राजनीति

बोधि मंदिर, साकची में “संविधान बचाओ – भाईचारा बनाओ” सम्मेलन आयोजित

बोधि मंदिर, साकची में “संविधान बचाओ – भाईचारा बनाओ” सम्मेलन आयोजित

जमशेदपुर : साकची स्थित बोधि मंदिर में “संविधान बचाओ – भाईचारा बनाओ सम्मेलन” का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न समुदायों की ऐतिहासिक भागीदारी देखने को मिली। सम्मेलन के मंच से दिए गए वक्तव्यों ने समाज में एकता और जागरूकता की नई लहर पैदा की।

स्टेट प्रेसिडेंट एवं राष्ट्रीय कोर कमिटी के सदस्य श्री काशिफ़ रज़ा ने कहा कि “भारत का संविधान सिर्फ़ दस्तावेज़ नहीं, बल्कि सबसे बड़ा हथियार है, जो हर नागरिक को सम्मान, न्याय और समान अधिकार देता है। हम इसे कमजोर नहीं होने देंगे।” उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज तभी मजबूत होता है जब वंचित, उत्पीड़ित और मेहनतकश वर्ग संगठित होकर अपनी आवाज उठाता है। “हम धर्म, जाति या वर्ग के नाम पर बंटने नहीं आए, हम एक होकर अपने अधिकार लेने आए हैं।”

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और झारखंड पुलिस एसोसिएशन के स्टेट प्रेसिडेंट श्री राहुल मुर्मू ने कहा कि “असली विकास तभी संभव है जब समाज का हर व्यक्ति सुरक्षित, सम्मानित और अधिकार संपन्न हो। संविधान ने हमें बराबरी का अधिकार दिया है और इसकी रक्षा समाज की संयुक्त जिम्मेदारी है।” उन्होंने भाईचारा, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।

सम्मेलन की सफलता में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवा नेतृत्वकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। मंच और सभा में विशेष रूप से मौजूद रहे —
दिनेश गौतम, शमीम अकरम, परवेज शहजाद, फ़ैयाज़ आलम, परमबीर पात्रों, सनत सिंह, सरदार आफताब अली, एजाज अहमद, सोनू (स्माइल), राशिद खान, वसीम, राजू मुखी, रतन बारीक, राजू लोहरा, बलराम कर्मकार, कमरुन निशा, जेबा आलो और शेख खुशनूर।
सभी ने संविधान और भाईचारे का संदेश समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभा संकल्प के नारों से गूंज उठा :-


• “संविधान अमर रहे — भाईचारा कायम रहे।”


• “दलित, मुस्लिम, आदिवासी, पिछड़ा साथ चलेगा — संविधान का राज चलेगा।”

सम्मेलन के साथ यह घोषणा भी की गई कि आने वाले दिनों में इसी एकजुटता के साथ जागरूकता अभियान जारी रहेगा, ताकि न्याय, सम्मान और समान अवसर की लड़ाई को आगे बढ़ाया जा सके।

असम सरकार का बड़ा निर्णय — चाय बागान के मजदूरों को भूमि का अधिकार और ST में शामिल करने की मंजूरी

असम सरकार का बड़ा निर्णय — चाय बागान के मजदूरों को भूमि का अधिकार और ST में शामिल करने की मंजूरी

असम : असम सरकार ने चाय बागानों में रह रहे मजदूरों को भूमि पर मालिकाना हक देने का विधेयक पास कर दिया है। इस फैसले से वहां पिछले 200 वर्षों से बसे लाखों आदिवासी और अन्य मजदूरों को लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही, असम कैबिनेट ने झारखंड मूल के आदिवासी चाय बागान श्रमिकों को राज्य की अनुसूचित जनजाति (ST) सूची में शामिल करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।

कई वर्षों से अधिकारों से वंचित इन मजदूरों की मांगों को पहले की सरकारों ने नजरअंदाज किया था, लेकिन अब असम की भाजपा सरकार ने उनके संघर्ष को सम्मान देते हुए यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

आदिवासी समाज ने इन महत्वपूर्ण फैसलों के लिए असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

बिजली संकट से मिली राहत — बम्बासाई टोला टिपुसाइ में लगा नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने जताया आभार

बिजली संकट से मिली राहत — बम्बासाई टोला टिपुसाइ में लगा नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने जताया आभार

पश्चिमी सिंहभूम : नोवामुंडी प्रखंड के बड़ापासीया पंचायत के ग्राम बम्बासाई के टोला टिपुसाइ में नया ट्रांसफार्मर लगने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए क्षेत्र के विधायक श्री सोनाराम सिंकु जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं होने के कारण गांव में कई तरह की समस्याएं हो रही थीं। छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में दिक्कत होती थी, लोग अंधेरे में रहने को मजबूर थे और किसानों को बागवानी तथा कृषि कार्य करने में कठिनाई होती थी। अब नया ट्रांसफार्मर लग जाने से इन सभी समस्याओं का समाधान हो गया है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बम्बासाई टोला टिपुसाइ के ग्रामीण बिना बिजली के अंधेरे में रह रहे थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्या विधायक श्री सोनाराम सिंकु जी के सामने रखी थी। विधायक के निर्देश पर बिजली विभाग ने कार्रवाई करते हुए 2-फेज लाइन को अपग्रेड कर 3-फेज लाइन बनाई और पुराने 16 KVA ट्रांसफार्मर की जगह 25 KVA का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया।

मौके पर उपस्थित ग्रामीणों में गेदाम लागुरी, दिनेश लागुरी, सोमा कोड़ा, महती लागुरी, मानसिंह लागुरी, चम्बरा कोड़ा, कुशल लागुरी, जेना कोड़ा, रामचन्द्र कोड़ा, बुधराम लागुरी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

एमपी-एमएलए कोर्ट ने हेमंत सोरेन को 12 दिसंबर को पेश होने का अंतिम मौका दिया

एमपी-एमएलए कोर्ट ने हेमंत सोरेन को 12 दिसंबर को पेश होने का अंतिम मौका दिया

रांची : एमपी-एमएलए कोर्ट ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी समन की अवमानना मामले में 12 दिसंबर को सशरीर अदालत में उपस्थित होने का अंतिम मौका दिया है। कोर्ट के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी सार्थक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा।

बता दें कि ईडी ने रांची के बड़गाईं क्षेत्र की जमीन से जुड़े मामले में वर्ष 2023 में कई समन जारी किए थे। लगातार समन के बावजूद मुख्यमंत्री ईडी के सामने पूछताछ के लिए नहीं गए। हालांकि 10वें समन के बाद ईडी की टीम सीएम हाउस पहुंची और वहां हेमंत सोरेन से पूछताछ की गई।

समन की अवहेलना को लेकर ईडी ने फरवरी 2023 में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अदालत ने 4 मार्च 2024 को आईपीसी की धारा 174 के तहत मामले की संज्ञान लेकर इसे एमपी-एमएलए कोर्ट को भेज दिया।

एमपी-एमएलए कोर्ट ने मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया था। इसके खिलाफ हेमंत सोरेन झारखंड हाईकोर्ट पहुंचे। हाईकोर्ट ने उन्हें अस्थायी रूप से व्यक्तिगत पेशी से छूट दे दी थी।

लेकिन 25 नवंबर को ईडी की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राहत वापस ले ली और मुख्यमंत्री को निचली अदालत में पेश होने तथा ट्रायल जारी रखने का आदेश दिया।

आज एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई थी, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अदालत में पेश नहीं हुए। इसलिए कोर्ट ने अब 12 दिसंबर को पेश होने का अंतिम मौका दिया है।

कठोर ठंड में राहत की मांग — त्रिशानु राय ने उपायुक्त से अलाव और कंबल वितरण की अपील

कठोर ठंड में राहत की मांग — त्रिशानु राय ने उपायुक्त से अलाव और कंबल वितरण की अपील

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। सुबह और शाम के बाद ठंड में तेज़ इजाफा हो रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। सुबह से ही घना कोहरा छाया है और तापमान काफी नीचे लुढ़क गया है। तेज़ रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी है, वहीं शाम होते ही कनकनी का एहसास होने लगा।

इसी बीच, जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने शुक्रवार को जनहित में उपायुक्त चंदन कुमार से सभी प्रखंडों और नगर क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने रात्रि में भ्रमण कर बेसहारा लोगों के बीच कंबल वितरण करवाने का आग्रह भी किया है।

त्रिशानु राय ने उपायुक्त से कहा कि ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला के सभी प्रखंडों और नगर क्षेत्रों में अलाव एवं कंबल की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों को राहत मिल सके।

“संवैधानिक अधिकार बचाओ – भाईचारा बनाओ” सम्मेलन 30 नवंबर को साकची में आयोजित होगा

“संवैधानिक अधिकार बचाओ – भाईचारा बनाओ” सम्मेलन 30 नवंबर को साकची में आयोजित होगा

जमशेदपुर : मिशन 78 और भीम आर्मी एकता मिशन के संयुक्त तत्वावधान में “संवैधानिक अधिकार बचाओ – भाईचारा बनाओ” विषय पर एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन 30 नवंबर 2025 को किया जाएगा।

इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज में भाईचारा, सामाजिक सौहार्द, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वर्तमान समय में संविधान और मूल अधिकारों की रक्षा को लेकर जनचेतना मजबूत करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है।

कार्यक्रम विवरण:


📍 स्थान – बोधि मंदिर, साकची, गरमनाला
🗓️ तारीख – 30 नवंबर 2025
⏰ समय – प्रातः 10:00 बजे

कार्यक्रम में बहुजन समाज, विभिन्न सामाजिक संगठन, बुद्धिजीवी और आमजन की बड़ी भागीदारी की उम्मीद है। सम्मेलन समाज में समानता, न्याय और बंधुता के संदेश को प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

आयोजकों ने मीडिया प्रतिनिधियों, बहुजन समाज और समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस सम्मेलन को ऐतिहासिक व सफल बनाने की अपील की है।

झारखंड सरकार की दूसरी पारी का एक वर्ष पूरा — आज मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह

झारखंड सरकार की दूसरी पारी का एक वर्ष पूरा — आज मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की दूसरी पारी का एक वर्ष आज 28 नवंबर को पूरा हो रहा है। इस मौके पर सुबह 11 बजे से रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे।

ट्रैफ़िक व्यवस्था में विशेष बदलाव

समारोह को देखते हुए शहर में ट्रैफ़िक में विशेष बदलाव किए गए हैं:

सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

एसएसपी आवास, दिवंगत दिशोम गुरु आवास, अतिथि शाला, मोरहाबादी टीओपी और रेडक्रॉस रोड पर साधारण वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

ट्रैफ़िक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि समारोह स्थल के मार्ग पर चारपहिया वाहन का उपयोग न करें।


पार्किंग स्थल निर्धारित

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए इन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है:

फुटबॉल मैदान (रांची कॉलेज)

आर्मी ग्राउंड

टीआरआई मैदान

डीआईजी ग्राउंड
आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।


मुख्यमंत्री देंगे 10,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा के तहत मुख्यमंत्री करीब 10,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे, जिनमें लगभग 8,000 चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे। ये नियुक्तियां सहायक आचार्य, कीटपालक, पुलिस उपाधीक्षक, राज्य कर पदाधिकारी, काराधीक्षक और झारखंड शिक्षा सेवा सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर की जाएंगी।

तैयारी की निगरानी

आयोजन की तैयारी को लेकर रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री को निर्देश दिए गए हैं। वे पंडाल निर्माण, मंच व्यवस्था, सुरक्षा और ट्रैफ़िक प्रबंधन की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।

मंत्रीगण भी होंगे उपस्थित

समारोह में राज्य सरकार के सभी मंत्री विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इनमें शामिल हैं:

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

कृषि एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

झामुमो कोटे से सुदिव्य कुमार सोनू, योगेंद्र प्रसाद, दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन और चमरा लिंडा

‘सरकार आपके द्वार’ शिविर पर पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने जताई चिंता

‘सरकार आपके द्वार’ शिविर पर पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने जताई चिंता

हाटगम्हारिया : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने हाटगम्हारिया प्रखंड के ठक्कर बापा डुमरिया पंचायत भवन में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम वास्तविक जरूरतों को पूरा करने में विफल हो रहा है और केवल दिखावा बनकर रह गया है। उन्होंने इसकी तुलना “सफेद हाथी” से करते हुए कहा कि बड़े दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर नजर नहीं आता।

गागराई ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि शासन-प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाने में असफल रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता अब भी आवास, मैया सम्मान योजना जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं से वंचित है। शिविर में न कंबल वितरित किए जा रहे हैं और न ही स्कूल जाने वाले बच्चों को स्वेटर या पोशाक उपलब्ध कराई जा रही है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि हेमंत सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘खाना पूर्ति’ और ‘आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम केवल नाम मात्र के रह गए हैं। कई योजनाओं के पोर्टल बंद होने के कारण लाभार्थियों तक सहायता नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन दोनों ही निष्क्रिय दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने टिप्पणी की— “सरकार कुंभकर्णी निंद्रा में है और प्रशासन के हाथ बंधे हुए हैं।”

गागराई ने स्पष्ट किया कि यह केवल राजनीतिक बयान नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल कार्रवाई कर योजनाओं को सही तरीके से लागू करे ताकि ग्रामीणों को उनका अधिकार मिल सके।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं और कहा कि सरकार के दावों और वास्तविक हालात में बड़ा अंतर है। इस मौके पर गागराई ने स्थानीय प्रशासन से अपील की कि सरकारी योजनाओं को गंभीरता से लागू किया जाए और जरूरतमंदों को समय पर सहायता प्रदान की जाए।

सरकारी सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने के लिए नलिता, कोलचोकड़ा और केन्दो पंचायत में विशेष शिविर

सरकारी सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने के लिए नलिता, कोलचोकड़ा और केन्दो पंचायत में विशेष शिविर

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत चल रहे “सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत चक्रधरपुर प्रखंड के नलिता, कोलचोकड़ा और केन्दो पंचायत में पंचायत स्तरीय शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में विधायक सुखराम उरांव और उपायुक्त चंदन कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों ने संयुक्त रूप से शिविर का उद्घाटन कर की।

इसके बाद अधिकारियों द्वारा झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम-2011 के तहत सूचीबद्ध सेवाओं से संबंधित विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। शिविर में समाज कल्याण विभाग की ओर से गोद भराई एवं अन्नप्राशन योजना के लाभुकों को लाभ प्रदान किया गया। साथ ही स्कूली बच्चों को साइकिल, पठन-पाठन सामग्री एवं डेमो चेक वितरित किए गए।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि “सेवा का अधिकार सप्ताह” का उद्देश्य पंचायत स्तर पर लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे शिविर में उपलब्ध कराना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ।

उपायुक्त चंदन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम लगातार छठे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष शिविरों में जाति, आवासीय, आय, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी सेवाओं से संबंधित आवेदनों को प्राथमिकता से स्वीकार किया जा रहा है और मौके पर ही शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हेमंत सोरेन सरकार की पहली वर्षगांठ पर राज्यस्तरीय समारोह की तैयारी तेज

हेमंत सोरेन सरकार की पहली वर्षगांठ पर राज्यस्तरीय समारोह की तैयारी तेज

रांची : मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह का औपचारिक आमंत्रण पत्र उन्हें सौंपा।

ज्ञात हो कि 28 नवंबर को हेमंत सोरेन सरकार अपने एक वर्ष के कार्यकाल का सफलतापूर्वक समापन कर रही है। इस अवसर पर मोरहाबादी मैदान में दोपहर 12 बजे से भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।

समारोह में राज्य सरकार के सभी मंत्रियों सहित कई प्रमुख गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री द्वारा करीब 10 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण होगा। सरकार को उम्मीद है कि इससे रोजगार के क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश जाएगा और युवाओं में उत्साह भी बढ़ेगा।