#मनरेगा #महात्मा_गांधी #रोजगार_गारंटी_योजना #भाजपा #कांग्रेस #त्रिशानुराय #maskalnews

योजनाओं के नाम, कानून के नाम बदलने में केन्द्र की मोदी सरकार माहिर है : त्रिशानु राय

योजनाओं के नाम, कानून के नाम बदलने में केन्द्र की मोदी सरकार माहिर है : त्रिशानु राय

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदले जाने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार योजनाओं और कानूनों के नाम बदलने में माहिर है।

उन्होंने कहा कि निर्मल भारत अभियान का नाम स्वच्छ भारत अभियान किया गया और ग्रामीण एलपीजी वितरण कार्यक्रम को उज्ज्वला योजना नाम दिया गया। सरकार पैकेजिंग, ब्रांडिंग और नामकरण में तो आगे है, लेकिन असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है।

त्रिशानु राय ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू से सरकार की नफरत तो समझ में आती है, लेकिन महात्मा गांधी के नाम से भी दिक्कत होना हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से चल रही महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर अब ‘पूज्य बापू रोजगार गारंटी योजना’ किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से सरकार को क्या आपत्ति है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार नाम बदलकर बेरोजगारी, डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत, वोट चोरी और देश के बढ़ते कर्ज जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने जनता के लिए कोई नई ठोस योजना नहीं चलाई, बल्कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं के नाम बदलकर अपनी उपलब्धि बताकर जनता को गुमराह किया जा रहा है।