचायत में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क, पेयजल और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने झामुमो नेतृत्व और सभी समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
झामुमो जिला अध्यक्ष सुबेंदु महतो ने कहा कि मनोज चौधरी क्षेत्र के लोकप्रिय नेता हैं और पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का भरपूर समर्थन उन्हें मिलेगा।
इस अवसर पर मनोज चौधरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जिला अध्यक्ष शिवेंदु महतो तथा संगठन के सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कार्यक्रम में प्रेम अग्रवाल, झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला मांहती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, मनोरंजन साहू, कृष्णा राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।