राजनीति

समाहरणालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

समाहरणालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित

सरायकेला : समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, संकुल और प्रखंड संसाधन व्यक्ति सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की कक्षा उपस्थिति बढ़ाने, आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता मिशन के लक्ष्य प्राप्त करने, तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और समयबद्ध अध्यापन पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि लगातार अनुपस्थित शिक्षकों और कर्मियों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ निलंबन या बर्खास्तगी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही, उन्होंने विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर, कम उपस्थिति वाले विद्यालयों में अभिभावकों और ग्रामीणों को जागरूक करने, स्थानीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग लेने, और छूटी हुई किशोरियों को सवित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ने के लिए आवेदन शीघ्र विभाग को भेजने के निर्देश दिए।

कुमारडुंगी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़कुंवर गागराई की चाय पर चर्चा

कुमारडुंगी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़कुंवर गागराई की चाय पर चर्चा

कुमारडुंगी : कुमारडुंगी में भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने आज भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सभी मंडल अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में एकजुटता बनाए रखना तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा करना था।
इस मौके पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्र को समर्पित पार्टी है और आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन और एकजुटता आवश्यक है तथा सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। चाहे रक्षा, मेक इन इंडिया, कृषि, खेल या अन्य क्षेत्र हों, भारत ने उल्लेखनीय विकास किया है। आज भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान बना चुका है और प्रधानमंत्री को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान इसका प्रमाण हैं।
अंत में बड़कुंवर गागराई ने नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं और उनसे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने तथा जनता से सीधा जुड़ने की अपील की।

सिद्धार्थ होनहोगा ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और झारखंड सरकार पर साधा निशाना

सिद्धार्थ होनहोगा ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और झारखंड सरकार पर साधा निशाना

पश्चिम सिंहभूम : खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत जोंकोंशासन गांव की गर्भवती महिला मीना जोंकों (35 वर्ष) के इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप सामने आया है। महिला ने चाईबासा सदर अस्पताल में मृत शिशु को जन्म दिया, जिसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
जानकारी के अनुसार, मीना जोंकों को दो दिन पहले चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति गंभीर होने पर 26 जनवरी 2026 को उसे जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। आरोप है कि एमजीएम अस्पताल में भी महिला को समुचित इलाज और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिली, जिसके बाद परिजनों को उसे रांची स्थित रिम्स ले जाने की सलाह दी गई।
इस पूरे मामले को लेकर सिद्धार्थ होनहोगा ने झारखंड सरकार और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में दूर-दराज के इलाकों से आने वाले मरीजों को बार-बार रेफर करना आम बात हो गई है, जिससे कई बार मरीजों की जान खतरे में पड़ जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध पश्चिम सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। सिद्धार्थ होनहोगा ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
फिलहाल मृत शिशु को जन्म देने के बाद महिला जिंदगी और मौत से जूझ रही है, जबकि पीड़ित परिवार गहरे मानसिक तनाव में है।

UGC के नए नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, सामान्य वर्ग के युवाओं में नाराजगी

UGC के नए नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, सामान्य वर्ग के युवाओं में नाराजगी

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों को लेकर सामान्य वर्ग के युवाओं में नाराजगी देखी जा रही है। इन नियमों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर सुनवाई के लिए अदालत तैयार हो गई है। चीफ जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस जोयमाल्या बागची की पीठ इस मामले पर आज सुनवाई करेगी।

याचिका में कहा गया है कि नए नियम जातिगत भेदभाव खत्म करने के उद्देश्य से बनाए गए हैं, लेकिन ये सामान्य वर्ग के छात्रों के साथ भेदभाव करते हैं। नियमों में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए जातिगत भेदभाव की शिकायत की व्यवस्था है, जबकि सामान्य वर्ग के छात्रों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा, याचिका में यह भी कहा गया है कि झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई का प्रावधान इन नियमों में नहीं है।

झामुमो पश्चिमी सिंहभूम की जिला बैठक 1 फरवरी को

झामुमो पश्चिमी सिंहभूम की जिला बैठक 1 फरवरी को

चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पश्चिमी सिंहभूम जिला समिति की बैठक 1 फरवरी 2026, रविवार को सुबह 11 बजे सन साइन रेस्टोरेंट हॉल में आयोजित की जाएगी।
जिला सचिव राहुल आदित्य ने बताया कि यह बैठक केंद्रीय समिति के निर्देश और जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के आदेशानुसार बुलाई गई है। बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारी, जिला समिति के पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय संगठनों के अध्यक्ष व सचिव, साथ ही चक्रधरपुर और चाईबासा नगर समिति के अध्यक्ष व सचिवों की उपस्थिति अनिवार्य है।
बैठक के प्रमुख एजेंडा में सदस्यता अभियान, BLA-2 पर विचार-विमर्श और जिले के दो नगर निकाय चुनावों पर चर्चा शामिल है। जिला समिति ने सभी पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होकर सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

चांडिल क्षेत्र में अवैध खनन और बालू भंडारण पर जिला खनन विभाग ने छापा मारा

चांडिल क्षेत्र में अवैध खनन और बालू भंडारण पर जिला खनन विभाग ने छापा मारा

सराइकेला : उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर आज 28 जनवरी 2026 को जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान तिरुलडीह थाना क्षेत्र के मौजा–सपादा और सिरकाडीह में लगभग 1,10,000 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया। वहीं, इसी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी मशीन को भी जब्त कर तिरुलडीह थाना को सुपुर्द किया गया।
ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मौजा–सोड़ो जारगोडीह में लगभग 45,000 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया। जब्त बालू की ई-नीलामी जल्द की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा–झीमडी में लाल टुंगरी (एकलव्य विद्यालय परिसर) में लौह अयस्क के अवैध उत्खनन के तीन बड़े गड्ढे पाए गए। इसके संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मानगो नगर निगम चुनाव: वार्ड 09 से विजय सोय को मिला सामाजिक संगठनों व नेताओं का समर्थन

मानगो नगर निगम चुनाव: वार्ड 09 से विजय सोय को मिला सामाजिक संगठनों व नेताओं का समर्थन

जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में वार्ड संख्या 09 से प्रत्याशी विजय सोय के समर्थन में कई सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता सामने आए हैं। समर्थन की घोषणा के बाद क्षेत्र में चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय हो गया है।
समर्थन करने वाले संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि विजय सोय लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं। वे निःशुल्क शिविरों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हैं। जरूरत पड़ने पर अस्पताल में इलाज या रक्तदान के लिए भी वे स्वयं आगे बढ़कर मदद करते हैं।
उनके प्रयासों से सैकड़ों लोगों को राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, ई-श्रम कार्ड, आभा कार्ड, वृद्धा व विधवा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। इसके साथ ही वे स्वास्थ्य, शिक्षा, खेलकूद और बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, बिजली और पेयजल से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय रहे हैं।
सामाजिक संगठनों और नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले प्रत्याशी को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विजय सोय को समर्थन देकर वार्ड के विकास में भागीदार बनें।

प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, अंकित ब्रदर्स बनी विजेता

प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, अंकित ब्रदर्स बनी विजेता

चाईबासा : युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से पूर्ति स्पोर्टिंग क्लब करलाजुड़ी के तत्वावधान में आयोजित प्रखंड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपई सोरेन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 48 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में अंकित ब्रदर्स ने विजेता का खिताब जीता, जबकि नाइट बुलेट की टीम उपविजेता रही। टीएसएनआर एफसी और एक मुंडा फुटबॉल टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं सांख्य-16 वर्ग में बीएफए और दक्षिण कोल्हान बड़ा गुइरा की टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य लालमुनी पूर्ति, भाजपा एसटी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रानी बंदिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में पूर्ति स्पोर्टिंग क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता

सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों को लेकर प्रेस वार्ता

सरायकेला : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत की उपस्थिति में समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता की।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड के प्रेस नोट संख्या 187 (दिनांक 27 जनवरी 2026) के अनुसार जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 कराया जाएगा। निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और संबंधित व्यक्तियों को इसका अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। बिना अनुमति सभा, जुलूस या लाउडस्पीकर के उपयोग पर कार्रवाई की जाएगी। आचार संहिता या निर्वाचन नियमों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने नगर निकाय क्षेत्रों के मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कहा कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त निर्वाचन कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अति-संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। अवैध शराब, नकद वितरण और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक के लिए विशेष टीम और फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक और नफरत फैलाने वाली सामग्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। लाइसेंसी हथियार धारकों को निर्धारित समय सीमा में अपने हथियार संबंधित थाना में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
मतदान केंद्रों का विवरण
आदित्यपुर नगर निगम: 35 वार्ड, 136 मतदान केंद्र
कपाली नगर परिषद: 21 वार्ड, 31 मतदान केंद्र
सरायकेला नगर पंचायत: 11 वार्ड, 13 मतदान केंद्र
मतदाताओं का विवरण
आदित्यपुर नगर निगम: कुल 1,39,889 मतदाता
कपाली नगर परिषद: कुल 33,766 मतदाता
सरायकेला नगर पंचायत: कुल 10,762 मतदाता
निर्वाचन कार्यक्रम
निर्वाचन की सूचना प्रकाशन: 28 जनवरी 2026
नाम निर्देशन पत्र दाखिल: 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा: 5 फरवरी 2026
अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि: 6 फरवरी 2026
निर्वाचन प्रतीक आवंटन: 7 फरवरी 2026
मतदान: 23 फरवरी 2026 (सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक)
मतगणना: 27 फरवरी 2026 (सुबह 8 बजे से)
निर्वाचन से संबंधित अद्यतन जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर उपलब्ध रहेगी।
प्रेस वार्ता में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में कोषांगों के साथ समीक्षा बैठक

नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में कोषांगों के साथ समीक्षा बैठक

चाईबासा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री चंदन कुमार की अध्यक्षता में नगर पालिका चुनाव–2026 के सफल एवं सुचारु आयोजन को लेकर सभी गठित कोषांगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों से अब तक की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कोषांगों द्वारा अपने-अपने दायित्वों के तहत किए गए कार्यों और प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि नगर पालिका चुनाव–2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके।

बैठक में सभी कोषांगों के नोडल, प्रभारी पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।