कोल्हान

उकुमादकम विद्यालय में बाल दिवस और रजत जयंती वर्ष का उत्सव धूमधाम से आयोजित

उकुमादकम विद्यालय में बाल दिवस और रजत जयंती वर्ष का उत्सव धूमधाम से आयोजित

मंझारी : उत्क्रमित उच्च विद्यालय उकुमादकम में मंगलवार को बाल दिवस और विद्यालय की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पूर्व-संध्या समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर बच्चों के उत्साह, शिक्षकों की भागीदारी और ग्रामीणों के सहयोग से जीवंत दिखा।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए विविध प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, नृत्य, क्विज़ और प्रेरक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

प्रधानाध्यापक सिकन्दर बिरुवा ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चे समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की पहचान हैं। उन्होंने विद्यालय की 25 वर्षों की शिक्षा यात्रा, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर भी बात की।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और झारखंड विषयक क्विज़ में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। झारखंड क्विज़ में जस्मति हेस्सा प्रथम, बुधन सिंह बारी द्वितीय और जयन्ती तामसोय व निरानी तामसोय संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।

बाल दिवस पर बच्चों ने जनजातीय नृत्य, देशभक्ति गीत और समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान शारीरिक शिक्षक मंजीत सिंह बोयपाई ने बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य, व्यायाम, खेल भावना और स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। स्थानीय ग्रामीण बनमाली तामसोय ने लोकगीत और प्रेरक कहानियों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा और जीवन मूल्यों का संदेश दिया।

कार्यक्रम में साधो तियु, कृष्णा चन्द्र सोरेन, पींकी कालुन्डिया, सावित्री बोबोंगा सहित कई शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापक और ग्रामीणों ने बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न घोषित किया।

झारखंड स्थापना दिवस पर पश्चिमी सिंहभूम के 1308 ग्राम संगठनों में JSLPS ने आयोजित किए विशेष कार्यक्रम

झारखंड स्थापना दिवस पर पश्चिमी सिंहभूम के 1308 ग्राम संगठनों में JSLPS ने आयोजित किए विशेष कार्यक्रम

चाईबासा : झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के JSLPS द्वारा गठित सभी 1308 ग्राम संगठनों में 14 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। रजत जयंती वर्ष के इस अवसर पर ग्रामीण सशक्तिकरण को लेकर नए संकल्प लिए गए।

कार्यक्रम में 15 हज़ार से अधिक महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ग्राम संगठनों में स्वास्थ्य, शिक्षा और लैंगिक समानता के मुद्दों पर सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके अलावा, झारखंड की पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर चर्चा की गई और भविष्य के 25 वर्षों के लिए कार्ययोजना तय की गई।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कैडर और सखी मंडलों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर BJP एसटी मोर्चा ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा की साफ-सफाई और माल्यार्पण किया

जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर BJP एसटी मोर्चा ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा की साफ-सफाई और माल्यार्पण किया

चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर अध्यक्ष पंकज टोप्पो के नेतृत्व में चाईबासा बस स्टैंड स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की साफ-सफाई की गई। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन किया गया।

मोर्चा ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर मंगलवार को शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें कार्यकर्ता और आमजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देंगे।

नेताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया। धर्मांतरण के विरोध में उलगुलान कर समाज को जागरूक किया। जनजातीय गौरव बढ़ाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतीश पुरी, जिला उपाध्यक्ष राकेश बबलू शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री मनोज लीयगी, प्रताप कटियार महतो, नगर अध्यक्ष पवन शर्मा , मुकेश योगी, रामेश्वर विश्वकर्मा, जयकिशन विरूली, विजय पूर्ति, मोटू करवा, द्वारिका शर्मा, बिरजू रजक, मणिकांत पोद्दार, संतोषी मुखी, ज्योति करवा, यमुना करवा, सोनी करवा, चांदनी करवा, बबली करवा, रोहित दास, पंकज सिंह, नीरज पांडे, जगदीश निषाद, लक्ष्मण कुजूर, रौनक लड़का, आनंद गोप, देव दास सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

चाईबासा कांग्रेस भवन में पंडित नेहरू की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

चाईबासा कांग्रेस भवन में पंडित नेहरू की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

चाईबासा : देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती शुक्रवार को चाईबासा स्थित कांग्रेस भवन में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कांग्रेसजनों ने नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद नेहरू ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से भारत को एक सशक्त, समृद्ध और आधुनिक राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि नेहरू आर्थिक रूप से कमजोर लोगों और बच्चों के प्रति विशेष संवेदनशील थे और देश के विकास को हमेशा प्राथमिकता देते थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू के संकल्पों को दोहराते हुए उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। साथ ही बाल दिवस के अवसर पर छात्रों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा, जिला सचिव जया सिंकु, जानवी कुदादा, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, नगर उपाध्यक्ष मोहम्मद ऐसान, नगर महासचिव मोहम्मद शहजादा, वरिष्ठ कांग्रेसी विक्रमादित्य सुंडी, मेवालाल होनहागा, पोन्डेराम सामाड, विजय सिंह तुबिद, महीप कुदादा, प्रताप सिंह सावैयां, सुशील दास और तिलक पान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

चक्रधरपुर स्टेशन का नया भवन जनवरी में खुलेगा, यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएँ

चक्रधरपुर स्टेशन का नया भवन जनवरी में खुलेगा, यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएँ

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर वासियों और रेल यात्रियों को नए साल में बड़ी सौगात मिलने वाली है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार चक्रधरपुर स्टेशन के नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। जनवरी में इस नए भवन को औपचारिक रूप से जनता और यात्रियों को समर्पित किया जाएगा।

नए स्टेशन भवन में यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। दिव्यांगों के लिए फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट की व्यवस्था होगी, जबकि आम यात्रियों के लिए एस्केलेटर लगाए जाएंगे। भवन के अंदर आरक्षण एवं टिकट काउंटर, स्टेशन कार्यालय, पैनल रूम, आरपीएफ कार्यालय, प्रतीक्षालय, भोजनालय और पेयजल की बेहतर सुविधा रहेगी।

स्टेशन के बाहर वाहन पार्किंग की व्यवस्था के साथ झारखंड की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। नए भवन के घनी आबादी वाले क्षेत्र में होने से यात्रियों को स्टेशन तक पहुँचने में ओवरब्रिज या अंडरब्रिज की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे दूरी भी कम होगी।

पुराने स्टेशन भवन और वीआईपी गेट का भी पुनर्विकास किया जाएगा। इससे सड़क यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। नया स्टेशन भवन चक्रधरपुर की छवि को निखारेगा और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

टोंटो में अबुआ आवास के लाभुकों का गृह प्रवेश, मंत्री दीपक बिरुवा ने किया शुभारंभ

टोंटो में अबुआ आवास के लाभुकों का गृह प्रवेश, मंत्री दीपक बिरुवा ने किया शुभारंभ

झींकपानी : टोंटो प्रखंड की सिरिंगसिया पंचायत के ग्राम सिरिंगसिया में अबुआ आवास योजना के लाभुक सुशीला लागुरी का गृह प्रवेश गुरुवार को मंत्री दीपक बिरुवा ने कराया। इसके अलावा टोंटो की बड़ाझींकपानी पंचायत और केंजरा के अन्य लाभुकों का भी गृह प्रवेश संपन्न हुआ।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों को आवास योजना का लाभ देकर उनका सपना पूरा कर रही है। कार्यक्रम में टोंटो प्रखंड प्रमुख अनिता बारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित कुमार भगत, संबंधित पंचायतों के मुखिया और लाभुक उपस्थित थे।

उपायुक्त ने टोंटो और नोआमुंडी में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण, नामांकन और सुविधाओं की समीक्षा की

उपायुक्त ने टोंटो और नोआमुंडी में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण, नामांकन और सुविधाओं की समीक्षा की

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा के साथ एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय टोंटो और नोआमुंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों के छात्रों ने स्वागत गीत गाकर उनका अभिनंदन किया।

टोंटो (पेरेंट) परिसर से हाटगम्हरिया (सिस्टर) और नोआमुंडी (पेरेंट) परिसर से मनोहरपुर (सिस्टर) एकलव्य विद्यालयों का संचालन हो रहा है। टोंटो और हाटगम्हरिया में कक्षा 6, 7 और 8 के लिए कुल 180 छात्रों का नामांकन हो चुका है, जबकि नोआमुंडी और मनोहरपुर में 81 छात्रों का नामांकन हुआ है। नामांकन प्रक्रिया जारी है और सभी आवेदकों को कक्षाएं शुरू होने की सूचना दे दी गई है। सिंहभूम प्रमंडल के अन्य जिलों से भी छात्र प्रवेश ले रहे हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 11 नए एकलव्य आवासीय आदर्श विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं, जिनमें पांच पेरेंट और पांच सिस्टर विद्यालय शामिल हैं। अध्यापन कार्य शुरू करने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, छात्रावास, रसोई और डाइनिंग हॉल का जायजा लिया। साथ ही छात्रों के सुरक्षित आवास, पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय विद्यालयों में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की और छात्रों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। टोंटो-हाटगम्हरिया में 8 अतिथि शिक्षक और 13 चतुर्थ वर्ग कर्मी तथा नोआमुंडी-मनोहरपुर में 10 अतिथि शिक्षक और 10 चतुर्थ वर्ग कर्मी प्रतिनियुक्त हैं। जिन अतिथि शिक्षकों ने योगदान नहीं दिया है, उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची से नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।

विद्यालयों में रहने, खाने और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री जैसे खाद्य पदार्थ, बर्तन, पठन-पाठन सामग्री, कंबल और चादर की आपूर्ति पूरी कर ली गई है। नामांकन बढ़ने के साथ छात्रों की पोशाक और किताबों की आपूर्ति के लिए भी आदेश जारी कर दिए गए हैं।

खरसावां विधायक ने मुख्यमंत्री से सड़क सुधार योजना पर की मुलाकात

खरसावां विधायक ने मुख्यमंत्री से सड़क सुधार योजना पर की मुलाकात

खरसावां : खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने गुरुवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। उन्होंने खरसावां–कुचाई–दलभंगा मार्ग की राइडिंग क्वालिटी सुधारने के लिए योजना को स्वीकृति देने का आग्रह किया। विधायक ने बताया कि 21 करोड़ रुपये की प्राक्कलित लागत वाली यह योजना विभाग में विचाराधीन है। उनके अनुसार, सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। बैठक में विधायक ने अन्य सड़कों के जीर्णोद्धार की मांग भी रखी और क्षेत्र की समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

झारखंड स्थापना दिवस पर चक्रधरपुर में साइकिल रैली: उपायुक्त ने दिया एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

झारखंड स्थापना दिवस पर चक्रधरपुर में साइकिल रैली: उपायुक्त ने दिया एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

चक्रधरपुर : झारखंड राज्य के 25वें स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर “Know Your Tourist Place” कार्यक्रम के तहत गुरुवार को चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय से साइकिल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व जिला दंडाधिकारी-cum-उपायुक्त चंदन कुमार ने किया।

Group of Cyclists की यह रैली शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय कर केरा मंदिर तक पहुँची। उपायुक्त चंदन कुमार ने स्वयं साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण और एकता का संदेश दिया। उन्होंने राज्य की 25वीं वर्षगांठ पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रशासन विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रैली में अनुमंडल पदाधिकारी पोड़ाहाट-चक्रधरपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी समेत कई विभागीय अधिकारी और साइकिल प्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जन सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।

मनोहपुर में 14 नवंबर को आठ घंटे बिजली कटौती

मनोहपुर में 14 नवंबर को आठ घंटे बिजली कटौती

मनोहपुर : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 नवंबर 2025 (शुक्रवार) को 33/11 केवी मनोहपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

यह कटौती 11 केवी के दो ब्रेकरों के अधिष्ठापन और मरम्मती कार्य के कारण की जाएगी। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।

प्रभावित क्षेत्र:
मनोहपुर, मनोहपुर बाजार, छोटानागरा, जराइकेला, पोटका और पोसीता।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि आवश्यक कार्य समय से पहले पूरा कर लें। यह कार्य विद्युत प्रणाली को अधिक सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने के लिए किया जा रहा है।

आपात स्थिति में संपर्क:

मनोहपुर कॉल सेंटर: 9430737846

सहायक विद्युत अभियंता, चक्रधरपुर: 9431135942